Home Blog Page 84

दैनिक भास्कर पर छापे को लेकर गहलोत का हमला, कहा- BJP आलोचना बर्दाशत नहीं कर सकती

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अखबार समूह दैनिक भास्कर और भारत समाचार न्यूज चैनल के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों की आलोचना की है. उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मीडिया को दबाने का प्रयास बताया है.

अशोक गहलोत ने कहा कि, “यह केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी की फासीवादी मानसिकता का परिचायक है.” उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में मीडिया समूह दैनिक भास्कर के जयपुर सहित विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर गुरुवार को छापे मारे.

गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘ दैनिक भास्कर अखबार और भारत समाचार न्यूज़ चैनल के कार्यालयों पर ‘इनकम टैक्स’ का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है. मोदी सरकार अपनी रत्तीभर आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकती है. यह बीजेपी की फासीवादी मानसिकता है जो लोकतंत्र में सच्चाई का आइना देखना भी पसंद नहीं करती.’’

गहलोत ने कहा, ‘‘ऐसी कार्रवाई कर मोदी सरकार मीडिया को दबाकर संदेश देना चाहती है कि यदि गोदी मीडिया नहीं बनेंगे तो आवाज कुचल दी जाएगी.’’

UP Assembly Election 2022 : यूपी चुनाव से पहले जमीन पर उतरे अखिलेश यादव, कहा- समाजवादी पार्टी ही बीजेपी का विकल्प

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘बीजेपी झूठी पार्टी है, इसे हटाइए.’ बुधवार को उन्नाव जिले के सरौसी गांव के मनोहर लाल इंटर कालेज में स्‍थापित पूर्व मंत्री मनोहर लाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उपस्थित समूह को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग झगड़ा लगाने का काम करते हैं. बीजेपी ने पंचायत चुनावों में नोट का इस्तेमाल किया और ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों के पद हथिया लिए. बीजेपी ने सरकारी संस्थाओं को बेच दिया है.

सपा प्रमुख बुधवार को क्रांति रथ पर सवार होकर लखनऊ से उन्नाव के लिए रवाना हुए और लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर उनका जगह-जगह भव्‍य स्‍वागत किया गया. उन्‍नाव में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ”बीजेपी सरकार के रहते नौजवानों की बेकारी बढ़ी, महंगाई बेलगाम हुई. साढ़े चार साल में एक फैक्ट्री प्रदेश में नहीं लगी है. लोगों को इस सरकार ने भुखमरी के कगार पर पहुंचा दिया है.” बीजेपी को सत्ता से हटाने का आह्वान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस बार 350 सीटें जीतेगी.

कई बार विधायक, सांसद और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रहे मनोहर लाल को नमन करते हुए यादव ने कहा कि आज यहां बड़ी रैली होनी थी जिसकी प्रशासन ने अनुमति नहीं दी. लेकिन जब कोविड खत्म होगा तो लाखों लोगों की रैली होगी. उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मनोहर लाल जीवनभर गरीबों, दलितों, पिछड़ों की आवाज उठाते रहे और उनके लिए संघर्ष करते रहे.

यादव ने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बहुत कम समय बचा है. बीजेपी ने जनता को बुरी तरह निराश किया है, इसलिए समाज के सभी वर्गों के लोग बीजेपी सरकार को हटाना चाहते है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही बीजेपी का विकल्प है. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार रही तो इसी तरह बेरोजगारी बढ़ती रहेगी. न नौकरी मिलेगी और न ही रोजगार मिलेगा. तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, वादा तो पूरा नहीं किया उल्टे मंहगाई इतनी बढ़ा दी कि जो मुफ्त में सिलेंडर मिले थे वह भी मंहगाई के चलते भराए नहीं जा सकते.

अखिलेश यादव ने कहा, ”बड़े बड़े कार्यक्रम करके उद्योग लाने के दावे किये गये थे लेकिन बताइए कितना निवेश आया. मंहगाई बढ़ा दी, किसान की आय दो गुनी कर नहीं पाए बल्कि उनकी आय कम कर दी है. रोजगार दिये नहीं बेरोजगारी बढ़ गयी.” कोरोना वायरस पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की नाकामी सबके सामने है, तीसरी लहर की चर्चा है पर बीजेपी सरकार इसके लिए क्या तैयारियां कर रही है, पता नहीं? उन्होंने कहा, ”बीजेपी झूठ बोलने वाली पार्टी है, वह गुमराह करती है. सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के समय जनता को अनाथ छोड़ दिया.”

