Home Blog Page 81

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संकट का सामना कर रहीं महिलाओं के लिये केन्द्रों का गठन करेगी सरकार: स्मृति ईरानी

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे मानव तस्करी के गठजोड़ से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने ऐसे केंद्र स्थापित करने का फैसला किया है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संकट में फंसी महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा मिल सके.

मानव तस्करी के उन्मूलन पर राष्ट्रीय परामर्श के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि मानव तस्करी (रोकथाम, देखभाल और पुनर्वास) विधेयक, 2021 के पारित होने के साथ, सरकार सीमा पार तस्करी से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाएगी.

कार्यक्रम का आयोजन कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाउंडेशन और उसके सहयोगी समूह ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ द्वारा किया गया.

ईरानी ने कहा, ‘ हमने तस्करी संबंधी अंतरराष्ट्रीय गठजोड़ पर, विदेश मंत्रालय के साथ साझेदारी के तहत उन महिलाओं के लिए केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परेशानी या संकट में हैं ताकि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा मिल सके.’

मंत्री ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि विधेयक के पारित होने से हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उस सहयोग को बढ़ाएंगे ताकि सीमा पार तस्करी से निपटाजा सके, जो महिलाओं और बच्चों की तस्करी के संबंध में चिंता का प्रमुख विषय है.’

Tokyo Olympics: सिंधू सेमीफाइनल में, पदक से एक कदम दूर

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने तोक्यो ओलंपिक की महिला एकल स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 56 मिनट में 21 . 13 , 22 . 20 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया.

रियो ओलंपिक 2016 की रजत पदक विजेता ने इस तरह बैडमिंटन में पहले ओलंपिक स्वर्ण पदक की उम्मीद बनाये रखी.

अब उनका सामना थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन और चीनी ताइपे की ताई जु यिंग के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा.

मौजूदा विश्व चैम्पियन सिंधू ने दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी यामागुची के खिलाफ 11 – 7 के जीत के रिकार्ड का फायदा उठाकर पहला गेम महज 23 मिनट में 21 . 13 से अपने नाम कर लिया.

दूसरे गेम में यामागुची ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया और 33 मिनट में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह पक्की की.

पाकिस्तान : जनरल बाजवा का बड़ा बयान, कहा- पाक और चीन की बढ़ती साझेदारी को क्षेत्रीय शांति के लिए बताया अहम

जनरल बाजवा ने चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की स्थापना की 94वीं वर्षगांठ के मौक़े पर कहा कि बदलते सुरक्षा परिवेश में क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए पाकिस्तान और चीन के बीच साझेदारी तेजी से अहम होती जा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सेना ‘एकजुट’ होकर अपने साझा हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.

पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए आयोजित किए गए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने कहा, “हमारा अतीत और वर्तमान इस बात की गवाही देता है कि हम चुनौतियों के सामने कभी हार नहीं मानते. पीएलए और पाकिस्तानी सेना आपस में जुड़ी हुई हैं और हमारे संबंध अपने साझा हितों की रक्षा के लिए योगदान देना जारी रखेंगे.” दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों के विभिन्न पहलूओं को स्पष्ट करते हुए बाजवा ने कहा कि पाकिस्तान-चीन की साझेदारी अनोखी और मजबूत है और चुनौतियों के समय ये साबित हुआ है.

उन्होंने चीन की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की भूमिका की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान में चीन के राजदूत और चीनी दूतावास के दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में चीन के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चीन और पाकिस्तान रणनीतिक साझेदार और मजबूत साथी हैं. दुनिया की स्थिति में कैसा भी बदलाव आए, हम हमेशा अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की सुरक्षा को बनाने में हमेशा साथ रहेंगे.

Mumbai : धारावी के एक लाख निवासियों को टीका लगाएंगे सिटी, जसलोक हॉस्पिटल

विदेशी बैंक सिटी और निजी अस्पताल जसलोक हॉस्पिटल ने बृहस्पतिवार को एक अभियान की घोषणा की जिसके तहत अगले दो महीने में शहर के धारावी स्लम क्षेत्र के एक लाख से ज्यादा निवासियों को कोविड-19 का टीके लगाया जाएगा.

धारावी कोविड-19 की पहली लहर से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले इलाकों में से एक था.

