Home Blog Page 152

भारत, अमेरिका ने रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किये: पोम्पिओ ने कहा, भारत के साथ खड़ा है अमेरिका

भारत और अमेरिका ने एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौते, बीईसीए, पर हस्ताक्षर किया जिसमें अत्याधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकी, उपग्रह के गोपनीय डाटा और दोनों देशों की सेनाओं के बीच अहम सूचना साझा करने की अनुमति होगी.

दोनों देशों के बीच मंगलवार को यहां हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यह समझौता हुआ और इसके साथ ही उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा संबंधों और रणनीतिक सहयोग को और बढ़ाने का फैसला किया जहां चीन अपना आर्थिक और सैन्य दबदबा बनाने की कोशिश में है.

विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ और रक्षा मंत्री मार्क टी एस्पर के साथ टू प्लस टू वार्ता के तीससे चरण के तहत बातचीत की. दोनों पक्षों के शीर्ष सैन्य और रक्षा अधिकारियों ने इसमें सहयोग दिया.

उच्चस्तरीय बातचीत खासा महत्व रखती है क्योंकि यह ऐसे वक्त हो रही है जब चीन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी आर्थिक और सैन्य गतिविधियों को विस्तार देने का प्रयास कर रहा है और पूर्वी लद्दाख में भारत के साथ उसका तनावपूर्ण गतिरोध भी बरकरार है.

बातचीत के दौरान अमेरिकी पक्ष ने भारत को यह आश्वासन भी दिया कि उसकी संप्रभुता और स्वतंत्रता पर खतरे से मुकाबले में अमेरिका उसके साथ है.

जयशंकर, पोम्पिओ और एस्पर के साथ संयुक्त रूप से मीडिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों ने कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा की और अमेरिका के साथ ‘बीईसीए’ पर दस्तखत को एक “महत्वपूर्ण कदम” बताया.

उन्होंने कहा, “सेना से सेना के स्तर पर अमेरिका के साथ हमारा सहयोग काफी अच्छे से आगे बढ़ रहा है” और रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास के लिये परियोजनाओं को चिन्हित किया गया है.

सिंह ने कहा, “हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि करते हैं.”

पोम्पिओ ने अपनी टिप्पणी में कहा कि यात्रा के दौरान वे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सम्मान में बलिदान देने वाले शहीदों, जिनमें जून में गलवान घाटी में चीन की पीएलए द्वारा मारे गए 20 भारतीय सैन्यकर्मी भी शामिल हैं, को श्रद्धांजलि देने समर स्मारक भी गए.

पोम्पिओ ने कहा, “भारत के लोग जब अपनी संप्रभुता और स्वतंत्रता पर खतरे का सामना करते हैं तो अमेरिका उनके साथ खड़ा होगा.”

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) की आलोचना करते हुए पोम्पिओ ने कहा कि अमेरिकी नेता और नागरिक बढ़ती स्पष्टता के साथ यह देख पा रहे हैं कि “सीसीपी लोकतंत्र, कानून के शासन और पारदर्शिता की मित्र नहीं है”.

पोम्पिओ ने कहा कि अमेरिका और भारत न सिर्फ सीसीपी द्वारा उत्पन्न बल्कि सभी तरह के खतरों से निपटने के लिये सहयोग बढ़ाने के लिये कदम उठा रहे हैं.

जयशंकर ने कहा कि भारत-अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा तालमेल में वृद्धि हुई है और हिंद-प्रशांत चर्चा का एक केंद्र था.

अमेरिकी रक्षा मंत्री एस्पर ने कहा कि द्विपक्षीय रक्षा सहयोग लगातार बढ़ रहा है.

रणनीतिक संबंधों के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण ‘बीईसीए’ पर दस्तखत के साथ दोनों देशों के बीच चार महत्वपूर्ण करार को अंतिम रूप दे दिया गया .

दोनों देशों ने जनरल सिक्युरिटी ऑफ मिलिट्री इनफॉर्मेशन एग्रीमेंट (जीएसओएमआईए)पर 2002 में दस्तखत किए थे.

