Home Blog Page 93

कोरोना की दूसरी लहर से मुकाबले के लिए युद्धस्तर पर हो रहा काम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Covid-19 महामारी को एक अदृश्य दुश्मन करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार इस महामारी की दूसरी लहर से मुकाबले के लिए युद्धस्तर पर कार्यरत है. उन्होंने भरोसा जताया कि देश इस लड़ाई में विजय हासिल करेगा.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) के तहत आर्थिक लाभ की आठवीं किस्त जारी करने के बाद वीडियो कांफ्रेंस से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे मोदी ने टीके को कोरोना से बचाव का बहुत बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि देश भर में टीकों की 18 करोड़ से अधिक खुराक लोगों को दी जा चुकी है.

उन्होंने कहा, ‘‘100 साल बाद आई इतनी भीषण महामारी कदम-कदम पर दुनिया की परीक्षा ले रही है. हमारे सामने एक बहुत अदृश्य दुश्मन है और यह दुश्मन बहुरूपिया भी है. इसके कारण हम अपने बहुत से करीबियों को खो चुके हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीते कुछ समय से जो कष्ट देशवासियों ने सहा है और जिस दर्द से वह गुजरे हैं, वह मैं भी उतना ही महसूस कर रहा हूं.’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कोरोना की दूसरी लहर से मुकाबले में संसाधनों से जुड़े जो भी गतिरोध थे उन्हें तेजी से दूर किया जा रहा है और युद्धस्तर पर काम करने का प्रयास हो रहा है.’’

अपनी बारी आने पर टीकाकरण कराने का आग्रह करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीका बचाव का एक बहुत बड़ा माध्यम है.

मोदी ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार और सारी राज्य सरकारें मिल कर यह निरंतर प्रयास कर रही हैं कि ज्यादा से ज्यादा देशवासियों को तेजी से टीका लग पाए. देश भर में अभी तक टीके की करीब 18 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं.’’

उन्होंने कहा कि देश के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मी, एंबुलेंस ड्राइवर, लैब कर्मचारी, सभी एक-एक जीवन को बचाने के लिए चौबीसों घंटे जुटे हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज देश में जरूरी दवाओं की आपूर्ति बढ़ाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है.’’ देश के अलग-अलग हिस्सों में तेजी से ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं और तीनों सेनाएं भी कोविड के खिलाफ जंग में लगातार सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहीं हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘ऑक्सीजन रेल ने कोरोना के खिलाफ बहुत बड़ी ताकत दी है. देश के दूरदराज के हिस्सों में यह विशेष ट्रेनें ऑक्सीजन पहुंचाने में जुटी हैं. ऑक्सीजन टैंकर ले जाने वाले ड्राइवर बिना रुके काम कर रहे हैं.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के समय दवाइयां और जरूरी वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी में भी कुछ लोग अपने निहित स्वार्थ के कारण लगे हुए हैं. इसे मानवता के खिलाफ बताते हुए उन्होंने राज्य सरकारों से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा.

उन्होंने कहा, ‘‘भारत हिम्मत हारने वाला देश नहीं है. ना भारत हिम्मत हारेगा, ना कोई भारतवासी हिम्मत हारेंगे. हम लड़ेंगे और जीतेंगे.’’

फ़िल्म ‘राधे’ को लेकर सलमान की फैंस से खास अपील, कहा- ‘नो पाइरेसी प्लीज’

फ़िल्म अभिनेता सलमान खान ने राधे: ”योर मोस्ट वांटेड भाई” के रिलीज़ होने से पहले ही फैंस से सही प्लेटफॉर्म पर फिल्म देखने की अपील की है. ग़ौरतलब है कि पहले इस फ़िल्म को देश भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की योजना थी लेकिन Covid -19 के चलते अब इसे 13 मई को ईद के मौके पर डीटीएच सेवाओं, ओटीटी प्लेटफॉर्मों और चुनिंदा सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा.

सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ”मनोरंजन में पायरेसी के लिये कोई जगह नहीं.”

साथ ही उनका कहना था कि एक फिल्म को बनाने में अनेक लोगों की मेहनत लगती है और दुख होता है जब लोग पायरेसी के जरिये फिल्म देखते हैं.

