Home Blog Page 118

यूपी के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का विवादित बयान, ममता बनर्जी को बताया

उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘इस्लामिक आतंकवादियों की एजेंट’ करार देते हुए कहा है कि वह देश के लिए खतरा बन गई हैं.

संसदीय कार्य राज्य मंत्री शुक्ला ने बुधवार को जिले के दुबहर में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ‘ममता देश के लिए खतरा बन गई हैं. वह इस्लामिक आतंकवादियों की एजेंट हैं. ममता पश्चिम बंगाल में रोहिंग्या मुसलमानों और बांग्लादेश के लोगों का राशन कार्ड बनवा रही हैं. उनकी तमन्ना ग्रेटर बांग्लादेश बनाने की है.’

शुक्ला ने दावा किया, ‘अप्रैल माह में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन जायेगी और ममता का सपना धूल धूसरित हो जाएगा. पश्चिम बंगाल में सरकार बनते ही भाजपा एनआरसी को पूरे दमखम से लागू करेगी.’

किसान समूह ने जाह्नवी कपूर की फिल्म की शूटिंग रोकी, कुछ देर बाद फिर हुई बहाल

बस्सी पठाना में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘गुड लक जेरी’ की शूटिंग के दौरान किसानों का एक समूह वहां जमा हो गया और कलाकारों से समर्थन की मांग की. कपूर आनंद एल राय के ‘कलर येलो प्रोडक्शन’ के तहत बन रही फिल्म की शूटिंग कर रही हैं. इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ सेनगुप्ता कर रहे हैं.

बस्सी पठाना के डीएसपी सुखमिंदर सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई और करीब 20-30 किसान ‘शांतिपूर्ण’ प्रदर्शन के लिए फिल्म की सेट पर पहुंच गए. 11 जनवरी को फिल्म की शूटिंग करीब दो-तीन घंटों के लिए रूकी रही.

हालांकि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन था और किसान कलाकारों से समर्थन का आश्वासन चाहते थे और जब कलाकारों ने ऐसा किया तो फिल्म की शूटिंग फिर शुरू हो गई.

कपूर ने इंस्टाग्राम पर किसानों के समर्थन में ‘स्टोरी’ साझा की. इंस्टाग्राम पर स्टोरी वाला पोस्ट 24 घंटे के बाद हट जाता है. इस पोस्ट में अभिनेत्री ने लिखा था कि किसान देश का दिल हैं और वह उनके योगदान को समझती और जानती हैं तथा वही देश का पेट भरने में अहम भूमिका अदा करते हैं. अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही समाधान निकलेगा, जिससे किसानों का भला होगा. 

विशेष विवाह अधिनियम के तहत नोटिस का अनिवार्य प्रकाशन निजता के अधिकार का उल्लंघन : इलाहाबाद हाईकोर्ट

इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी के लिए संबंधित नोटिस को अनिवार्य रूप से प्रकाशित कराने को निजता के अधिकार का उल्लंघन मानते हुए इसे वैकल्पिक करार दिया है.

न्यायमूर्ति विवेक चौधरी की अदालत ने अभिषेक कुमार पांडे द्वारा दाखिल एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर बुधवार को सुनवाई करते हुए कहा कि विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी के लिए 30 दिन पहले नोटिस का अनिवार्य प्रकाशन कराना स्वतंत्रता और निजता के बुनियादी अधिकार का उल्लंघन है.

उन्होंने अपने आदेश में कहा कि नोटिस के अनिवार्य प्रकाशन से विवाहित जोड़े की अपने जीवनसाथी के चुनाव करने की स्वतंत्रता प्रभावित होगी.

पीठ ने कहा कि अब से विवाह के इच्छुक पक्षों के लिए यह वैकल्पिक होगा, उन्हें मैरिज अफसर को यह लिखित अनुरोध देना होगा कि वह अपने विवाह संबंधी नोटिस को प्रकाशित कराना चाहते हैं या नहीं.

पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, माघ बिहू की दी बधाई कहा- उत्तरायण सूर्यदेव जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि ये पर्व हर किसी के जीवन में सुख एवं समृद्धि के साथ नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार करें.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देशवासियों को मकर संक्रांति की बहुत-बहुत बधाई। मेरी कामना है कि उत्तरायण सूर्यदेव सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करें.’’ पोंगल की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह त्योहार तमिल संस्कृति की सर्वश्रेष्ठ झलक प्रस्तुत करता है.

उन्होंने कहा, ‘‘यह त्योहार हमें प्रकृति के साथ तालमेल बैठाकर जीने की प्रेरणा देता रहे और हर किसी में करुणा एवं दया का भाव मजबूत करता रहे.’’

माघ बिहू पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने गुजरात के लोगों को उत्तरायण की शुभकामनाएं दीं.

मकर संक्रांति एक ऐसा त्यौहार है जो अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नाम और तरीकों से मनाया जाता है. उत्तर भारत में इसे मकर संक्रांति कहा जाता है. इसे तमिलनाडु में पोंगल के नाम से जाना जाता है। असम में इसे माघ बिहू और गुजरात में इसे उत्तरायण कहते हैं.

पंजाब और हरियाणा में इस समय नई फसल का स्वागत किया जाता है और लोहड़ी पर्व मनाया जाता है. इस दिन पतंग उड़ाने का भी विशेष महत्व होता है और लोग बेहद आनंद और उल्लास के साथ पतंगबाजी करते हैं। गुजरात में इस दिन पतंगबाजी के बड़े-बड़े आयोजन किए जाते हैं.

संसदीय समिति ने शिक्षा मंत्रालय को दिया सुझाव, Board Exam में Question Bank से बाहर ना पूछें सवाल

संसद की एक समिति ने शिक्षा मंत्रालय को सुझाव दिया है कि 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को बड़ा ‘क्वेश्चन बैंक’ दिया जाए और बोर्ड परीक्षाओं में इन्हीं में से प्रश्न दिये जाएं. ताकि कोरोना वायरस महामारी के चलते पढ़ाई अधूरी रह जाने की भरपाई की जा सके.

शिक्षा से संबंधित स्थायी समिति से जुड़े सूत्रों ने बताया कि स्कूली शिक्षा पर COvid-19 के असर पर मंत्रालय के अधिकारियों ने समिति को जानकारी दी. ऐसी खबरें आती रही हैं कि इंटरनेट की सुविधा नहीं होने के कारण बहुत सारे बच्चे डिजिटल कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई नहीं कर पाए.

सूत्रों के मुताबिक, समिति के सदस्यों ने गरीब परिवारों के बच्चों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यावहारिकता पर भी सवाल खड़े किए. समिति के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मंत्रालय को विज्ञापनों और अन्य माध्यमों से दूरदर्शन-आकाशवाणी द्वारा विभिन्न विषयों की पढ़ाई का प्रसारण किए जाने का प्रचार-प्रसार करना चाहिए था.

सूत्रों ने बताया कि बीजेपी सांसद ने दूरदर्शन और आकाशवाणी को इंटरनेट सुविधा के मुकाबले ज्यादा किफायती करार दिया और कहा कि इन दोनों माध्यमों की देश में व्यापक पहुंच है.

बता दें कि शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि 10वीं और 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा इस बार पांच मई से 21 जून के बीच होगी.

अमेरिका : जानिए कौन है लीसा मॉन्टगोमरी और आख़िर क्यों दिया गया मौत का इंजेक्शन?

0

अमेरिका के कंसास में रहने वाली एक महिला लीसा मॉन्टगोमरी को एक गर्भवती महिला की गला दबा कर हत्या करने और गर्भ काट कर भ्रूण निकालने के जुर्म में मौत की सजा दी गई. अमेरिकी सरकार ने करीब सात दशक में पहली बार किसी महिला कैदी को मौत की सजा दी है. महिला कैदी 52 वर्षीय लीसा मॉन्टगोमरी को इंडियाना प्रांत के टेरे हौटे के संघीय जेल परिसर में जहरीला इंजेक्शन लगाए जाने के बाद रात 1:31 बजे मृत घोषत कर दिया गया.

