Home Blog Page 137

ब्रिटेन में कोरोना वायरस के एक नए प्रकार से बढ़ा संक्रमण, रविवार से सख्त लॉकडाउन लागू

ब्रिटेन में कोरोना वायरस के एक नए प्रकार (स्ट्रेन) से संक्रमण की दर बढ़ने को लेकर रविवार से सख्त पाबंदियों के साथ लॉकडाउन लागू किया गया है, जिसके चलते लाखों लोग घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हो गए हैं. गैर-जरूरी वस्तुओं की दुकानें और प्रतिष्ठान भी बंद कर दिए गए हैं. माना जा रहा है कि कोरोना वायरस का नया प्रकार देश में संक्रमण को तेजी से फैलाने के लिए जिम्मेदार है.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शनिवार शाम नए सख्त प्रतिबंधों के बाबत घोषणा की थी. पांच दिवसीय प्रस्तावित ”क्रिसमस बबल” कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है. पहले क्रिसमस के कार्यक्रम के लिए प्रतिबंधों में ढील देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब जॉनसन ने प्रतिबंधों को और सख्त करने का फैसला लिया है.

जॉनसन ने शनिवार को कहा कि राजधानी और दक्षिणी इंग्लैंड के कई इलाके प्रतिबंधों की तीसरे श्रेणी के तहत आते हैं, जो काफी सख्त प्रतिबंध हैं. उन्होंने कहा कि अब इन्हें और सख्त करते हुए चौथे चरण के प्रतिबंध लागू किए जाएंगे.

प्रधानमंत्री ने कहा, ” ऐसा लगता है कि कोरोना वायरस के नए प्रकार के कारण संक्रमण का प्रसार बेहद तेजी से हो रहा है.” चौथे चरण के तहत, लोगों को अपने घर के बाहर किसी भी अन्य व्यक्ति से मिलने-जुलने पर रोक रहेगी. यह रोक क्रिसमस के दौरान भी लागू रहेगी.

इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में हल्के प्रतिबंध लागू हैं, वहां भी क्रिसमस के दौरान केवल 25 दिसंबर के दिन तीन परिवारों को एकत्र होने की छूट रहेगी. हालांकि, यह छूट अब पांच दिन के लिए नहीं होगी. इस बीच, इंग्लैंड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रोफेसर क्रिस विट्टी ने कहा, ” हमने विश्व स्वास्थ्य संगठन को सतर्क किया है और वायरस के नए प्रकार के बारे में और समझने के लिए उपलब्ध जानकारी का अध्ययन कर रहे हैं.”

गुजरात: स्वास्थ्य बीमा कार्ड फर्जीवाड़े में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

गुजरात सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कम आय वर्ग के लोगों के लिए जारी किए गए 35 लाभार्थी कार्ड प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर फर्जी आय प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल करने को लेकर वडोदरा में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि ये सातों लोग एजेट हैं, जिन्होंने वडोदरा में शहरी स्वास्थ्य केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री अमृतम योजना के तहत जारी किए गए स्वास्थ्य कार्ड फर्जीवाड़ा कर हासिल किए थे.

उन्होंने बताया कि कार्ड प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किए गए आय प्रमाणपत्रों की जांच से पता चला कि वडोदरा पूर्व के मामलतदार कार्यालय ने उनमें से कोई भी प्रमाणपत्र जारी नहीं किया था.

उन्होंने बताया सभी सात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है.

भदोही में नियुक्ति की मांग पर 63 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं सफाईकर्मी

भदोही जिले में सफाई कर्मियों की नियुक्ति की मांग को लेकर सफाईकर्मी संघर्ष समिति के पिछले 63 दिनों से विकास भवन में चल रहे आंदोलन ने रविवार को गति पकड़ ली. कड़ाके की ठंड में सात आंदोलनकारी आमरण अनशन पर भी बैठे हैं.

सफाईकर्मी संघर्ष समिति की अध्‍यक्ष दिव्‍या पाठक भी अनशन पर बैठी हैं. अनशनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ से हस्‍तक्षेप की मांग की है.

आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रदेश में एक मात्र भदोही ऐसा जिला है जहां 12 वर्ष बीत गये लेकिन एक भी सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं हुई. वर्ष 2008 में राज्‍य सरकार ने सफाईकर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी.

