Home Blog Page 111

महाराष्ट्र : ठाणे में Covid-19 के 734 नए मामले, 5 और लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में Covid-19 के 734 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,63,014 हो गए.

अधिकारी ने बताया कि ये सभी नए मामले बृहस्पतिवार को सामने आए. उन्होंने बताया कि वायरस से पांच और लोगों की मौत के बाद, जिले में मृतक संख्या बढ़कर 6,256 हो गई. यहां कोविड-19 से मृत्यु दर 2.38 प्रतिशत हैं।

जिले में अभी तक 2,51,455 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, यहां मरीजों के ठीक होने की दर 95.61 प्रतिशत है. निकटवर्ती पालघर जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में कोविड-19 के अभी तक कुल 45,838 मामले सामने आए हैं और वायरस से 1,204 लोगों की मौत हुई है.

Australian Open Final: Novak Djokovic की नजरें 18वे, Daniil Medvedev की पहले ग्रैंडस्लैम खिताब पर

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच आस्ट्रेलियाई ओपन फाइनल में उतरेंगे तो उनकी नजरें मेलबर्न पार्क पर नौवे और कैरियर के 18वें ग्रैंडस्लैम पर लगी होंगी, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दानिल मेदवेदेव पहला खिताब जीतने की कोशिश में हैं.

जोकोविच से ज्यादा ग्रैंडस्लैम पुरूष टेनिस में रोजर फेडरर और रफेल नडाल ने जीते हैं जिनके नाम 20 खिताब हैं.

मेदवेदेव अमेरिकी ओपन फाइनल हार गए थे और इस बार वह पहले ग्रैंडस्लैम खिताब को जीतने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहते.

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे पता है कि उन्हें हराने के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. शायद पांच घंटे भी खेलना पड़ जाये और एक चूक भी भारी पड़ सकती है.’’ 

उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन ग्रैंडस्लैम फाइनल खेलना और वह भी जोकोविच जैसे खिलाड़ी के खिलाफ । यह ही अपने आप में सबसे बड़ी प्रेरणा है.’’ 

जोकोविच मई में 34 साल के हो गए और वह 15 साल से अपना दबदबा कायम करने वाले फेडरर तथा नडाल की जमात के खिलाड़ी हैं जबकि 25 वर्ष के मेदवेदेव विश्व टेनिस की अगली पौध के प्रतिनिधि हैं.

फेडरर, नडाल और जोकोविच ने मिलकर पिछले 15 में से 14 ग्रैंडस्लैम जीते हैं. डोमिनिक थीम ने पिछले साल अमेरिकी ओपन जीता था.

जोकोविच का आस्ट्रेलियाई ओपन सेमीफाइनल और फाइनल में रिकार्ड 17 . 0 का रहा है. अगर नडाल को लाल बजरी का बादशाह कहा जाता है तो मेलबर्न पार्क के धुरंधर जोकोविच हैं.

जोकोविच ने कहा ,‘‘ मैं यहां जितनी बार जीतता हूं, उतना ही अगली बार बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है.’’ 

दूसरी ओर दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी रूस के मेदवेदेव पिछले सत्र से लगातार 20 मैच जीत चुके हैं और 12 बार उन्होंने जोकोविच समेत शीर्ष दस में शामिल खिलाड़ियों को हराया है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को असम, बंगाल का दौरा करेंगे, कई योजनाओं का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को चुनावी राज्यों असम और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह तेल व गैस क्षेत्र के साथ रेलवे की कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी सोमवार को पहले असम के धेमाजी में आयोजित एक समारोह में तेल व गैस क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उसके बाद पश्चिम बंगाल के हुगली में कई रेल परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे.

असम में प्रधानमंत्री जिन तेल व गैस परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे उनमें बोंगाईगांव स्थित इंडियन ऑयल की इंडमैक्स (आईएनडीएमएएक्स) इकाई, डिब्रूगढ़ के मधुबन स्थित ऑयल इंडिया लिमिटेड का सहायक टैंक फार्म और तिनसुकिया के हेबेडा गांव का गैस कंप्रेसर स्टेशन शामिल है.