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के समय नेताओं, पत्रकारों आदि कई लोगों की जासूसी की खबरें है. बीजेपी का राज्य विधानसभा, संसद तक भारी बहुमत है, फिर उसे जासूसी कराने की क्या जरूरत आ पड़ी? जासूसी करना दंडनीय अपराध है. बीजेपी के फैसले जनहित में नहीं है.

देश में 1 दिन में कोरोना के 42 हजार से ज्यादा केस, 3998 की गई जान

भारत में एक दिन में कोविड-19 से मौत के 3,998 मामले सामने आने के बाद देश में इस वैश्विक महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4,18,480 हो गई.

महाराष्ट्र के 14वीं बार संक्रमण के आंकड़ों का पुन: मिलान करने के कारण एक दिन में मौत के इतने मामले सामने आए हैं. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में संक्रमण के 42,015 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,12,16,337 हो गई.

मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र ने 14वीं बार राज्य में संक्रमण के आंकड़ों का मिलान किया, जिससे राज्य में संक्रमण के मामले 2,479 और उससे हुई मौत के मामलों की संख्या 3,509 बढ़ गई.

आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 4,07,170 हो गई, जो कुल मामलों का 1.30 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 1,040 की बढ़ोतरी हुई है. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.36 प्रतिशत है.

India vs Sri Lanka: भारत और श्रीलंका के बीच आज खेला जाएगा दूसरा वनडे, सीरीज जीतने पर है टीम इंडिया की नजर

भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा. शिखर धवन की अगुवाई में टीम इंडिया की नजर इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी. टीम ने पहला मुकाबला सात विकेट से जीत कर सीरीज में 1-0 की बढ़त ली थी. वहीं दसुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम दूसरे वनडे में जीत दर्ज कर सीरीज में बने रहने की कोशिश करेगी. पहले मैच में धवन ने नाबाद 86 रनों की कप्तानी पारी खेलते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उनके अलावा पृथ्वी शॉ (24 गेंदों पर 43 रन) और ईशान किशन (42 गेंदों पर 59 रन) ने इस मुकाबले में  टीम इंडिया की जीत की नींव रखी.

भारतीय समय के अनुसार दोपहर तीन बजे से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में ये मुकाबला खेला जाएगा. पहले वन डे में बल्लेबाजों के अलावा स्पिन जोड़ी कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने भी शानदार प्रदर्शन किया. लंबे समय बाद एक साथ टीम में खेल रही कुलचा के नाम से मशहूर इस जोड़ी ने अपनी सधी हुई गेंदबाजी से श्रीलंका के बल्लेबाजों को बांधे रखा. चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप ने 48 रन और चहल ने 52 रन देकर दो-दो विकेट लिए. श्रीलंका एक समय बड़े स्कोर की और बढ़ रही थी और उसने 16 ओवर में एक विकेट पर 85 रन बनाए थे लेकिन कुलदीप ने उसे दो झटके देकर मैच भारत की ओर मोड़ा. कप्तान धवन ने भी जीत के लिए स्पिनरों को श्रेय दिया था. पहले मैच में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लय में नजर नहीं आए. टीम को उनसे आज अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

दूसरी तरफ श्रीलंका की टीम जो चोट तथा निलंबन के कारण अपने शीर्ष खिलाड़ियों के बिना खेलने उतरी वह प्रदर्शन करने में नाकाम रही और उसकी कोशिश दूसरे वन डे को जीत सीरीज में वापसी करने पर होगी. इस बार श्रीलंका की तरफ से कुछ अलग रणनीति देखने को मिल सकती है.

आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच धीमी है और स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार है. ऐसे में दूसरे वनडे में एक बार फिर कुलदीप और चहल की जोड़ी कमाल दिखा सकती है. साथ ही क्रुणाल पांड्या ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की थी. तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी एक बार फिर उप कप्तान भुवनेश्वर कुमार और दीपक चाहर के कंधो पर रहेगी. इस मैच में टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग कर बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी.  

भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन- शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, इशान किशन (विकेटकीपर), मनीष पांडे, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल. 