मौत की सजा पर तामील होने की प्रक्रिया के दौरान मॉन्टगोमरी के पास खड़ी महिला ने झुक कर उसके चेहरे से मास्क हटाया और पूछा कि क्या उसे अंतिम बार कुछ कहना है. इस पर दोषी महिला ने कहा,‘‘नहीं.’’ महिला के वकील केली हेनरे ने कहा,‘‘लीसा को मौत की सजा देने की प्रक्रिया में शामिल लोगों को शर्म आनी चाहिए.’’

मामले के अनुसार मॉन्टगोमरी ने 2004 में मिसूरी के स्किडमोर शहर में 23 वर्षीय बॉबी जो स्टीनेट की हत्या कर दी थी. उसने एक रस्सी से बॉबी की गला दबा कर हत्या कर दी थी और एक चाकू से उसका पेट काट कर बच्ची को निकाल लिया था. उस वक्त बॉबी आठ माह की गर्भवती थी. बाद में मॉन्टगोमरी बच्ची को अपने साथ ले गई थी और उसे अपना बताने लगी.

लीसा मॉन्टगोमरी ऐसे 11वीं कैदी हैं जिन्हें जुलाई के बाद यह जहरीला इंजेक्शन इंजेक्शन दिया गया है. मौत की सजा के समर्थक डोनाल्ड ट्रंप ने 17 साल के बाद इस सजा की दोबारा शुरुआत की थी.

इलाहाबाद हाईकोर्ट का अहम फैसला, अनुकंपा के आधार पर विवाहित बेटी को भी नौकरी पाने का अधिकार

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फ़ैसला सुनाते हुए कहा कि अनुकंपा के आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्ति के लिए एक बेटी को मृतक सरकारी कर्मचारी के परिवार का सदस्य माना जाएगा, भले ही उस बेटी की वैवाहिक स्थिति जो भी हो. जस्टिस जेजे मुनीर ने मंजुल श्रीवास्तव नाम की एक महिला द्वारा दायर रिट याचिका पर सुनवाई के बाद पांच जनवरी को यह आदेश पारित किया.

मंजुल श्रीवास्तव ने प्रयागराज जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी के 25 जून, 2020 के आदेश को चुनौती दी थी जिसमें अधिकारी ने प्रदेश सरकार के 1974 के नियमों के तहत अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के उसके दावे को इसलिए खारिज कर दिया था क्योंकि उसका विवाह हो चुका है.

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा कि यदि एक शादीशुदा बेटा अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए पात्र है तो बेटी की उम्मीदवारी को उसके विवाहित होने के आधार पर खारिज करना भेदभावपूर्ण है.

कोर्ट ने कहा कि इससे पूर्व, विमला श्रीवास्तव के मामले में यह व्यवस्था दी गई थी कि अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए नियमों में ‘परिवार’ की परिभाषा से शादीशुदा बेटियों को बाहर रखना असंवैधानिक है और यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 का उल्लंघन है.

इसलिए, भले ही राज्य सरकार ने आज की तारीख तक इस नियम में संशोधन नहीं किया है, तो भी इस नियम को एक विवाहित बेटी के दावे पर निर्णय के लिए विद्यमान प्रावधान नहीं समझा जा सकता.

कोर्ट ने कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा दावे को खारिज करने का आदेश साफ तौर पर अवैध है. अदालत ने अधिकारी को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के याचिकाकर्ता के दावे पर कानून के मुताबिक और उसकी वैवाहिक स्थिति का संदर्भ लिए बगैर विचार करने और दो महीने के भीतर निर्णय करने का निर्देश दिया.