रक्षा समझौता और प्रौद्योगिकी साझा करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत अमेरिका ने 2016 में भारत को ‘प्रमुख रक्षा सहयोगी’ का दर्जा दिया था. दोनों देशों ने 2016 में ‘लॉजिस्टिक एक्सचेंज मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट’ किया था.

भारत और अमेरिका ने 2018 में एक और महत्वपूर्ण करार किया था जिसे ‘कोमकासा’ कहा जाता है .

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, अब जम्मू-कश्मीर में कोई भी खरीद सकेगा जमीन

जम्मू-कश्मीर में अब देश का कोई भी व्यक्ति जमीन खरीद सकता है और वहां पर बस सकता है. गृह मंत्रालय द्वारा मंगलवार को इसके तहत नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है. हालांकि, अभी खेती की जमीन को लेकर रोक जारी रहेगी.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के मुताबिक, हम चाहते हैं कि बाहर की इंडस्ट्री जम्मू-कश्मीर में लगें, इसलिए इंडस्ट्रियल लैंड में इन्वेस्ट की जरूरत है. लेकिन खेती की जमीन सिर्फ राज्य के लोगों के लिए ही रहेगी.

आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर में सिर्फ वहां के निवासी ही जमीन की खरीद-फरोख्त कर सकते थे. लेकिन अब बाहर से जाने वाले लोग भी जमीन खरीदकर वहां पर अपना काम शुरू कर सकते हैं.

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ये फैसला जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के तहत लिया है, जिसके तहत कोई भी भारतीय अब जम्मू-कश्मीर में फैक्ट्री, घर या दुकान के लिए जमीन खरीद सकता है. इसके लिए किसी तरह के स्थानीय निवासी होने का सबूत देने की भी जरूरत नहीं होगी.

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर को पिछले साल ही अनुच्छेद 370 से मुक्त किया गया है, उसके बाद 31 अक्टूबर 2019 को जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश बन गया था. अब केंद्र शासित प्रदेश होने के एक साल पूरे होने पर जमीन के कानून में बदलाव किया गया है.

उड़ान फेम एक्ट्रेस पर जानलेवा हमला, शख्स ने चाकू से पेट पर किया वार

कई फिल्मों और सीरियल उड़ान में काम कर चुकीं एक्ट्रेस माल्वी मल्होत्रा के फैंस के लिए बुरी खबर है. एक्ट्रेस पर जानलेवा हमला हुआ है. जिसके बाद माल्वी को अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

माल्वी के पेट पर एक शख्स ने चाकू से हमला किया. हमले के बाद शख्स ने माल्वी के चेहरे को टारगेट करने की कोशिश की. इस बीच एक्ट्रेस ने अपने चेहरे को अपने हाथों से कवर कर बचाने की कोशिश की. ऐसा करते वक्त माल्वी के दाहिने और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है. माल्वी को कुल 3 जगह गहरी चोट आई है. अभी वे अंबानी अस्पताल में भर्ती हैं. हमला करने वाले शख्स के खिलाफ वर्सोवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की जा चुकी है.

माल्वी पर जानलेवा हमला करने वाले शख्स की अभी पहचान नहीं हो सकी है. साथ ही उसके मंसूबों से भी पुलिस अनजान है. पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.माल्वी के वर्कफ्रंट की बात करें तो वे कलर्स के हिट शो उड़ान में काम कर चुकी हैं. हिंदी फिल्म होटल मिलन में भी माल्वी ने काम किया है. इसके अलावा एक्ट्रेस कई साउथ इंडियन फिल्मों में भी नजर आई हैं. माल्वी कई सारे विज्ञापनों में दिखी हैं. वे Katie कॉस्मेटिक्स की ब्रैंड एंबेसडर भी हैं.

शिवसेना का BJP पर वार- पूछा सावरकर को अब तक क्यों नहीं मिला भारत रत्न ?

शिवसेना (Shivsena) ने भाजपा (BJP) पर हल्ला बोलते हुए  विनायक दामोदर सावरकर को भारत रत्न (Bharat Ratna) न देने पर सवाल उठाया है.  शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत (Sanjay Raut) ने कहा कि देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न “महान और हिंदुत्ववादी नेता” सावरकर को दिया जाना चाहिए. शिवसेना की वार्षिक दशहरा रैली (Dussehra Rally) के दौरान रविवार को पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कोविड-19 (Covid-19) की स्थिति की वजह से विशाल शिवाजी पार्क (Shivaji Park) की जगह  दादर इलाके में स्थित सावरकर हॉल में संबोधन दिया था.