श्रीलंका टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन- चरित असलंका, अविष्का फर्नांडो, भानुका राजापक्षे, मिनोड भानुका (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, दसुन शनाका (कप्तान), वनिन्दु हसारंगा, इसुरु उडाना, चमिका करुणारत्ने, लक्ष्मण संदाकन और दुशमंथा चमीरा.

Maharashtra : मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पंढरपुर मंदिर में की ‘महा पूजा’, कोविड की समाप्ति के लिए की प्रार्थना

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को ‘आषाढ़ी एकादशी’ के अवसर पर सोलापुर जिले के पंढरपुर में भगवान विट्ठल और देवी रुक्मिणी की ‘महा पूजा’ की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान से कोविड-19 की समाप्ति और सभी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘पंढरपुर में श्रद्धा का समुद्र हो और वारकरियों को फिर से पैदल ‘वारी’ करने की अनुमति दी जाए, इसके लिए, मैंने भगवान विट्ठल से कोविड-19 को खत्म करने और राज्य के लोगों को अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की. इस मौके पर उनके बेटे और राज्य के मंत्री आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल इस दिन लाखों वारकरी यहां आते थे, लेकिन उनमें से कई मंदिर के गर्भगृह में ‘दर्शन’ के लिए भी नहीं जा पाते थे और उन्हें बाहर से ही मंदिर के दर्शन करके घर लौटना पड़ता था. ठाकरे ने कहा, यह श्रद्धा ही है जो उन्हें यहां पैदल लेकर आती है और एक मजबूत नींव प्रदान करती है जिस पर राज्य और राष्ट्र खड़े होते हैं.

उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें पंढरपुर आने और ‘महा पूजा’ करने का मौका मिला. मंदिर के गर्भगृह की संरचना की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने सोलापुर जिले के अभिभावक मंत्री दत्तात्रेय भरणे से इस विरासत को दुनिया को दिखाने को कहा और इसके लिए एक परियोजना शुरू करने का सुझाव दिया. मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से पंढरपुर नगर परिषद को पांच करोड़ रुपये का चेक सौंपा.

आपको बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण राज्य सरकार ने पिछले साल से इस यात्रा को करने की इजाजत नहीं दी है.

Pegasus Spying Row : राहुल गांधी, प्रशांत किशोर, बीजेपी के दो मंत्री और प्रवीण तोगड़िया समेत इन लोगों के फोन नंबर थे निशाने पर

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, भारतीय जनता पाार्टी के मंत्रियों अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद सिंह पटेल, पूर्व निर्वाचन आयुक्त अशोक लवासा और चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर उन लोगों में शामिल हैं, जिनके फोन नंबरों को इजराइली स्पाइवेयर के जरिये हैकिंग के लिये सूचीबद्ध किया गया था. एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघ ने सोमवार को यह जानकारी दी.

‘द वायर’ न्यूज पोर्टल ने पेगासस प्रोजेक्ट नामक अंतरराष्ट्रीय संयुक्त पड़ताल के खुलासे के दूसरे भाग में बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी और भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई पर अप्रैल 2019 में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली उच्चतम न्यायालय की कर्मचारी और उसके रिश्तेदारों से जुड़े 11 फोन नंबर हैकरों के निशाने पर थे.

सरकार ने पेगासस का इस्तेमाल कर भारतीयों की जासूसी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि संसद के मॉनसून सत्र से ठीक पहले लगाये गए ये आरोप भारतीय लोकतंत्र की छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं.

लोकसभा में स्वत: संज्ञान के आधार पर दिये गए अपने बयान में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जब देश में नियंत्रण एवं निगरानी की व्यवस्था पहले से है तब अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से निगरानी संभव नहीं है.

वायर ने कहा है कि हाल ही में मंत्री बने वैष्णव का नंबर भी इजरायल स्थित एनएसओ समूह के एक ग्राहक द्वारा 2017-2019 के दौरान निगरानी के लिए संभावित लक्ष्य के रूप में सूचीबद्ध 300 सत्यापित भारतीय नंबरों में था.