आंदोलन का नेतृत्‍व कर रहीं दिव्‍या पाठक ने कहा ” जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक उनका आंदोलन चलता रहेगा.”

इस संदर्भ में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने रविवार को बताया कि जिले में सफाईकर्मियों की कमी है और शासन को पत्र भेजकर निर्देश मांगा गया है. जिलाधिकारी ने कहा कि ”वह खुद अनशन स्‍थल पर गये थे और आंदोलनकारियों से अनशन समाप्‍त करने का अनुरोध किया है.”

प्रसाद ने कहा कि शासन को वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया है और जैसा आदेश मिलेगा उसी अनुरूप कार्रवाई की जाएगी. उन्‍होंने कहा कि सफाईकर्मियों की भर्ती पर रोक शासन स्‍तर से ही लगी है. सफाईकर्मी संघर्ष समिति का मांग पत्र भी शासन को भेजा गया है.

आंदोलनकारियों का कहना है कि अब तक 30 कार्यकर्ता आंदोलन के दौरान बीमार होकर अस्‍पताल जा चुके हैं लेकिन किसी का हौसला टूटा नहीं है.

जिला पंचायत राज अधिकारी बालेश्वर धर द्विवेदी ने बताया कि साल 2008 में प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सफाई कर्मी की भर्ती शुरू हुई. भदोही जिले के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी दीपिका दुग्गल ने 1264 पद के लिए आवेदन मांगे थे जिसमें तेरह लाख से ज़्यादा लोगों ने आवेदन कर दिया.

द्विवेदी ने बताया कि 5678 लोगों का टेस्‍ट लेने के साथ साईकिल चलाना और कई गाँव के नालों की सफाई करवाई गई. उसी बीच चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के आरोप में तत्कालीन जिला पंचायत राज अधिकारी एनके सिंह और आरडी राम को निलंबित कर दिया गया और चयन प्रक्रिया रुक गई. अभ्यर्थियों द्वारा हाईकोर्ट की शरण लिए जाने के बाद साल 2014 में शासन ने इस प्रक्रिया को निरस्त कर चयन पर रोक लगा दी है.

महाराष्ट्र में सामने आये कोविड-19 के 3,811 नए मामले, 2,064 मरीज ठीक हुए, 98 की मौत

महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 (Covid-19) के 3,811 नए मरीज सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 18,96,518 तक पहुंच गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में इस बीमारी के कारण 98 और लोगों की जान जाने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 48,746 हो गई.

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक़ दिन के दौरान ठीक होने के बाद कुल 2,064 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिसके साथ ही अबतक 17,83,905 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. राज्य में फिलहाल 62,743 मरीजों का इलाज चल रहा है.

महाराष्ट्र में अब तक कुल 1,21,19,196 लोगों की कोविड-19 जांच हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग के बयान के अनुसार राज्य में इस महामारी के मरीजों के स्वस्थ होने की दर 94.06 फीसद तक पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर 2.57 फीसद है.

मुम्बई में और 586 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही शहर में इस महामारी के मामले 2,86,850 हो गये। शहर में 16 और मरीजों की मौत के साथ ही यहां अब तक 10,996 लोग इस वायरस के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं.

मुम्बई समेत मुम्बई महानगर क्षेत्र में कोविड-19 के 1113 नये मरीज सामने आने के साथ कुल संक्रमित 6,49,065 हो गये तथा 32 और मरीजों की जान चले जाने से अब तक महानगर क्षेत्र में 18,859 लोगों की इस जानलेवा वायरस के चलते मौत हो चुकी है.

इसके अलावा पुणे में 339, पिंपरी चिंचवड़ में 99, नासिक में 204 और नागपुर में कोविड-19 के 374 नये मामले सामने आये.

मुजफ्फरनगर : शादी के एक महीने बाद पति-पत्नी ने की खुदकुशी की कोशिश, महिला की मौत, युवक की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के सुहेली गांव में रविवार को पति-पत्नी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया जिस वजह से महिला की मौत हो गई, जबकि व्यक्ति का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पुरकाजी के थानेदार जुतेंद्र यादव ने बताया कि शक है कि यह खुदकुशी का मामला हो सकता है और पुलिस उन कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिनकी वजह से नव विवाहित जोड़े ने यह कदम उठाया है.