इस अवसर पर प्रधानमंत्री धेमाजी इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और सुआलकुची इंजीनियरिंग कॉलेज की अधारशिला भी रखेंगे.

पीएमओ के मुताबिक इन परियोजनाओं से ऊर्जा सुरक्षा और समृद्धि के क्षेत्र में एक युग की शुरुआत होगी और इनसे स्थानीय युवकों के लिए रोजगार की संभावनाओं के द्वार खुलेंगे.

इस अवसर पर असम के राज्यपाल जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान भी उपस्थित रहेंगे.

पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नोआपाड़ा और दक्षिणेश्वर के बीच मेट्रो की विस्तारित सेवा का उद्घाटन करेंगे और इस खंड पर हरी झंडी दिखाकर पहली ट्रेन को रवाना करेंगे. लगभग 4.1 किलोमीटर लंबे इस विस्तारित खंड के निर्माण पर 464 करोड़ रुपये की लागत आई है. यह पूरा खर्च केंद्र सरकार ने वहन किया है.

इसके अलावा प्रधानमंत्री दक्षिण पूर्व रेलवे के 132 किलोमीटर लंबे खड़गपुर-आदित्यपुर तीसरी लाइन परियोजना के तहत कलाईकुंडा और झाड़ग्राम के बीच 30 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन करेंगे. कलाईकुंडा और झाड़ग्राम के बीच चार स्टेशनों को पुन:विकसित किया गया है.

इस दौरान प्रधानमंत्री पूर्वी रेलवे के हावड़ा- बैंडेल-अजीमगंज खंड के तहत अजीमगंज और खारगराघाट रोड के बीच दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. साथ ही वह डानकुनी और बारुईपाड़ा के बीच चौथी लाइन और रसूलपुर और मागरा के बीच तीसरी रेल लाइन सेवा का लोकार्पण करेंगे.

पीएमओ के मुताबिक इन परियोजनाओं से लोगों को समय की बचत के साथ बेहतर परिवहन सेवा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को बल मिलेगा.

असम और पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं. असम में जहां भाजपा सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी है, वहीं पश्चिम बंगाल में उसका लक्ष्य सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाना है.

केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में Covid-19 के रोजाना के मामलों में वृद्धि : सरकार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में Covid-19 के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पिछले सात दिनों में छत्तीसगढ़ में वायरस संक्रमण के रोजाना के मामलों में वृद्धि हुई है. पिछले 24 घंटे में राज्य से 259 नए मामले आए हैं.

केरल में रोजाना संक्रमण के मामलों में वृद्धि होती जा रही है और पिछले एक सप्ताह में महाराष्ट्र में भी तेज बढ़ोतरी हुई है. इससे शनिवार को देश में संक्रमण के नए मामलों में इजाफा हुआ है.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोविड-19 के 6,112 नए मामले आए.’’ महाराष्ट्र की तरह पंजाब में भी रोजाना के मामले बढ़ रहे हैं जहां पिछले 24 घंटे में 383 नए मामले आए.

मंत्रालय ने कहा कि 13 फरवरी के बाद से मध्यप्रदेश में भी संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हुई है. पिछले 24 घंटे में राज्य से 297 नए मामले आए.

मंत्रालय ने कहा कि कोराना वायरस संक्रमण की कड़ी तोड़ने और इसके प्रसार पर रोक लगाने के लिए उचित व्यवहार अपनाए जाने की जरूरत है. केवल दो राज्यों महाराष्ट्र और केरल में कोविड-19 के 75.87 प्रतिशत उपचाराधीन मामले हैं.

मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश में संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई. इनमें तेलंगाना, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, असम, चंडीगढ़, लक्षद्वीप, मणिपुर, मेघालय, लद्दाख, मिजोरम, सिक्किम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव हैं.