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के दामाद को ड्रग्स केस में NCB ने किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीर खान को ड्रग्स मामले NCB ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. खान सुबह लगभग 10 बजे दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट स्थित एनसीबी के कार्यालय पहुंचे थे जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की गई जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इस पूछताछ को लेकर एनसीबी के रीजनल डायरेक्टर अनिल जैन ने कहा कि समीर खान को आज करण सजनानी के फ़ॉलोअप केस में बुलाया गया था. करण सजनानी के पास काफी मात्रा में गांजा मिला था जिसके बाद उन्हें अरेस्ट किया गया था जिसके लिए समीर खान को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

जैन ने बताया कि हमने समीर खान को पूछताछ के लिए बुलाया है और हमारी टीम उनसे पूछताछ कर रही है. हमने कुछ दिन पहले करण सजनानी नाम के ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया था उसी की पूछताछ के दौरान समीर का नाम सामने आया था उसी सिलसिले में इनसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

बता दें ड्रग्स मामले के एक आरोपी और उनके बीच 20,000 रुपये का कथित ऑनलाइन लेन-देन का मामला सामने आने के बाद एजेंसी ने उन्हें तलब किया था. इस मामले में ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी और दो अन्य को पिछले सप्ताह 200 किलोग्राम मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया था.जब्त किए गए नशीले पदार्थों में गांजा, ‘ओजी कुश’ (एक प्रकार का भांग) और मारिजुआना जैसे मादक पदार्थ शामिल थे. उनमें से कुछ अमेरिका से लाए गए थे.

गौरतलब है कि NCB ने मंगलवार को मुंबई के प्रसिद्ध मुच्छड़ पानवाला दुकान के एक मालिक रामकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया था जिन्हें बुधवार को 15 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दे दी गई.

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के दामाद को NCB का नोटिस

बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन केस में अब महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के रिश्तेदार का नाम सामने आया है. ड्रग्स केस की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उद्धव ठाकरे सरकार में कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक के दामा समीर खान को नोटिस भेजा है और पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया है. नवाब नवाब मलिक की बेटी निलोफर के साथ समीर खान की शादी हुई है.

मुंबई में 200 किलो ड्रग जब्त करने के मामले में समीर खान को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का नोटिस भेजा गया है. कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीर खान को पूछताछ के लिए बुलाया है. एनसीबी सूत्रों के मुताबिक, समीर खान और ड्रग्स पैडलर करन सजनानी के बीच 20 हजार रुपये की लेन-देन हुई थी.

महाराष्ट्र : उद्धव सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे पर रेप का आरोप, महिला सिंगर ने बताया जान को खतरा

उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे पर एक महिला सिंगर ने गंभीर आरोप लगाए हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता धनंजय मुंडे पर सिंगर ने बलात्कार और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए दर्ज शिकायत की फोटो ट्वीट की. सिंगर ने महाराष्ट्र पुलिस पर उनके मामले को गंभीरता से न लेने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने अपने ट्वीट में मुंबई पुलिस, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए ओशिवारा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों पर मुंडे के खिलाफ उनकी शिकायत स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया है. सिंगर ने दावा किया है कि उनकी जान को खतरा है और अपने लिए मदद भी मांगी है.

सिंगर ने इस बारे में मुंबई पुलिस कमिश्वर परमबीर सिंह को भी पत्र लिखा है और शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का कहना है कि मामले में कोई भी एक्शन नहीं लिया गया है. लोकमत की रिपोर्ट के मुताबिक ओशिवारा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि एक महिला ने मामला दर्ज कराया है. हालांकि पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने उनका मामला नहीं दर्ज किया है. खबरों के मुताबिक 10 जनवरी को इस बारे में शिकायत दर्ज कराई गई थी और 11 जनवरी को मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

महिला सिंगर की शिकायत के मुताबिक धनंजय मुंडे सिंगर के जीजा हैं, जिन पर महिला सिंगर ने शादी करने के बहाने यौन शोषण और बलात्कार करने का आरोप लगाया है. महिला सिंगर ने लिखा है कि वो पहली बार 1997 में मध्य प्रदेश के इंदौर में अपने घर पर धनंजय मुंडे से मिली थीं. वो तब लगभग 16-17 साल की थी. शिकायत के मुताबिक धनंजय मुंडे ने 1998 में महिला सिंगर की बहन से शादी की थी.