उन्होंने बताया कि हीरा का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक है जबकि अमनदीप कौर को मृत घोषित कर दिया गया है. यादव ने बताया कि कौर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दोनों ने एक महीने पहले ही शादी की थी.

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्‍वविद्यालय (एएमयू) के शताब्‍दी समारोह को संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एएमयू के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भी शिरकत करेंगे.

बयान के अनुसार इस अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रधानमंत्री एक विशेष डाक टिकट भी जारी करेंगे.

यह पहली बार है जब पांच दशक से भी ज्यादा वक्त में कोई प्रधानमंत्री एएमयू के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. 1964 में तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने एएमयू के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था.

सर सैयद अहमद खान ने 1877 में मोहम्मडन एंग्लो ऑरिएंटल (एमएओ) स्कूल की स्थापना की थी. 1920 में उसी स्कूल ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का रूप लिया. इसका कैंपस उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 467.6 हेक्टेयर में फैला हुआ है. कैंपस से इतर केरल के मल्लपुरम, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद-जांगीपुर और बिहार के किशनगंज में भी इसके केंद्र हैं.

आस्ट्रेलिया के पास क्लीन स्वीप का बेहतरीन मौका : रिकी पोंटिंग

आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि एडीलेड की शर्मनाक हार के बाद भारत के ‘गंभीर घाव’ ताजा हो गये हैं और यह आस्ट्रेलिया के पास चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में क्लीन स्वीप करने का बेहतरीन मौका है.

भारत गुलाबी गेंद से खेले जा रहे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में दूसरी पारी में अपने न्यूनतम स्कोर 36 रन पर आउट हो गया था. आस्ट्रेलिया ने यह मैच आठ विकेट से जीतकर बॉर्डर-गावस्कर ट्राफी में 1-0 से बढ़त बनायी.

पोंटिंग ने क्रिकेट.कॉम.एयू से कहा, “अब कुछ गंभीर घाव खुल गये हैं. यह (क्लीन स्वीप का) अच्छा मौका हो सकता है.”

उन्होंने कहा, “मेलबर्न में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद रखिये और अगर हम ऐसा कर देते हैं तो फिर भारत के लिये वापसी करना और एक मैच जीतना मुश्किल हो जाएगा.”

भारत को बाकी बचे तीन टेस्ट मैचों में कप्तान विराट कोहली की कमी खलेगी जो अपने बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौट जाएंगे और पोंटिंग ने कहा कि यह मेहमान टीम के लिये असली परीक्षा होगी जिसे अंजिक्य रहाणे की कप्तानी में वापसी करनी होगी.

पोंटिंग ने कहा, “हम उनके बारे में बहुत कुछ जानेंगे. कोहली के नहीं होने से उनके पास कोई ऐसा नहीं है जो उन्हें इस तरह की हार से वापसी दिला सके.”

भारत को 26 दिसंबर से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिये अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश तलाशनी होगी क्योंकि युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी सॉव और विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा पहले टेस्ट में नहीं चल पाये थे.

पोंटिंग विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ओर युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को मेलबर्न में मौका देने के पक्ष में हैं. उन्होंने कहा, “वे दो बदलाव कर सकते हैं. ऋषभ पंत को मध्यक्रम में होना चाहिए. कोहली के नहीं होने से उन्हें अपनी बल्लेबाजी मजबूत करनी चाहिए और उसे अंतिम एकादश में रखना चाहिए.”

देश में उपचाराधीन Covid-19 मरीजों की संख्या घटकर तीन लाख के करीब आई

भारत में उपचाराधीन कोविड-19 (Covid-19) मरीजों की संख्या में और कमी आई है और अब 3.05 लाख संक्रमित ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है जो देश में संक्रमित हुए कुल मरीजों का महज 3.04 प्रतिशत है.

मंत्रालय ने रेखांकित किया कि रोजाना ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि और प्रतिदिन मृतक संख्या में कमी की वजह से उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कमी आई है.

मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में 29,690 मरीज ठीक हुए हैं जो संक्रमण के नए मामलों से अधिक है और इसकी वजह से कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,407 मरीजों की कमी आई है.

मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक सहित 10 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं, जहां पर कुल 66 प्रतिशत उपचाराधीन मरीज हैं.

मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में 26,624 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई. मंत्रालय ने रेखांकित किया कि लगातार पिछले 21 दिन से नए मामलों की संख्या 40 हजार से नीचे रही है जबकि मरीजों के ठीक होने की दर करीब 96 प्रतिशत है यानी अबतक 95,80,402 मरीज ठीक हुए हैं.

मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण के नए मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने की वजह से संक्रमण मुक्त होने की दर में सुधार आया है और यह 95.51 प्रतिशत तक पहुंच गई है. आंकड़ों के मुताबिक गत 24 घंटे में ठीक होने वाले मरीजों में 74.68 प्रतिशत लोग 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हैं.

इसके मुताबिक केरल में सबसे अधिक 4,749 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं जबकि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल क्रमश: 3,119 और 2,717 मरीजों के ठीक होने के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.

मंत्रालय ने बताया कि 76.62 प्रतिशत नए मामले 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक सीमित हैं जिनमें केरल में सबसे अधिक 6,293 संक्रमित मिले हैं जबकि महाराष्ट्र में 3,940 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में कोविड-19 से 341 लोगों की मौत हुई जिनमें से 81.23 मौतें 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हुई है.

आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 74 लोगों की मौत हुई है जबकि पश्चिम बंगाल और दिल्ली में क्रमश: 43 व 32 लोगों की जान गत 24 घंटे में कोविड-19 की वजह से गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक गत 24 घंटे में 26,624 नए मामले आने के साथ देश में अबतक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,00,31,223 हो गई है.

इस अवधि में 341 और मौतों के साथ अबतक कोविड-19 महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1,45,477 हो गई है.

महाराष्ट्र में अगले छह महीने तक मास्क पहनना अनिवार्य : मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि अगले छह महीने तक राज्य में मास्क पहनना अनिवार्य है.

राज्य की जनता को सोशल मीडिया के जरिये संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि विशेषज्ञ एक बार फिर रात को कर्फ्यू या दूसरा लॉकडाउन लागू करने के पक्ष में हैं लेकिन वह ऐसे कदम के समर्थन में नहीं हैं.

उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण पर पूरी तरह से लगाम नहीं लगाया जा सका है, फिर भी स्थिति नियंत्रण में है.

ठाकरे ने कहा, ‘‘ इलाज से बेहतर बचाव है. कम से कम अगले छह महीने तक सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की आदत बना लेनी चाहिए.’’

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शनिवार को 3,940 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के साथ राज्य में अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या बढ़कर 18,92,707 हो गई है. वहीं गत 24 घंटों में 74 और लोगों की मौत के साथ राज्य से महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 48,648 तक पहुंच गई है.

किसानों के लिए छलका सोनू सूद का दर्द, कहा- दुर्दशा देख मैं बहुत दुखी हूं, समस्या के समाधान पर जताई उम्मीद

अभिनेता सोनू सूद ने शुक्रवार को कहा कि तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की दुर्दशा देखकर उन्हें बहुत दुख हो रहा है. साथ ही उन्होंने उनकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जतायी.

हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों के हजारों किसान दिल्ली की सीमा पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें डर है कि इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली समाप्त हो जाएगी और उनपर बड़े कॉर्पोरेट का नियंत्रण हो जाएगा.

कोरोना वायरस महामारी के दौरान प्रवासी श्रमिकों की मदद करने के प्रयासों के लिए सोनू सूद की खूब सराहना की गई थी. अभिनेता ने कहा कि वह इस बहस में नहीं पड़ना चाहते कि कौन सही है या कौन गलत, बल्कि वह केवल यह चाहते हैं कि किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान हो.

सूद ने कहा, ‘यह बहुत दुखद है मुझे पता है कि हर समस्या का समाधान है. मैं पंजाब में पैदा हुआ और बड़ा हुआ, मैंने किसानों के साथ समय बिताया है और मेरा मानना ​​है कि अगर हम उन्हें समय दें तो पंजाबी समुदाय को प्यार से मनाया जा सकता है.’ सूद ने यह बातें ‘वी द वीमेन’ नामक एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान कही.