मंत्रालय ने कहा कि सुबह आठ बजे तक अनंतिम रिपोर्ट के मुताबिक 2,22,313 सत्र में Covid-19 के 1,07,15,204 टीके दिए गए.

इनमें 63,28,479 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक दी गयी जबकि 8,47,161 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक दी गयी. इसके अलावा 35,39,564 अग्रिम मोर्चे के कर्मी भी हैं, जिन्हें पहली खुराक दी गयी.

पहली खुराक दिए जाने के 28 दिन होने पर 13 फरवरी से Covid-19 टीकाकरण के तहत दूसरी खुराक देने की शुरुआत की गयी। अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के लिए दो फरवरी से टीकाकरण शुरू हुआ.

मंत्रालय ने कहा कि नौ राज्यों में पांच लाख से ज्यादा खुराकें दी गयीं. इनमें उत्तरप्रदेश (11,52,042), महाराष्ट्र (8,60,386), गुजरात (8,56,657), राजस्थान (7,99,719), पश्चिम बंगाल (6,50,976), कर्नाटक (6,29,420), मध्य प्रदेश (6,26,391), बिहार (5,50,433) और ओडिशा (5,01,713) शामिल हैं.

देश में Covid-19 के 13,993 नए मामले, 101 लोगों की मौत

देश में Covid-19 के 13,993 नए मामले आने से शनिवार को संक्रमितों की संख्या 1,09,77,387 हो गयी जबकि 1,06,78,048 लोग स्वस्थ हो चुके हैं.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 13,993 नए मामले आए तथा संक्रमण से 101 और लोगों की मौत हो गयी.

देश में करीब 22 दिनों के बाद संक्रमण के 14,000 के आसपास मामले आए हैं. इससे पहले 29 जनवरी को 18,855 मामले आए थे.

संक्रमण से अब तक 1,06,78,048 लोगों के ठीक होने के साथ ही स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.27 प्रतिशत हो गयी है और मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है. उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1.5 लाख से नीचे है.

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में 1,43,127 उपचाराधीन मरीज हैं जो कि कुल मामलों का 1.27 प्रतिशत है.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी.

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, देश में 19 फरवरी तक 21,02,61,480 नमूनों की Covid-19 संबंधी जांच की जा चुकी है. इनमें से 7,86,618 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई

एक के बाद एक तीन धमाकों से दहला काबुल, पांच की मौत, दो घायल

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार को तीन अलग-अलग विस्फोटों में कम से कम पांच व्यक्तियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. 

काबुल पुलिस के प्रवक्ता फरदावस फरमर्ज ने कहा कि पहले दो विस्फोट 15 मिनट के अंतर पर हुए और एक विस्फोट दो घंटे बाद हुआ जिसमें पुलिस के एक वाहन को निशाना बनाया गया था. किसी भी समूह ने अभी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है.

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सकता कि विस्फोट कैसे हुए. हाल के महीनों में राजधानी काबुल में हुए बम हमलों में से अधिकतर में चुंबक का इस्तेमाल करते हुए उन्हें वाहनों में लगा दिया जाता है और फिर उनमें रिमोट कंट्रोल या टाइमर द्वारा विस्फोट किया जाता है.

दूसरे विस्फोट में उत्तर-पश्चिमी काबुल के एक इलाके में एक कार को निशाना बनाया गया जिसमें राष्ट्रीय सेना के सैनिक यात्रा कर रहे थे. धमाके में दो सैनिक मारे गए. इसमें वहां से गुजर रहा एक राहगीर भी मारा गया.

तीसरे विस्फोट में पश्चिमी काबुल में पुलिस की एक कार को निशाना बनाया गया जिसमें दो पुलिस अधिकारी मारे गए. इस बीच, पहले विस्फोट में एक नागरिक कार को निशाना बनाया गया, जिससे यात्री वाहन के अंदर बैठे दो लोग घायल हो गए. काबुल पुलिस ने कहा कि जांच चल रही है.