पेगासस मामले में लोकसभा में वैष्णव के बयान के बावजूद मानसून सत्र के पहले दिन संसद में जमकर हंगामा हुआ. कांग्रेस ने इस प्रकरण को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की जांच की मांग की तो बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल पर निशाना साधा और दावा किया कि पेगासस जासूसी मामले से सत्तारूढ़ दल या मोदी सरकार को जोड़े जाने का एक भी साक्ष्य नहीं है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़े बयान में कहा कि कथित जासूसी के बारे में रिपोर्ट को कुछ लोगों ने आगे बढ़ाया है, जिनका एकमात्र उद्देश्य विश्व स्तर पर भारत को अपमानित करने के लिए हर संभव प्रयास करना है. शाह ने कहा, ‘‘यह विघटनकारियों की अवरोधकों के लिए रिपोर्ट है. विघटनकारी वैश्विक संगठन हैं जो भारत की प्रगति को पसंद नहीं करते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘अवरोधक भारत में राजनीतिक खिलाड़ी हैं जो नहीं चाहते कि भारत उन्नति करे. भारत के लोग इस ‘क्रोनोलॉजी’ और संबंध को अच्छे से समझते हैं.’’

‘द वायर’ ने पड़ताल के नए भाग को जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए कम से कम दो मोबाइल फोन नंबरों को “इजरायल के निगरानी प्रौद्योगिकी विक्रेता समूह एनएसओ के एक आधिकारिक भारतीय ग्राहक” द्वारा संभावित लक्ष्य के रूप में सूचीबद्ध किया गया था.

एमनेस्टी इंटरनेशनल की तकनीकी लैब द्वारा इस सूची से लिए गए फोन के क्रॉस-सेक्शन के फोरेंसिक निरीक्षण ने 37 उपकरणों में पेगासस स्पाइवेयर की उपस्थिति की पुष्टि की है, जिनमें से 10 भारत में हैं.

रिपोर्ट में कहा गया है कि गांधी उन लोगों में शामिल नहीं हैं, जिनके फोन नंबरों की जांच की गई क्योंकि उनके पास अब वे हैंडसेट नहीं हैं, जिनका इस्तेमाल उन्होंने उस समय किया था जब उनके नंबर को 2018 के मध्य से 2019 के मध्य तक निशाना बनाने के लिये चुना था.

रिपोर्ट के अनुसार फोरेंसिक जांच नहीं होने की सूरत में निश्चित रूप से यह स्थापित करना संभव नहीं है कि पेगासस को गांधी को निशाना बनाने के लिये कहा गया था या नहीं.

पेरिस स्थित गैर-लाभकारी मीडिया संगठन ‘फॉरबिडन स्टोरीज’ और अधिकार समूह एमनेस्टी द्वारा की गई एक जांच रिपोर्ट को भारत में ‘द वायर’ न्यूज पोर्टल और ‘वाशिंगटन पोस्ट’, द गार्जियन और ‘ले मोंडे’ सहित 16 अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों ने मीडिया पार्टनर के रूप में प्रकाशित किया है. रिपोर्ट में कहा गया है इजरायली निगरानी कंपनी एनएसओ समूह के पेगासस सॉफ्टवेयर के माध्यम से दुनिया भर से 50,000 से अधिक फोन नंबरों को निशाना बनाने के लिये सूचीबद्ध किया था.

‘द वायर’ ने कहा कि गांधी और केंद्रीय मंत्रियों वैष्णव और प्रहलाद सिंह पटेल के अलावा जिन लोगों के फोन नंबरों को निशाना बनाने के लिये सूचीबद्ध किया गया उनमें चुनाव पर नजर रखने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के संस्थापक जगदीप छोकर और शीर्ष वायरोलॉजिस्ट गगनदीप कांग शामिल हैं.

रिपोर्ट के अनुसार सूची में राजस्थान की मुख्यमंत्री रहते वसुंधरा राजे सिंधिया के निजी सचिव और संजय काचरू का नाम शामिल था, जो 2014 से 2019 के दौरान केन्द्रीय मंत्री के रूप में स्मृति ईरानी के पहले कार्यकाल के दौरान उनके विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) थे. इस सूची में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े अन्य जूनियर नेताओं और विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया का फोन नंबर भी शामिल था.

समाचार पोर्टल ने कहा कि सूची से पता चलता है कि चुनाव के कामकाज से जुड़े कई लोगों को भी संभावित निगरानी के लिए निशाने पर रखा गया था जिसमें लवासा भी शामिल हैं. लवासा 3 सदस्यीय चुनाव आयोग के एकमात्र सदस्य थे, जिन्होंने इस बात को माना था कि 2019 के आम चुनाव के लिए प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया था.

