Home Blog Page 208

बिहार (Bihar) में कोरोना के अब 6,289 मरीज, अब तक 3,686 ठीक हुए

बिहार (Bihar) में शनिवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 193 नए मरीजों की पुष्टि होने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,289 तक पहुंच गई. अब तक 3,686 मरीज ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि अब तक कुल 1,20,086 नमूनों की जांच की गई है. राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब 6,289 हो गई है.

उन्होंने बताया, “पिछले 24 घंटों में 370 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक कुल 3,686 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं. राज्य में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 2,461 सक्रिय मरीज हैं. अब तक 35 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है.”

राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि राज्य में फिलहाल 1,394 क्वारंटाइन सेंटर चल रहे हैं, जिनमें 22,513 लोग रह रहे हैं.  उन्होंने कहा कि ब्लॉक क्वारंटाइन सेंटर में अब तक 15,30,861 लोग रह चुके हैं, जिसमें से 15,08,348 लोग क्वारंटाइन की निर्धारित अवधि पूरी कर अपने घर जा चुके हैं.

 

 

Bihar : पटना में नालों की उड़ाही का काम तेज, दुरुस्त किए जा रहे हैं संप हाउस

बरसात में राजधानी पटना (Patna) के जलजमाव को रोकने के लिए सरकार और पटना नगर निगम (Patna Nagar Nigam) लगातार प्रयासरत हैं. इसको लेकर मुख्य सचिव तक लगातार समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं. हाल के दिनों में अधिकारियों ने आश्वस्त भी किया है कि काफी हद तक जलनिकासी की व्यवस्था कर ली गई है और जहां नहीं की जा सकी है, वहां अभी काम जारी है.

शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड ( Bihar Urban Infrastructure Development Corporation Ltd- BUIDCO) और पटना नगर निगम लगातार जलजमाव की समस्या को कम करने के लिए काम कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष बारिश के मौसम में राजधानी पटना के कई इलाके 20 से ज्यादा दिनों तक पानी में डूबे रहे थे और लोग घरों में कैद रहे थे.

नगर विकास एवं आवास विभग के एक अधिकारी बताते हैं कि शहर के अधिकांश नालों की उड़ाही की जा रही है तथा संप हाउसों को दुरुस्त कर दिया गया है और अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है. बड़े नालों की दोबारा उड़ाही की जा रही है. कई जगहों पर गाद या अतिक्रमण की समस्या के कारण बड़े नालों की दोबारा उड़ाही की जा रही है. शहर के सभी बड़े 39 पंप हाउसों के मरम्मत कार्य को पूरा कर लिया गया है.

उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शुक्रवार को शहर में जलनिकासी की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ समीक्षा बैठक की थी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस बार पटना में जलजमाव की स्थिति नहीं हो, इसे सुनिश्चित किया जाए.

बैठक में कहा गया है कि जहां भी नाले का संपर्क नहीं है या संपर्क में दिक्कत हो रही है, वहां कच्चे नाले बनवाने का काम 10 दिनों के अंदर पूरा कर लिया जाए.

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह ने की आत्महत्या, बांद्रा के अपने घर पर लगाई फांसी

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.अभिनता के नौकर ने उनके शव को घर में पंखे से लटकते हुए देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी है. पुलिस ने इसकी पुष्टि की है.

आठ जून को ही सुशांत की पूर्व सचिव दिशा सालियान ने भी आत्महत्या कर ली थी. अभिनेता की आत्‍महत्‍या की वजह अभी पता नहीं चली है. चौंतीस वर्षीय सुशांत बॉलीवुड के चर्चित युवा अभिनेताओं में शुमार किए जाते थे. उनके आत्महत्या कर लेने से फिल्म जगत स्तब्ध है.
‘काय पो छे’ से अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत ने ‘डिटेक्टिव व्योमकेश बक्शी’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. वह आमिर ख़ान की बहुचर्चित फ़िल्म पीके में पाकिस्तानी युवक की संक्षिप्त भूमिका में नजर आए थे और दर्शकों के बीच लोकप्रियता भी बटोरी थी.

सुशांत सिंह राजपूत  के अचानक सुसाइड से पूरा देश सदमे में है. राजनीतिक हस्तियों एवं बॉलीवुड जगत के साथ ही उनके फ़ैन्स सोशल मीडिया के जरिये अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

‘घरों में योग’ के जरिए अमेरिका में इस साल मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

अमेरिका (America) में योग प्रेमी कोरोना वायरस (Coronavirus) वैश्विक महामारी के कारण इस साल अपने घरों में ही छठा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (Sixth International Yoga Day) मनाने की योजना बना रहे हैं. अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) ने 21 जून को होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर कहा, ‘‘इस साल हम ‘घर में योग’ थीम के साथ छठा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं.’’

योग गुरु बाबा रामदेव  (yoga guru Baba Ramdev) अमेरिकी लोगों को ऑनलाइन आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान लगाने की विधि के साथ-साथ योग के सामान्य नियमों के बारे में बताएंगे. ह्यूस्टन (Houston) में भारतीय वाणिज्य दूतावास विभिन्न सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर यह ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. हालांकि मुख्य ऑनलाइन कार्यक्रम अमेरिका में भारतीय राजदूत के वाशिंगटन डीसी (Washington DC) स्थित आवास से लाइव प्रसारित किया जाएगा. वाशिंगटन डीसी और उसके आसपास पिछले पांच वर्षों में हजारों योग प्रेमी ऐतिहासिक नेशनल मॉन्यूमेंट या यूएस कैपिटोल के परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते रहे हैं.