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने बाद में सत्ताधारी दल पर सत्ता के लिए हिंदुत्व से समझौते का आरोप लगाया. उपाध्ये ने कहा, “उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस द्वारा सावरकर की आलोचना पर एक शब्द नहीं कहा और अब उन्हें सावरकर प्रेक्षागृह से दशहरा रैली को संबोधित करना पड़ा.” उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने सोमवार को कहा कि शिवसेना “कभी सावरकर से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं रही और कभी ऐसा करेगी भी नहीं.”

भाजपा का नाम लिए बगैर राउत ने कहा कि पार्टी को सावरकर पर शिवसेना के रुख को लेकर इतिहास खंगालना चाहिए. राज्यसभा सदस्य ने कहा, “वीर सावरकर हमेशा से शिवसेना और हिंदुत्व के प्रेरक रहे हैं. जो लोग हम पर सवाल उठा रहे हैं…वे वीर सावरकर को भारत रत्न क्यों नहीं देते?” राउत ने जानना चाहा, “आपने अपने पिछले छह साल से शासन में कई लोगों को यह पुरस्कार दिया. वीर सावरकर को भारत रत्न देने में आपको क्या परेशानी थी?”

सुनील गावस्कर ने की राहुल की तारीफ, कुंबले के लिए कही ये बात

0

सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने किंग्स इलेवन पंजाब (Kings XI Punjab) के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के पिछले कुछ मैचों में अच्छे प्रदर्शन का श्रेय केएल राहुल (KL Rahul) की कप्तानी और मुख्य कोच अनिल कुंबले (Anil Kumble) के जज्बे को दिया. पंजाब लगातार पांच मैचों में हार से सबसे निचले स्थान पर था, लेकिन इसके बाद उसने लगातार चार मैच जीते और अब 10 अंक लेकर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. अभी उसे तीन और मैच खेलने हैं और उसके पास प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है.

गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम क्रिकेट लाइव में कहा, ”उन्होंने जीत का तरीका ढूंढ लिया है. टूर्नामेंट के शुरू में लगता है कि वे इसे हासिल नहीं कर पाए थे. हर बार वे जीत के करीब पहुंचकर आखिरी ओवरों में हार रहे थे. इसके बाद उन्होंने वह कुंजी ढूंढ ली, जिससे वे मैच जीतने लगे.”

पंजाब ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 126 रन का सफलतापूर्वक बचाव किया. गावस्कर ने कहा, ”पिछले मैच में 126 रन का बचाव करने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत थी. आत्मविश्वास दिखाने की जरूरत थी और उन्होंने ऐसा किया. केएल राहुल ने उनकी बहुत अच्छी तरह से अगुवाई की.”

उन्होंने कहा, ”राहुल कप्तानी की भूमिका में परिपक्व हुआ है. अनिल कुंबले की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं करेंगे. कुंबले अपने करियर में फाइटर रहा है. आपको याद होगा कि वह जबड़ा टूटने के बावजूद गेंदबाजी करने (वेस्टइंडीज के खिलाफ 2002 टेस्ट मैच में) के लिए उतरा था और यह जज्बा किंग्स इलेवन की टीम में दिख रहा है.” सुनील गावस्कर ने कहा, ”यही वजह है कि उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में वापसी की और अब वे प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में हैं.”

 

कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान, कमलनाथ को कहा ‘मानसिक रूप से दरिद्र’

भाजपा नेता इमरती देवी (Imrati Devi) पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) की विवादास्पद टिप्पणी की पृष्ठभूमि में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने 73 वर्षीय कांग्रेस नेता को  “मानसिक रूप से दरिद्र” बताया और दावा किया कि उनकी शब्दों की दरिद्रता से सूबे की सियासी साख खराब हुई है.