सलमान खान ने यह भी कहा कि मैं चाहता हूं कि आप वादा करें कि आप सही प्लेटफॉर्म पर फिल्म का आनंद लेंगे. इस बार हम ईद पर दर्शकों से एक वादा चाहते हैं. मनोरंजन में पायरेसी के लिये कोई जगह नहीं.”

आपको बता दें कि प्रभुदेवा द्वारा निर्देशित फिल्म में दिशा पाटनी, जैकी श्रॉफ, रणदीप हुड्डा और गौतम गुलाटी भी अभिनय करते नजर आएंगे.

Gujarat में Covid-19 दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिये एक लाख से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

गुजरात में हाल ही में संक्रमण के मामलों में हुई वृद्धि के मद्देनजर Covid-19 दिशा-निर्देशों का सख्ती से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिये एक लाख से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

एक अधिकारी ने कहा कि राज्य में कम से कम 56 हजार पुलिसकर्मियों, राज्य रिजर्व पुलिस के पांच हजार कर्मियों, 13 हजार से अधिक होमगार्ड और ग्राम रक्षक दल (जीआरडी) के 30 हजार जवानों को तैनात किया गया है.

गुजरात सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिये मंगलवार को 36 शहरों में रात्रि कर्फ्यू तथा दिन के समय लगने वाली पाबंदियों को एक और सप्ताह के लिये बढ़ा दिया था.

एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि गुजरात के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने मंगलवार को डिजिटल माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें राज्य सरकार द्वारा जारी नियमों तथा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

गुजरात में मंगलवार को संक्रमण के 10,990 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 7,03,594 हो गई. इसके अलावा 118 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद बढ़कर 8,629 हो गई है.

हरियाणा : भिवानी में ग्रामीणों ने बनाया कोविड अस्पताल, मरीज़ों का होगा नि:शुल्क इलाज

0

हरियाणा के भिवानी जिले के एक गांव में ग्रामीणों ने Covid-19 महामारी के इलाज के लिये अपने स्तर पर 21 बिस्तरों वाले अस्पताल की व्यवस्था की है जहां ऑक्सीजन एवं दवाईयां भी उपलब्ध करायी जायेंगी.

कोरोना वायरस संक्रमितों को गांव में ही हर सुविधा उपलब्ध कराने के लिये भिवानी जिले के लेघां हेतवान और लेघां भानान के लोगों ने 21 बिस्तरों वाले इस अस्पताल की व्यवस्था की है.

ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर अस्पताल शुरू किये जाने की सूचना के बाद जिलाधीश राहुल नरवाल के निर्देशानुसार एसडीएम सुरेश रवीश कुमार ने बुधवार को अस्पताल का जायजा लिया.

ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि समस्त ग्रामवासियों ने मिलकर कोविड रोगियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए समुचित प्रबंध किए हैं और अस्पताल की व्यवस्था की गयी है.

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त आक्सीजन और दवाईयां भी मरीजों को अपने स्तर पर उपलब्ध करवाई जाएंगी. उन्होंने बताया कि संक्रमित रोगियों को अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी की भी व्यवस्था की गई है. इस अस्पताल में संक्रमित रोगियों का नि:शुल्क उपचार किया जायेगा.

एसडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अस्पताल में शीघ्र डॉक्टर की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल के लिए आवश्यकता पडऩे पर प्रशासन द्वारा हरसंभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी.

Coronavirus : देश में एक दिन में रिकॉर्ड 4,205 लोगों की मौत, 3.48 लाख नए मामले आए सामने

देश में कोरोना वायरस संक्रमण से एक दिन में सर्वाधिक 4,205 लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,54,197 हो गई, जबकि संक्रमण के 3,48,421 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,33,40,938 हो गई.

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मामले कम होकर 37,04,099 हो गए, जो संक्रमण के कुल मामलों का 15.87 प्रतिशत है, जबकि संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर सुधरकर 83.04 प्रतिशत हो गई है.

आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1,93,82,642 लोग संक्रमित होने के बाद ठीक हो चुके हैं, जबकि मृत्युदर 1.09 प्रतिशत है.