गांधी ने द वायर को बताया कि उन्हें अतीत में संदिग्ध व्हाट्सएप संदेश प्राप्त हुए थे और वह समय समय पर नंबर बदलते रहते थे, जिससे उन्हें निशाना बनाना ‘उनके लिये थोड़ा मुश्किल’ हो जाता था.

इस खबर पर उनकी प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने द वायर से कहा, “लक्षित निगरानी जिसके बारे में आप बता रहे हैं, वह मेरे संबंध में या विपक्ष के अन्य नेताओं या कानून का पालन करने वाले किसी अन्य भारतीय नागरिक के संबंध में अवैध और निंदनीय है.”

कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने कहा, “यदि आपकी सूचना सही है, यह मामला किसी व्यक्ति की गोपनीयता पर हमले से भी कहीं अधिक है. यह हमारे देश की लोकतांत्रिक नींव पर हमला है. इसकी पूरी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की पहचान करक उन्हें दंडित किया जाना चाहिए. “

UP Bakra Eid Guidelines: किसी भी सार्वजनिक स्थल पर बर्दाश्त नहीं होगी कुर्बानी-सीएम योगी आदित्यनाथ

कोरोना को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार बकरीद पर भी सख्ती रखने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री योगी ने टीम-09 के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश में 21 जुलाई को किसी भी सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी बर्दाश्त नहीं होगी. इसके साथ ही किसी भी जगह पर 50 या इससे अधिक लोगों को एकत्र नहीं होने दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए है कि वह सुनिश्चित करें कि बकरीद पर गोवंश व ऊंट की कुबार्नी न हो. प्रशासन यह भी देखें कि जानवरों की कुर्बानी सार्वजनिक स्थान पर न हो. कुबार्नी चिन्हित स्थलों व निजी परिसरों में की जाए. कुबार्नी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए.

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शहर के उलमा ने भी लोगों से अपील की है कि ईद की नमाज में 50 से अधिक लोग न एकत्र हो. उत्तर प्रदेश के कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कोरोना संक्रमण के कारण बकरीद की नमाज मोहल्ले की मस्जिदों में ही अदा करने की अपील की है. इसके अलावा लगातार दूसरे साल बकरीद पर ऊंटों की कुबार्नी नहीं की जाएगी, सरकार ने अब इस पर प्रतिबंध लगा दिया है. 

प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि बकरीद को देखते हुए सभी से अपील है कि वह कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें. खुली जगह पर कुबार्नी करने की बजाय बंद जगह पर करें. उन्होंने बताया, साफ-सफाई का भी ख्याल रखें और मस्जिदों में भीड़-भाड़ न करें, अपने मोहल्ले की मस्जिदों में ही नमाज पढ़ें.

इमाम ऐशबाग ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने लोगों से प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बाना न करने की भी अपील की है. मौलाना ने कुबार्नी के फोटो सोशल मीडिया पर न डालने को कहा है. मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने लोगों से घरों में नमाज अदा करने की अपली की है.

भारत को अमेरिकी नौसेना से मिलेंगे दो समुद्री निगरानी विमान, दोनों देशों के बीच मजबूत होगी भागेदारी

भारत को अमेरिकी नौसेना से दो एमएच-60आर सीहॉक समुद्री हेलीकॉप्टर और 10वां पी-8 पोसाइडन समुद्री निगरानी विमान मिलने वाला है, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग और उनकी नौसेनाओं के बीच पारस्परिक भागीदारी मजबूत होगी. अमेरिका के रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने जानकारी दी. 

भारतीय नौसेना अमेरिका के साथ विदेशी सैन्य बिक्री के तहत लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित कई भूमिकाओं को निभाने में सक्षम 24 एमएच-60आर हेलीकॉप्टर खरीद रही है, जिसकी कीमत करीब 2.4 अरब डॉलर है. अमेरिकी नौसेना से भारतीय नौसेना को हेलीकॉप्टरों के औपचारिक हस्तांतरण के लिए नेवल एयर स्टेशन नॉर्थ आइलैंड या एनएएस नॉर्थ आइलैंड, सैन डिएगो में शुक्रवार को एक समारोह आयोजित किया गया था.

पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा, ‘‘मंत्रालय (रक्षा मंत्रालय) भारतीय नौसेना में हमारे भागीदारों को बधाई देना चाहता है जिन्होंने पिछले सप्ताह अमेरिकी नौसेना से 24 एमएच-60आर सीहॉक समुद्री हेलीकॉप्टरों में से पहले दो और भारत के गोवा में हमारे 10वें बोइंग, पी-8 पोसाइडन समुद्री निगरानी विमान प्राप्त किए.’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत पहला देश है जो अमेरिका के बाहर हिंद-प्रशांत में निगरानी अभियानों के लिए पी-8 से संचालन करेगा. इन क्षमताओं से समुद्री सुरक्षा में काफी वृद्धि होगी और हमारी दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग और परस्पर संबंध मजबूत होंगे.’’

एमएच-60आर हेलीकॉप्टर हर मौसम में काम करने में सक्षम एक समुद्री हेलीकॉप्टर है जिसे अत्याधुनिक वैमानिकी के साथ कई अभियानों में सहयोग के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है. हेलीकाप्टरों को भी कई विशिष्ट उपकरणों और हथियारों से लैस किया जाएगा. भारतीय चालक दल का पहला जत्था अभी अमेरिका में प्रशिक्षण ले रहा है.

लॉकहीड मार्टिन इंडिया के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी विलियम ब्लेयर ने एक बयान में कहा, ‘‘एमएच-60आर संचालन के लिहाज से सबसे उन्नत समुद्री बहु-मिशन हेलीकॉप्टर है, यह विश्व स्तर पर सेवा दे रहा है और इसका प्रदर्शन अब तक किसी से कम नहीं रहा है. भारतीय नौसेना द्वारा रोमियो के चयन के जरिए टीम सीहॉक में भरोसा जताने की हम सराहना करते हैं.’’ 

भारत में मंत्रियों, पत्रकारों सहित कई अन्य के 300 से अधिक फोन नंबर किए गए हैक, रिपोर्ट में दावा

मीडिया संस्थानों के अंतरराष्ट्रीय संगठन ने खुलासा किया है कि केवल सरकारी एजेंसियों को ही बेचे जाने वाले इजराइल के जासूसी साफ्टवेयर के जरिए भारत के दो केन्द्रीय मंत्रियों, 40 से अधिक पत्रकारों, विपक्ष के तीन नेताओं और एक न्यायाधीश सहित बड़ी संख्या में कारोबारियों और अधिकार कार्यकर्ताओं के 300 से अधिक मोबाइल नंबर हो सकता है कि हैक किए गए हों।यह रिपोर्ट रविवार को सामने आई है। हालांकि सरकार ने अपने स्तर पर खास लोगों की निगरानी संबंधी आरोपों को खारिज किया है।

सरकार ने कहा,‘‘ इसका कोई ठोस आधार नहीं है या इससे जुड़ी कोई सच्चाई नहीं है।’’सरकार ने मीडिया रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा,‘‘ भारत एक मजबूत लोकतंत्र है और वह अपने सभी नागरिकों के निजता के अधिकार को मौलिक अधिकार के तौर पर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही सरकार ने ‘‘जांचकर्ता, अभियोजक और ज्यूरी की भूमिका’’ निभाने के प्रयास संबंधी मीडिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया।रिपोर्ट को भारत के न्यूज पोर्टल ‘द वायर’ के साथ-साथ वाशिंगटन पोस्ट, द गार्डियन और ले मोंडे सहित 16 अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों ने पेरिस के मीडिया गैर-लाभकारी संगठन फॉरबिडन स्टोरीज और राइट्स ग्रुप एमनेस्टी इंटरनेशनल द्वारा की गई एक जांच के लिए मीडिया पार्टनर के रूप में प्रकाशित किया है।यह जांच दुनिया भर से 50,000 से अधिक फोन नंबरों की लीक हुई सूची पर आधारित है और माना जाता है कि इजरायली निगरानी कंपनी एनएसओ ग्रुप के पीगैसस सॉफ्टवेयर के माध्यम से संभवतया इनकी हैकिंग की गई है।

द वायर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मीडिया जांच परियोजना के हिस्से के रूप में किए गए फोरेंसिक परीक्षणों में 37 फोन को पीगैसस जासूसी साफ्टवेयर द्वारा निशाना बनाए जाने के स्पष्ट संकेत मिले हैं, जिनमें से 10 भारतीय हैं।यह रिपोर्ट ऐसे वक्त में आई है जब सोमवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है,यह मुद्दा संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में उठाया जा सकता है।