‘उम्मीद धारावी के लिए’ पहल मंगलवार को शुरू हो गयी और इसके तहत जसलोक हॉस्पिटल के स्वास्थ्य कर्मी धारावी के निम्न आय वर्ग के लोगों को हफ्ते में छह दिन टीके लगाएंगे. सिटी बैंक के दक्षिण एशिया क्षेत्र के लिए वैश्विक जन-सम्पर्क मामलों के प्रमुख देवाशीष घोष ने कहा कि यह पहल हमारे इस विश्वास से निकली है कि ‘ हम तभी सुरक्षित हैं, जब हम सभी सुरक्षित हैं.’ उन्होंने इससे जुड़ने के लिए जसलोक अस्पताल और स्थानीय निकाय के अधिकारियों का आभार जताया.

Tokyo Olympics : मनु और राही 25 मीटर पिस्टल फाइनल्स में जगह बनाने से चूकी

तोक्यो ओलंपिक की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा जब मनु भाकर और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में प्रवेश से चूक गई.

प्रिसीजन दौर के बाद 292 स्कोर करके मनु कल छठे स्थान पर थी लेकिन रैपिड दौर के बाद वह शुक्रवार को कुल 582 स्कोर करके 15वें स्थान पर रही. रैपिड दौर में उनका स्कोर 290 रहा.

वहीं ओलंपिक से ठीक पहले क्रोएशिया में विश्व कप में इसी स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाली राही ने प्रिसीजन में 287 और रैपिड में 286 स्कोर किया जिसके बाद वह कुल 573 के स्कोर के साथ 32वें स्थान पर रहीं.

बुल्गारिया की अंतोआनेता कोस्तादिनोवा ने 590 स्कोर करके पहला स्थान हासिल किया. चीन की जियारूइशुआन 587 के स्कोर के साथ दूसरे और रूसी ओलंपिक समिति की वितालिना बी 586 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं.

शीर्ष आठ निशानेबाजों ने फाइनल्स के लिये क्वालीफाई किया और आठवें स्थान पर रही कोरिया की किम मिनजुंग का स्कोर मनु से दो अधिक था.

भारत के 15 सदस्यीय निशानेबाजी दल में से अभी तक सिर्फ सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल) फाइनल्स में जगह बना सके लेकिन क्वालीफिकेशन में शीर्ष रहने के बाद फाइनल में सातवें स्थान पर रहे.

अब सिर्फ 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा बची है जिसमें महिला वर्ग में अंजुम मुद्गिल और तेजस्विनी सावंत जबकि पुरूष वर्ग में संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर भारतीय चुनौती पेश करेंगे.

राहुल गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को चिट्ठी लिखकर किसानों के लिए मांगी फसल ऋण चुकाने की राहत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरूवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को चिट्ठी लिखकर उनसे किसानों द्वारा लिए गए अल्पकालिक फसल ऋणों के भुगतान के लिए दी गई मोहलत को 31 दिसंबर 2021 तक बढ़ाने का आग्रह किया है. गांधी ने ऐसे ऋणों पर सभी दंडात्मक ब्याज से छूट की भी मांग की. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण समूचे देश के किसान गंभीर आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि केरल में उनके निर्वाचन क्षेत्र वायनाड में बड़ी संख्या में छोटे और हाशिये पर पड़े किसान रहते हैं. उन्होंने कहा कि केरल का एक बड़ा हिस्सा 2018 और 2019 में लगातार दो वर्ष आई बाढ़ों से तबाह हो गया है. गांधी ने कहा, “किसान इससे उबर ही रहे थे कि कोविड महामारी आ गई. इसने किसानों की परेशानी को काफी बढ़ा दिया. फिलहाल, किसान ब्याज छूट योजना के तहत रियायती दर पर अल्प अवधि का फसल ऋण लेते हैं.”

उन्होंने कहा, “ कई बार लगाए गए लॉकडाउन, आपूर्ति श्रृंखला में अड़चन और बाजार तक समिति पहुंच जैसे कई कारकों की वजह से किसानों की आय बुरी तरह से प्रभावित हुई है.” गांधी ने कहा कि बढ़ते कर्ज के साथ-साथ भावी आर्थिक अनिश्चितता ने किसानों की वक्त पर कर्ज चुकाने की क्षमता को प्रभावित किया है.

उन्होंने कहा कि उन्हें उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों और संगठनों से ज्ञापन मिले हैं जिसमें अल्पकालिक ऋण को चुकाने पर स्थगन की गुजारिश की गई है. गांधी ने कहा, “ पूरे भारत में करोड़ों किसान इसी हालत में हैं. इस पृष्ठभूमि में, मैं आपसे अल्पकालिक फसल ऋणों के भुगतान के लिए दी गई मोहलत को 31 दिसंबर 2021 तक विस्तार देने और सभी दंडात्मक ब्याज माफ करने के लिए हस्तेक्षप का आग्रह करता हूं.”