देश में Covid-19 के मामले पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख की संख्या पार कर गए थे. इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे.

वैश्विक महामारी के मामले पिछले साल 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ की संख्या पार कर गए थे. भारत में महामारी के मामले चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 11 मई तक 30,75,83,991 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 19,83,804 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई. जिन 4,205 और लोगों की मौत हुई है, उनमें से महाराष्ट्र में 793, कर्नाटक में 480, दिल्ली में 347, उत्तर प्रदेश में 301, तमिलनाडु में 298, पंजाब में 214, छत्तीसगढ़ में 199, राजस्थान में 169, हरियाणा में 144, पश्चिम बंगाल में 132, गुजरात और उत्तराखंड में 118-118, आंध्रप्रदेश में 108 और झारखंड में 103 लोगों शामिल थे.

देश में अब तक कुल 2,54,197 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 77,191, दिल्ली में 20,010, कर्नाटक में 19,852, तमिलनाडु में 16,178, उत्तर प्रदेश में 16,043, पश्चिम बंगाल में 12,593, छत्तीसगढ़ में 10,941 और पंजाब में 10,918 लोगों की मौत हुई है.

महाराष्ट्र में Mucormycosis के 2,000 से अधिक मामले हो सकते हैं : राजेश टोपे

महाराष्ट्र सरकार ने म्यूकोरमाइकोसिस (Mucormycosis) के मामलों का उपचार करने के लिए मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों का उपयोग करने का फैसला किया है जोकि Covid-19 मरीजों को प्रभावित कर रहा है. हालांकि, इसके कम ही मामले सामने आए हैं. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Maharashtra Health Minister Rajesh Tope) ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में म्यूकोरमाइकोसिस के 2000 से अधिक मरीज हो सकते हैं और Covid-19 मरीजों के बढ़ते मामलों के बीच इनकी संख्या में भी अवश्य इजाफा होगा.

राजेश टोपे ने कहा कि म्यूकोरमाइकोसिस की मृत्यु दर 50 फीसदी है और यह उन Covid-19 मरीजों को अपनी चपेट में लेता है जिनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता कम है या वे पहले ही अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं. म्यूकोरमाइकोसिस को काला कवक के नाम से भी पहचाना जाता है.

महाराष्ट्र : पुणे में Covid-19 के 7,714 नए मामले आए, 142 मौतें हुईं

महाराष्ट्र के पुणे जिले में मंगलवार को कोरोना वायरस के 7,714 नए मामले सामने आए, जिससे जिले में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 9,33,516 हो गए, जबकि संक्रमण के कारण 142 और मरीजों की मौत हो गई.

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी महाराष्ट्र जिले में संक्रमण के कारण 142 रोगियों की मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 14,642 हो गई.

अधिकारी ने बताया कि दिन में 3,486 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई.

Covid-19 : भदोही के अभिषेक पाण्डेय के प्रयास से महाराष्ट्र के डाक्टर्स ने बढ़ाए भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र में कोरोना रोकने के लिए हाथ

उत्तर प्रदेश के भीतर बढते कोरोना के संकट ने राज्य सरकार के लिए चिंता बढा दी है, दिन रात काम कर रहे अधिकारियो और डाक्टर्स की मेहनत के बाद भी कोरोना के केसेस कम करने में बहुत सफलता हाथ नही लग रही है, इस बीच तीसरी लहर की आशंका ने राज्य में एक बार फिर लोगों के चेहरे पर तनाव बढा दिया है.

राज्य के भीतर काम कर रहे अधिकारियो की मदद के लिए समाज विकास मंच सामने आया है और यूपी के तीन जिलो में हर संभव मदद की पेशकश की है जिसमें भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल है.

इस कोविड की लड़ाई में दिन रात काम कर रहे मिर्जापुर के डिविजनल कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र को एक्सपर्ट सलाह दिलाने की पेशकश संस्था के अध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय ने की जिसको कमिश्नर ने सकारात्मक उत्तर दिया और डिविजनल कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र की अगुआई में तीनो जिलो के जिला अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और मख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ डा. सुनिता दुबे और अभिषेक पाण्डेय की जूम मीटिंग हुई जिसमें कई मुद्दो पर चर्चा हुई.