विजयवर्गीय ने कहा कि कमलनाथ के पास बहुत सारी संपत्ति है, करोड़ों रुपये हैं, पर वह मानसिक रूप से दरिद्र हैं. जब कोई व्यक्ति मानसिक रूप से दरिद्र होता है, तो उसकी शब्दों की दरिद्रता सामने आती है. उन्होंने इमरती देवी पर कमलनाथ की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कहा कि कमलनाथ ने जिस तरह शब्दों की दरिद्रता दिखाई है, उससे मध्य प्रदेश की राजनीतिक प्रतिष्ठा खराब हुई है.

सूबे के कांग्रेस विधायकों का इस पार्टी से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी रहने पर विजयवर्गीय ने दावा किया कि कांग्रेस का राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं का विश्वास खो चुका है.

भाजपा नेता इमरती देवी (Imrati Devi) पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) की विवादास्पद टिप्पणी की पृष्ठभूमि में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने 73 वर्षीय कांग्रेस नेता को सोमवार को “मानसिक रूप से दरिद्र” बताया और दावा किया कि उनकी शब्दों की दरिद्रता से सूबे की सियासी साख खराब हुई है.

विजयवर्गीय ने कहा कि कमलनाथ के पास बहुत सारी संपत्ति है, करोड़ों रुपये हैं, पर वह मानसिक रूप से दरिद्र हैं. जब कोई व्यक्ति मानसिक रूप से दरिद्र होता है, तो उसकी शब्दों की दरिद्रता सामने आती है. उन्होंने इमरती देवी पर कमलनाथ की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कहा कि कमलनाथ ने जिस तरह शब्दों की दरिद्रता दिखाई है, उससे मध्य प्रदेश की राजनीतिक प्रतिष्ठा खराब हुई है.

ईरान में कोरोना वायरस संक्रमण चरम पर पहुंचा, स्वास्थ्य मंत्री ने जताई चिंता

ईरान (Iran) में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के मामले इस महीने चरम पर पहुंच चुके हैं, अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है और इस संकट के बीच ही देश के स्वास्थ्य मंत्री ने बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है.

स्वास्थ्य मंत्री सईद नमाकी (Saeed Namaki Minister of Health and Medical Education)ने राजधानी तेहरान के लिए सरकार के नये निर्देशों का जिक्र करते हुए पिछले सप्ताह कहा था, ‘‘हमने कहा था कि जो भी मास्क नहीं पहने, उससे जुर्माना वसूला जाए.’’उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन पता लगाइए कि कितने लोगों पर जुर्माना लगाया गया. हमने कहा था कि रास्ते बंद कर दीजिए और लेकिन उन्होंने कितने मार्ग बंद किये?’’

नमाकी के भाषण में रोगियों से अस्पतालों के भरे होने का जिक्र करते हुए वायरस संक्रमण का प्रकोप फिर से फैलने के लिए सरकार पर उंगली उठाई गई है. उनका भाषण सरकारी अधिकारियों के सामान्य भाषण से बिल्कुल उलट है जो प्रतिबंधों के उल्लंघन के लिए जनता को दोषी ठहराते हैं.

हालांकि एक दिन बाद नमाकी ने अलग ही संदेश दिया. अर्द्ध-सरकारी आईएसएनए समाचार एजेंसी ने नमाकी के भाषण के हवाले से कहा, ‘‘हमें लोगों में बेवजह घबराहट पैदा नहीं करनी चाहिए. हमें कभी भी यह घोषणा नहीं करनी चाहिए कि अस्पतालों में खाली बेड नहीं हैं. हमारे यहां रिक्त बेड हैं.’’

पश्चिम एशिया में कोरोना वायरस के कारण अब तक कथित तौर पर 32,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. एक शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी ने हाल में कहा था कि यह संख्या वास्तव में ढाई गुना अधिक हो सकती है.

Karwa Chauth 2020: कब है करवा चौथ? जानिए करवा चौथ का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का त्योहार मनाया जाता है. इस दिन महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखकर शाम को चांद के दर्शन करके अर्ध्य देती हैं. जिसके बाद ही वह अपना उपवास तोड़ती हैं. जानिए करवा चौथ का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि.