महाराष्ट्र : मौत के 16 महीने बाद पुलिस ने डीएनए से परिवार का पता लगाया

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के 16 महीने बाद पुलिस ने उसके डीएनए नमूने के आधार पर उसके परिवार का पता लगाया है.

अधिकारी ने बताया कि पालघर एवं बोइसर रेलवे स्टेशनों के बीच रेल की पटरी पर अक्टूबर 2019 में पुलिस को 32 साल के व्यक्ति का एक क्षत-विक्षत शव मिला था.

पालघर रेलवे पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक योगेश आत्माराम देवड़े ने बताया कि मृतक की पहचान उस वक्त नहीं हो सकी, लेकिन उसकी हड्हियों को मुंबई के एक प्रयोगशाला में डीएनए जांच के लिये संरक्षित कर लिया गया.

उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस इस मामले की अनुसंधान में जुटी हुयी थी. हम पास के गांवों में गये और स्थानीय लोगों से इस बारे में पूछताछ कि क्या उनके परिवार का कोई सदस्य लापता है. इसी दौरान कोलगांव के रहने वाले 58 साल के एक श्रमिक ने बताया कि उसका बेटा लापता है.’’

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद श्रमिक के रक्त का नमूना प्रयोगशाला में भेजा गया ओर डीएनए जांच में इस बात की पुष्टि हुयी कि मृतक उसका बेटा था.

देवड़े ने बताया, ‘‘पांच दिन पहले, प्रयोगशाला की तरफ से हमें सूचित किया गया कि मृतक के डीएनए का नमूना श्रमिक के नमूने के साथ मिल रहा है. इसके बाद उसके परिजन को इस बारे में सूचित किया गया.’’

राहुल, प्रियंका ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार के राज में महंगाई का विकास हो रहा है.

राहुल गांधी ने पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में वृद्धि का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘महंगाई का विकास!’’

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन’ कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो, क्योंकि महंगाई की मार के चलते बाकी दिन तो आमजनों के लिए ‘महंगे दिन’ हैं.’’

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गई, जबकि डीजल का दाम बढ़कर 80.60 रुपये प्रति लीटर हो गया.

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार 11वें दिन बढ़ोतरी की. शुक्रवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में 31 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 33 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई.

उप्र के नही है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वह बाहर से आये हैं : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के रहने वाले नही हैं, वह दूसरे प्रदेश से आये हैं लेकिन फिर भी यहां की जनता ने उन्हें स्वीकार किया है और प्रदेश की जनता को उन्हें धन्यवाद देना चाहिये.

अखिलेश ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि ‘अन्नदाता की खुशहाली दलालों को रास नहीं आ रही है, इतना बड़ा धोखा और इतना बड़ा झूठ, कोई सदन में बोल सकता है, मैं उनसे जानना चाहता हूं कि उनकी सरकार ने कितने किसानो को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलवा पायी है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मै उनसे जानना चाहता हूं कि क्या उनकी सरकार गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संतकबीर नगर, बस्ती, गोंडा और फैजाबाद जिलों में किसानों को क्या धान की एमएसपी दिला पायी है, किसी जिले में किसानों को दिला पाये है. पूरे उप्र में किस किस किसान को कितना एमएसपी दिया गया है, हम जानना चाहते है कि धान की क्या कीमत दी है आपने ।”

गौरतलब है कि शुक्रवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ‘‘अन्‍नदाता किसान को धोखा देकर ‘दलाली’ करने वाले लोग आज जरूर इस बात को लेकर चिंतित हैं कि पैसा सीधे उनके (किसानों ) खातों में क्‍यों जा रहा है. आज तो पर्ची भी किसानों के स्‍मार्ट फोन पर प्राप्‍त हो रही है। घोषित ‘दलाली’ का जो जरिया था वह भी समाप्‍त हो गया है.”

मुख्‍यमंत्री ने शुक्रवार को सदन से बहिर्गमन कर रहे सदस्‍यों की ओर इशारा करते हुए कहा था’ ये है वास्‍तविकता, ये है सच्‍चाई– ये सच्‍चाई इस बात को बताती है कि प्रतिपक्ष का हमारे अन्‍नदाता किसानों से कोई लेना देना नहीं है.’