भदोही की जिला अधिकारी अर्यका अखौरी ने आक्सीजन और मेडिकल को लेकर एक्सपर्ट राय जाना जिस पर डा सुनीता ने कहा कि वो हर संभव सपोर्ट के लिए तैयार है और अगर जरूरत पड़ी तो आक्सीजन भी मुहैय्या करने के लिए तैयार है तो मिर्जापुर और सोनभद्र के जिला अधिकारियो ने भी टेली आईसूयू को लगाने को लेकर इच्छा जताई.

मीटिंग के बाद कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्रा ने मीटिंग को सकारात्मक बताया और आगे भी जरूरत पड़ने पर कोविड लड़ाई में फिर से मीटिंग करने की बात कही.

समाज विकास मंच के अध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय ने सभी का आभार जताया और आगे भी इस कोविड की लड़ाई में अधिकारियो को हर संभव मदद की बात कही.

Covid-19 Vaccination : टीकाकरण अभियान नागरिकों तक पहुंचाने के प्रयास में जुटे बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी


बीजेपी सासंद श्री गोपाल शेट्टी ने उपायुक्त श्री विश्वास शंकरवार के साथ कांदिवली और बोरीवली के नागरिकों के लिए जल्द से जल्द और आसानी से लसीकरण कराने के लिए संयुक्त बैठक की. इस मीटिंग में हर वार्ड पर तुरंत लसीकरण केंद्र शुरू करने की लिए विस्तृत चर्चा हुई, साथ ही सीनियर सिटीजन के लिए कांदिवली स्थित ग्रोवेल मॉल में ड्राइव्ह-इन लसीकरण केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है.

इस अवसर पर कांदिवली के सहायुक्त आयुक्त श्री. संजय कुराडे जी, भाजपा जिल्हा अध्यक्ष श्री गणेश खनकर, मुंबई सचिव श्री ज्ञानमूर्ति शर्मा, उपाध्यक्ष युनुस खान, मनपा भाजपा उपनेता कमलेश यादव, नगरसेवक बाला तावड़े, प्रभाग समिति अध्यक्षा लीना दहेरकर, ग्रोवेल मॉल के प्रतिनिधि श्री अजय गुप्ता और अन्य लोग उपस्थिति थे.

Mucormycosis Patients का महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत होगा मुफ्त इलाज: राजेश टोपे

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Maharashtra Health Minister Rajesh Tope) ने कहा कि म्यूकोरमाइकोसिस (Mucormycosis) के मरीजों का इलाज राज्य सरकार की प्रमुख चिकित्सा बीमा योजना के तहत मुफ्त में किया जाएगा. म्यूकोरमाइकोसिस एक दुर्लभ कवक संक्रमण (rare fungal infection) होता है जो अब कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियाों (COVID-19 patients ) में सामने आ रहा है.

एक आधिकारिक बयान में टोपे के हवाले से कहा गया है कि म्यूकोरमाइकोसिस रोगियों को महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना (Mahatma Jyotiba Phule Jan Arogya Yojana) के तहत कवर किया जाएगा क्योंकि इस कवक संक्रमण से निपटने के लिए जरूरी दवाएं महंगी हैं.

बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजना के तहत शामिल 1,000 अस्पतालों में ऐसे मरीजों का मुफ्त इलाज किया जाएगा.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस बीमारी के लक्षण उन कोविड-19 रोगियों (COVID-19 patients ) में देखे जा रहे हैं जो मधुमेह (Diabetes)से पीड़ित हैं और जिनका मधुमेह नियंत्रण में नहीं है.

बयान में कहा गया कि टोपे ने मध्य महाराष्ट्र के जालना में मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत करते हुए यह टिप्पणी की.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि म्यूकोरमाइकोसिस रोगियों के इलाज के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इंजेक्शनों के बारे में शिकायतें हैं कि उन्हें वास्तविक कीमत से अधिक पर बेचा जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनकी दरों पर सीमा तय की जाएगी.