इस साल करवा चौथ 4 नवंबर को पड़ेगा. कार्तिक मास की कृष्ण पत्र की चतुर्थी तिथि 4 नवंबर को सुबह 3 बजकर 24 मिनट से शुरू होकर 5 नवंबर सुबह 5 बजकर 14 मिनट में समाप्त होगी. करवा चौथ का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 29 मिनट से 6 बजकर 48 मिनट तक रहेगा, जबकि चंद्रोदय  शाम 8 बजकर 12 मिनट पर होगा.करवा चौथ दिवाली के 10 से 11 दिन पहले मनाया जाता है.

परम्परा के अनुसार करवाचौथ पर महिलाएं चंद्रमा की पूजा करती हैं. इस दिन महिलाएं  चंद्रोदय पर चंद्रमा की पूजा संपन्न कर अपने पति के हाथ से पानी पीकर अपना व्रत खोलती हैं. कहा जाता है कि चांद देखे बिना व्रत अधूरा रहता है. चांद की पूजा से पहले कोई महिला न कुछ भी खा सकती हैं और न पानी पी सकती है. इस दिन महिलाएं ब्रह्म मुहूर्त में उठकर सभी कामों ने निवृत्त होकर स्नान करती है. इसके बाद इस मंत्र का उच्चारण करके संकल्प लें-”मम सुखसौभाग्य पुत्रपौत्रादि सुस्थिर श्री प्राप्तये करक चतुर्थी व्रतमहं करिष्ये”.

इस दिन भगवान शिव, माता गौरी और गणेश जी की पूजा का विधान है. पूजा के लिए घर के उत्तर-पूर्व दिशा के कोने को अच्छे से साफ करके चौकी रखकर भगवान शिव, मां गौरी और  बगवान गणेश की प्रतिमा, तस्वीर स्थापित करे. मार्केट में करवाचौथ की पूजा के लिए कैलेंडर भी मिलते हैं, जिस पर सभी देवी-देवताओं के चित्र बने होते हैं. इस प्रकार देवी-देवताओं की स्थापना करके पाटे की उत्तर दिशा में एक जल से भरा लोटा या कलश स्थापित करना चाहिए और उसमें थोड़े-से चावल डालने चाहिए. अब उस पर रोली, चावल का टीका लगाना चाहिए और लोटे की गर्दन पर मौली बांधनी चाहिए. कुछ लोग कलश के आगे मिट्टी से बनी गौरी जी या सुपारी पर मौली लपेटकर भी रखते हैं. इस प्रकार कलश की स्थापना के बाद मां गौरी की पूजा करनी चाहिए और उन्हें सिंदूर चढ़ाना चाहिए.

इस दिन चीनी से बने करवे का भी पूजा में बहुत महत्व होता है. कुछ लोग मिट्टी से बना करवा भी रख लेते हैं. आज के दिन चार पूड़ी और चार लड्डू तीन अलग-अलग जगह लेकर, एक हिस्से को पानी वाले कलश के ऊपर रख दें, दूसरे हिस्से को मिट्टी या चीनी के करवे पर रखें और तीसरे हिस्से को पूजा के समय महिलाएं अपने साड़ी या चुनरी के पल्ले में बांध लें. कुछ जगहों पर पूड़ी और लड्डू के स्थान पर मीठे पुड़े भी चढ़ाये जाते हैं. आप अपनी परंपरा के अनुसार चुनाव कर सकते हैं. अब देवी मां के सामने घी का दीपक जलाएं और उनकी कथा पढ़ें. इस प्रकार पूजा के बाद अपनी साड़ी के पल्ले में रखे प्रसाद और करवे पर रखे प्रसाद को अपने बेटे या अपने पति को खिला दें और कलश पर रखे प्रसाद को गाय को खिला दें. बाकी पानी से भरे कलश को पूजा स्थल पर ही रखा रहने दे.  रात को चन्द्रोदय होने पर इसी लोटे के जल से चन्द्रमा को अर्घ्य दें और घर में जो कुछ भी बना हो, उसका भोग लगाएं।. इसके बाद व्रत का पारण करें.

उत्तर प्रदेश : युवक ने जीभ काटकर देवी पर चढ़ाई, नवरात्रि में था उपवास

उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र के भाटी गांव में चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी जीभ काटकर एक मंदिर में देवी को अर्पित कर दिया. बबेरू के एसएचओ जय श्याम शुक्ला ने कहा,”आत्माराम नवरात्रि के अंतिम दिन मंदिर पहुंचा और अपनी जीभ काटकर देवी को चढ़ा दिया.”