अखिलेश ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उप्र के रहने वाले नही है, वह दूसरे प्रदेश से आये हैं लेकिन फिर भी यहां की जनता ने स्वीकार किया है और उन्हें प्रदेश की जनता को धन्यवाद देना चाहिये.’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘इस सरकार ने झूठ कहा कि गन्ना किसानों को सबसे अधिक भुगतान भाजपा सरकार में हुआ. उन्हें इसका सबूत देना चाहिए. इस सरकार ने अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी. लोगों की नौकरियां चली गईं और ये तीनों कृषि कानून इसलिए लाए गए हैं जिससे कि कृषि पर भी कुछ उद्योग घरानों का नियंत्रण स्थापित हो जाए.’’ भाजपा की सरकार में किसान और नौजवान सभी परेशान हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में खड़े होकर झूठ बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि योगी आरोप लगाते हैं कि सपा सरकार चीनी मिलों को बेच देना चाहती थी जबकि ऐसा नहीं था.

सपा अध्यक्ष ने कहा कि आरोप है कि समाजवादी पार्टी ने आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिये लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि सपा ने कभी अपने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और बलात्कारियों के मुद्दे कभी वापस नही लिय.

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्तमान भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और अगले चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है.

Army Recruitment Rally : बिहार और झारखंड के 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर,करें आवेदन

सेना में जाने की तैयारी कर रहे बिहार और झारखंड के 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है. भारतीय सेना सिपाही फार्मा पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन कर रही है. रैली में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन 01 मार्च 2021 तक कराया जा सकता है. यह रैली बिहार और झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए है.

रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि – 01 मार्च 2021

भर्ती रैली का स्थान- गढ़वाल ग्राउंड, कटिहार (बिहार)

भर्ती रैली की तिथि- 20-21 मार्च 2021

उम्र सीमा- 19-25 वर्ष

शैक्षिक योग्यता – 12वीं पास होने के साथ न्यूनतम 55 फीसदी अंकों के साथ डी फार्मा का सर्टिफिकेट

शारीरिक मापदंड
लंबाई – न्यूनतम 169 सेंटीमट होनी चाहिए
सीना- बिना फुलाए 77 सेंटीमीटर, फुलाने के बाद 75 सेंटीमीटर

विशेष छूट- सर्विसमैन, एक्स सर्विसमैन, शहीदों की विधवाओं, एक्स सर्विसमैन की विधवाओं को लंबाई में दो सेंटीमीटर, सीना में एक सेंटीमीटर और वजन में दो किलोग्राम की छूट मिलेगी. वहीं, खिलाड़ियों को लंबाई दो सेंटीमीटर, चेस्ट में तीन सेंटीमीटर और वजन में पांच किलोग्राम की छूट मिलेगी.

जरुरी डॉक्यूमेंट्स : एडमिट कार्ड, फोटोग्राफ, एजुकेशन सर्टिफिकेट, निवास, जाति, धर्म प्रमाण पत्र, कैरेक्टर, सर्टिफिकेट्स, एफिडेविट, सिंगल बैंक अकाउंट, पैन कार्ड और आधार कार्ड, रिलेशनशिप सर्टिफिकेट

अविवाहित होने का सर्टिफिकेट : नोटिफिकेशन के अनुसार अविवाहित होने का सर्टिफिकेट छह महीने से पुराना नहीं होना चाहिए. यह ग्राम सरपंच या म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से जारी जारी होना चाहिए.

चयन प्रक्रिया : रैली में फिजिकल फिटनेस और मेडिकल टेस्ट में पास होने के बाद तुरंत अभ्यर्थी को लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे. लिखित परीक्षा दो पेपर होंगे. दोनों में न्यूनतम 40-40% अंक हासिल करने अनिवार्य होंगे.