विपक्ष के कुछ नेता इस मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगत प्रस्ताव भी पेश कर सकते हैं।द वायर ने कहा कि इन आंकड़ों में भारत के जो नंबर हैं उनमें 40 से अधिक पत्रकार, तीन प्रमुख विपक्षी हस्तियां, एक संवैधानिक अधिकारी, नरेन्द्र मोदी सरकार के दो मंत्री, सुरक्षा संगठनों के वर्तमान और पूर्व प्रमुख और अधिकारी,एक न्यायाधीश और कई करोबारियों के नंबर शामिल हैं।सरकार ने रिपोर्ट का जवाब देते हुए, मीडिया संगठन को दिए गए अपने जवाब का उल्लेख किया और कहा कि भारत द्वारा व्हाट्सएप पर पीगैसेस के उपयोग के संबंध में इस प्रकार के दावे अतीत में भी किए गए थे और उन रिपोर्ट का भी कोई तथ्यात्मक आधार नहीं था और भारतीय उच्च न्यायालय में व्हाट्सएप सहित सभी पक्षों ने इससे इनकार किया था।

सरकार ने कहा कि एक स्थापित प्रक्रिया है जिसके जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक संवाद को केन्द्र या राज्यों की एजेंसियों द्वारा कानूनी रूप से हासिल किया जाता है और यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि किसी भी कंप्यूटर संसाधन से सूचना को हासिल करना,उसकी निगरानी करना तय कानूनी प्रक्रिया के तहत हो।द वायर के अनुसार लीक आंकडों में बड़े मीडिया संगठनों हिंदुस्तान टाइम्स, इंडिया टुडे,नेटवर्क 18, द हिंदू, इंडियन एक्सप्रेस के अनेक जाने माने पत्रकार के नंबर शामिल हैं।”(भाषा)

मुंबई में बारिश बनी मुसीबत, चेंबूर-विक्रोली-भांडुप में दीवार गिरने से कई लोगों ने गवाई जान

मुंबई और आसपास इलाकों में बारिश मुसीबत का सबब बन गई है. लगातार हो रही बारिश के चलते जहां एक तरफ़ जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है तो वहीं भूस्खलन की वजह से मुंबई के कई इलाकों में बड़ी दुर्घटना भी सामने आई है. चेंबूर के वाशी नाका के न्यू भारत नगर में भूस्खलन में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई.

मिली जानकारी के मुताबिक़ भारी बारिश के कारण मुंबई के विखरोली उपनगर में देर रात करीब ढाई बजे भूस्खलन के बाद पांच मकान ढह जाने से उसमें रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भेजा गया है.

पीएम मोदी ने मुंबई के चेंबूर और विक्रोली में दीवार गिरने से लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा, ‘दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्दी स्वस्थ हो जाएं. मुंबई में दीवार गिरने से जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे. घायलों को 50-50 हजार दिए जाएंगे.’

मौसम विभाग ने मुंबई में आज रेड अलर्ट जारी किया है. आज दिनभर जबरदस्त बारिश होने का अनुमान है. ठाणे, पालघर और रायगड में भी आज बारिश का जबरदस्त कहर दिख रहा है. मुंबई के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है. रातभर लोग घर से पानी बाहर निकालने में जुटे रहे. अंधेरी और आसपास के निचले इलाकों में पानी भर चुका है. दादर में इतना पानी भर गया कि बेस्ट की बसें आधी से ज्यादा डूबी हुई दिखाई दे रही हैं. कांदिवली की कई दुकानों में पानी भर गया है, जिससे लाखों का माल खराब हो गया.

चेंबूर में एनडीआरएफ इंस्पेक्टर राहुल रघुवंश ने बताया, ‘हमें सुबह 5 बजे सूचना मिली थी, उसके बाद मौके पर पहुंचकर हमने 2 शव निकाले. 10 शव यहां के लोगों ने पहले निकाले थे. लोगों के हिसाब से अभी 7-8 और लोग मलबे में फंसे हुए हैं. ऑपरेशन करीब 3-4 घंटे और चलेगा.’ 

मुंबई में भारी बारिश के कारण शहर में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है और लोकल ट्रेन सेवा स्थगित कर दी गई है. रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण पटरियों में जलभराव के कारण वित्तीय राजधानी में मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है. इस बारिश ने 26 जुलाई 2005 को 24 घंटे हुई बारिश के दौरान के 944 मिमी वर्षा होने की याद दिला दी.