जीभ काटने की वजह से बहुत ज्यादा खून बहने लगा और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और पुलिस ने कहा कि उसकी हालत स्थिर है. आत्माराम के पिता के अनुसार, उनका बेटा मानसिक रूप से अस्थिर है. वह नवरात्रि में व्रत रखता है और कथित रूप से इस कृत्य को करने के लिए उसे गुमराह किया गया.

इस बीच, एक अन्य घटना में, एक 49 वर्षीय व्यक्ति ने हमीरपुर जिले के कुरारा इलाके में एक शिव मंदिर में बलि की रस्म के तहत खुद को मारने की कोशिश की. रुक्मणी मिश्रा ने शनिवार रात कोटेश्वर मंदिर में चाकू से अपना गला काटने की कोशिश की. वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने कहा कि यह अंधविश्वास का मामला मालूम पड़ता है.

Sea Plane : 31 अक्टूबर से साबरमती रिवरफ्रंट और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बीच शुरू होगी सी प्लेन सेवा

भारत में अब जल्द ही सी प्लेन (Sea Plane) हकीकत बनने वाला है. भारत की पहली सी-प्लेन सेवा 31 अक्टूबर को साबरमती रिवरफ्रंट (Sabarmati Riverfront) से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (Statue of Unity) के बीच शुरू होने वाली है. केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने इसकी जानकारी दी है.

विमानन सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइसजेट इसके लिए मालदीव से एक सीप्लेन खरीद रही है, जिसके 26 अक्टूबर तक आजाने की संभावना है. यह सीप्लेन करीब 250 किलोमीटर के मार्ग पर सेवा प्रदान करेगा. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार साबरमती रिवर फ्रंट से अहमदाबाद के लिये सीप्लेन से उड़ान भर चुके हैं.

नौवहन मंत्री मंडाविया ने कहा, ”साबरमती रिवरफ्रंट से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिये भारत की पहली सीप्लेन सेवा की शुरुआत 31 अक्टूबर से होने की उम्मीद है। यह देश के लिये एक नयी शुरुआत होगी. इसके लिए दोनों छोर पर बुनियादी संरचना तैयार है.”

उन्होंने कहा कि स्पाइसजेट मालदीव से एक सीप्लेन खरीदने की प्रक्रिया में है, जो 26 अक्टूबर को आ जायेगा. उन्होंने कहा कि सरकार की उड़ान योजना के तहत स्पाइसजेट को फायदे भी दिये जाएंगे. मंत्री ने कहा कि एक बार शुरू हो जाने के बाद इस मुहिम से पर्यटन को काफी फायदा मिलेगा.
गुजरात सरकार ने इस साल जुलाई में सीप्लेन सेवा के लिए क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चार जल एयरोड्रमों के निर्माण के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ त्रिपक्षीय समझौते में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी थी.एक वाटर एयरोड्रम या सीप्लेन बेस खुले पानी का एक ऐसा क्षेत्र होता है, जिसका उपयोग सीप्लेन, फ्लोट-प्लेन और एम्फीबियस विमानों द्वारा लैंडिंग और टेक ऑफ के लिये किया जाता है. अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट, नर्मदा जिले के केवडिया में सरदार सरोवर बांध, भावनगर जिले के पालीताना में शतरुंजी बांध और मेहसाणा जिले के धौरी बांध में वाटर एयरोड्रम की योजना बनाई गई थी.मंडाविया ने हाल ही में भारत में सीप्लेन परियोजनाओं की समीक्षा की थी. साबरमती और सरदार सरोवर – स्टैच्यू ऑफ यूनिटी मार्ग देश में पहचाने गए 16 सीप्लेन मार्गों में शामिल हैं. सरकार के अनुसार इस मार्ग के हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण पूरे हो चुके थे. मंडाविया ने कहा कि इस सेवा के शुभारंभ के बाद गुवाहाटी, अंडमान निकोबार और यमुना से उत्तराखंड में टप्पर बांध सहित विभिन्न मार्गों पर नियमित सेवा की योजना बनायी गई है.