बिहार सरकार को अपने स्तर पर जाति आधारित जनगणना करानी चाहिए: तेजस्वी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जाति आधारित जनगणना की मांग को दोहराते हुए प्रदेश की नीतीश कुमार सरकार से कहा कि अगर केंद्र अपना रुख स्पष्ट नहीं करता तो राज्य सरकार अपने स्तर पर यह जनगणना करवाए.

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन अपने लाए कार्य स्थगन प्रस्ताव को सदन अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा द्वारा समय की कमी का हवाला देते हुए खारिज किए जाने के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए राजद नेता तेजस्वी ने कहा कि बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों ने पहले भी कई बार जाति आधारित जनगणना का समर्थन किया है, जिसके मद्देनजर केंद्र पर इसको लेकर दबाव बनाया जाना चाहिए.

केंद्र ने हाल ही में संसद को सूचित किया था कि वह केवल अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए जाति आधारित जनगणना पर विचार कर रहा है जिसको लेकर माना जा रहा है कि संख्यात्मक रूप से शक्तिशाली अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और पारंपरिक रूप से प्रभावशाली उच्च जातियों को इस जनगणना के दायरे में नहीं लाया जाएगा.

तेजस्वी ने कहा, ‘ हम लोगों का पहला सुझाव है कि विधानसभा का एक शिष्टमंडल जिसमें मेरे साथ ही और सभी दलों के सदस्य शामिल रहेंगे. शिष्टमंडल मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से समय लेकर उनसे मिलें तथा उनके समक्ष अपनी इस मांग को रखें.’

उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री इसमें असमर्थता व्यक्त करते हैं, तो ‘ हमलोगों का दूसरा सुझाव यह होगा कि राज्य सरकार सभी जातियों की जनगणना करे जैसे कर्नाटक ने कुछ समय पहले किया था.’

तेजस्वी ने कहा, ‘विपक्षी दलों के नेताओं की फिर से बैठक होने वाली है और हम लोग बैठक में यह निर्णय लेने जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांग को रखेंगे.’

गौरतलब है कि सामाजिक और शैक्षिक सर्वेक्षण जिसे जाति आधारित जनगणना के समकक्ष के रूप में देखा जाता है, उसे 2015 में दक्षिणी राज्य में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा कराया गया था.

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा कथित तौर पर संसद के अंदर ‘‘बिहारी गुंडा’’ शब्द का इस्तेमाल किये जाने के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी ने कहा, ‘‘अगर कोई इस तरह की टिप्पणी करता है तो मैं केवल खेद व्यक्त कर सकता हूं. राज्य का एक गौरवशाली अतीत रहा है और राष्ट्र निर्माण में इसका योगदान अद्वितीय है.’’

फिलिपींस के राष्ट्रपति की चेतावनी, टीका ना लगवाने वाले लोगों को घर में ही रहना होगा

फिलिपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने आगाह किया कि Covid-19 रोधी टीका लगाने से मना करने वाले नागरिकों को कोरोना वायरस के अधिक संक्रामक ‘डेल्टा’ स्वरूप से बचाए रखने के मद्देनजर घर से निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

दुतेर्ते ने बुधवार रात कहा कि इस पाबंदी को अनिवार्य बनाने के लिए कोई कानून नहीं है लेकिन वह देश में संक्रमण फैलाने वाले लोगों को व्यवस्था के दायरे में रखने के लिए मुकदमों का सामना करने को तैयार हैं.

राष्ट्रपति ने कहा कि वे लोग जो टीके नहीं लगवाना चाहते ‘‘ मुझे उनकी परवाह है, लेकिन ऐसे वे कभी भी खुद को खतरे में डाल सकते हैं.’’

फिलिपींस हालांकि टीकों की कमी का सामना कर रहा है. देश में करीब 70 लाख लोगों का पूर्ण टीकाकरण हुआ है और 1.1 करोड़ से अधिक लोगों को पहली खुराक दी जा चुकी है.

डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर के चलते कोरोना संक्रमित मरीजों में बढ़ा ब्रेन स्ट्रोक का खतरा

एक रिसर्च से खुलासा हुआ है कि हाइपरटेंशन और डायबिटीज से पीड़ित कोविड-19 के मरीजों को स्ट्रोक का ज्यादा खतरा होता है. ब्रेन कम्युनिकेशंस जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक यूके में कोविड-19 से संबंधित न्यूरोलॉजिकल और मनोरोग संबंधी समस्याओं के 267 मामलों की जांच की गई. रिसर्च को साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय में किया गया था. शोधकर्ताओं ने पाया कि 267 मामलों में से, स्ट्रोक सबसे अधिक बार दर्ज की गई स्थिति थी, जिसने लगभग आधे रोगियों को प्रभावित किया.

60 वर्ष से कम उम्र के रोगियों में एक चौथाई से अधिक स्ट्रोक हुए, जिनमें से कई मरीजों में परिवर्तनीय जोखिम कारक का पता चला, जिसका मतलब हुआ कि मरीज पहले से ही स्ट्रोक के जोखिम में थे. डिलीरियम, मनोरोग संबंधी घटनाएं और दिमाग को नुकसान के दूसरे सबूत अन्य सामान्य स्थितियों में पाए गए. 10 प्रतिशत से अधिक रोगियों ने एक से अधिक न्यूरोलॉजिकल स्थिति का अनुभव किया, और इन रोगियों को गहन देखभाल और वेंटिलेशन की आवश्यकता होने की अधिक संभावना थी.

शोधकर्ता एमी रॉस-रसेल ने बताया, “हमने कितनी अलग-अलग न्यूरोलॉजिकल और मनोरोग संबंधी घटनाओं को देखा, बल्कि ये भी देखा कि उमें से कुछ स्थितियां एक ही रोगियों के भीतर एक साथ हुईं. इससे पता चलता है कि कोविड की बीमारी एक ही रोगी में तंत्रिका तंत्र के कई हिस्सों को प्रभावित कर सकती है. इसलिए ये समझना महत्वपूर्ण है कि कोविड के दौरान कुछ स्ट्रोक क्यों होते हैं.” नतीजे से पता चलता है कि कोविड स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ाता है और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय कम कर सकते हैं, जिसमें डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से बचने के लिए जीवनशैली में सुधार, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर पर नियंत्रण, टीकाकरण और अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों के जरिए गंभीर कोविड के जोखिम से बचना शामिल है.

वायुसेना ने पूर्वी वायु कमान की 101 स्क्वाड्रन में औपचारिक रूप से राफेल लड़ाकू विमानों को शामिल किया

भारतीय वायु सेना ने पश्चिम बंगाल के हासीमारा वायुसैनिक अड्डे पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर के एस भदौरिया की उपस्थिति में पूर्वी वायु कमान की 101 स्क्वाड्रन में औपचारिक तौर पर राफेल लड़ाकू विमानों को शामिल किया है.

101 स्क्वाड्रन वायुसेना की राफेल लड़ाकू विमानों से सुसज्जित दूसरी स्क्वाड्रन है. पिछले साल सितंबर में राफेल लड़ाकू विमानों को 17 “ग्लोबल ऐरो” स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था.

वायु सैनिक अड्डे पर कर्मियों को संबोधित करते हुए वायुसेना प्रमुख भदौरिया ने कहा कि हासीमारा में राफेल विमानों को सुनियोजित रूप से तैनात किया गया है और ऐसा पूर्वी क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की क्षमताओं को मजबूत करने के महत्व को ध्यान में रखते हुए किया गया है.

भारत और चीन के बीच पिछले साल मई से ही पूर्वी लद्दाख में सीमा पर गतिरोध बना हुआ है. पूर्वोत्तर में चीन के साथ सिक्किम और अरूणाचल प्रदेश की सीमा लगती है.

वायुसेना द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक हासीमारा में राफेल विमानों के आगमन के मौके पर एक फ्लाईपास्ट भी किया गया जिसके बाद परंपरागत रूप से नए लड़ाकू विमान को पानी की बौछार से सलामी दी गई.

भदौरिया ने हासीमारा में अपने भाषण में 101 स्क्वाड्रन के स्वर्णिम इतिहास को याद किया जिसने “फाल्कन्स ऑफ चंबा और अखनूर” का शीर्षक हासिल किया है.

राफेल विमानों की पहली स्क्वाड्रन हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन पर तैनात है. भारत द्वारा लगभग 59,000 करोड़ रुपये की लागत से 36 विमानों की खरीद के लिए फ्रांस के साथ एक अंतर-सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर करने के लगभग चार साल बाद, अत्याधुनिक पांच राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप 29 जुलाई, 2020 को भारत पहुंची थी.