लेकिन इस बार कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए घर में ही इसे मनाने का फैसला किया है. संधू ने कहा, ‘‘जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि योग तंदरुस्ती का एक जरिया है. कोविड-19 (COVID-19) वैश्विक महामारी ने हमारे जनजीवन को बाधित किया है. इस संदर्भ में स्वस्थ जीवन के लिए योग और अधिक प्रासंगिक हो गया है. मैं उम्मीद करता हूं कि और अधिक लोग प्रेरित होंगे तथा योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे.’’

संधू ने एक अध्ययन के हवाले से कहा कि योग अमेरिका में लोकप्रिय है और 3.6 करोड़ से अधिक लोग योग करते हैं. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर दूतावास में भारतीय संस्कृति के शिक्षक मोक्ष राज डिजिटल कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए स्वास्थ्य और शैक्षिक संस्थानों के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक और सामुदायिक संगठनों के साथ समन्वय कर रहे हैं. भारतीय दूतावास ने ‘‘माय लाइफ माय योग’’(My Life My Yoga) वीडियो ब्लॉग (Video Blog) प्रतियोगिता भी शुरू की है.



सभी अस्पताल कोरोना के इलाज पर आने वाला खर्च साझा करें: दिल्ली सरकार

सोशल मीडिया पर एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के इलाज में अत्यधिक खर्च आने की चर्चा होने के बीच दिल्ली (Delhi) के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (Health Minister Satyendra Jain) ने कहा कि उन्होंने सभी अस्पतालों से शुल्क का ब्योरा मांगा है. साथ ही, इसका अवलोकन करने के बाद कोई कदम उठाने के बारे में निर्णय किया जाएगा.

सरकारी नोटिस के मुताबिक, 16 जून को होने वाली डीडीएमए की बैठक में निजी अस्पतालों और एम्बुलेंस के शुल्क की अधिकतम सीमा तय किए जाने के साथ ही कोविड-19 (COVID-19) परीक्षण की कीमत कम किए जाने को लेकर भी चर्चा होगी. इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  (CM Arvind Kejariwal)और उपराज्यपाल अनिल बैजल (Anil Baijal) भी मौजूद रहेंगे.

मैक्स अस्पताल (Max Hospital) की दर सूची (रेट कार्ड) शुक्रवार को सोशल मीडिया पर फैल गया जहां कई लोगों ने इस बात का जिक्र किया कि आम आदमी के लिए यह शुल्क अत्यधिक है. दर सूची में यह अंकित है कि अस्पताल वेंटिलेटर (Ventilator) के साथ आईसीयू (ICU) के लिए 72,000 रुपये ले रहा है.

वहीं, अस्पताल चलाने वाले मैक्स हेल्थकेयर( Max Healthcare) ने कहा कि सोशल मीडिया पर मौजूद इस दर सूची में सभी तथ्य शामिल नहीं हैं, जैसे कि नियमित जांच, नियमित दवाइयां, चिकित्सक और नर्स के शुल्क आदि को शामिल किया जाना. जैन ने कहा, ‘‘सभी अस्पतालों से यह कहा गया है कि वे कोविड-19 के इलाज की शुल्क दर साझा करें. आगे क्या करना है, इस बारे में हम प्रत्येक अस्पताल का अवलोकन करने के बाद फैसला करेंगे.’’


वहीं, दिल्ली स्वास्थ्य विभाग (Delhi Health Department) के बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कोरोना वायरस के 2,134 नए मामले सामने आए, जिसके बाद यहां कुल संक्रमित लोगों की संख्या 38,958 हो गई जबकि मौत के 57 नए मामलों के साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,271 हो गया.

वही दिल्ली सरकार ने 10-49 बिस्तर की क्षमता वाले सभी छोटे एवं मध्यम मल्टीस्पेशलिटी नर्सिंग होम (Multi Speciality Nursing Home) को शनिवार को ‘कोविड-19 नर्सिंग होम’ घोषित कर दिया है. आधिकारिक बयान के मुताबिक, कोरोना वायरस के मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या में वृद्धि करने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है.

आदेश के मुताबिक, केवल विशेष तौर पर आंख, कान एवं गले का इलाज करने वाले केंद्रों, डायलिसिस केंद्रों, प्रसव गृहों और आईवीएफ केंद्रों को इससे छूट दी गई है.

महाराष्‍ट्र (Maharashtra) में कोरोना संक्रमण से हालात गंभीर, एक दिन में 113 की मौत और 3427 नए केस

महाराष्‍ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) से दिन-प्रतिदिन हालात गंभीर होते जा रहे हैं. हर दिन परेशान करने वाला आंकड़ा सामने आ रहा है. राज्‍य में पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 3427 नए केस सामने आए हैं जबकि इस दौरान 113 लोगों की मौत हो गई है. महाराष्‍ट्र में संक्रमण का कुल आंकड़ा 104568 हो गया है जबकि अब तक 3830 लोगों की जान जा चुकी है.

अगर अकेले मुंबई की बात करें तो यहां अभी तक 56831 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जबकि 2113 लोग जान गंवा चुके हैं. हालांकि राज्‍य में रिकवरी रेट अच्‍छी है. महाराष्‍ट्र में एक दिन में 1550 लोग स्‍वस्‍थ होकर घर लौट गए हैं जबकि अभी तक कुल 49346 लोग ठीक हो चुके हैं.

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Maharashtra Home Minister Anil Deshmukh) ने शनिवार को कहा कि कोविड-19 (COVID-19) से मुंबई पुलिस के 1,233 कर्मी स्वस्थ हो चुके हैं और इनमें से 334 फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट आये हैं. देशमुख ने कहा कि उन्हें अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले पुलिसकर्मियों पर गर्व हैं.

देशमुख ने ट्वीट किया, ‘मुंबई पुलिस बल के कुल 1,233 पुलिसकर्मियों ने कोविड-19 को सफलतापूर्वक हराया है. इनमें से 334 अपनी ड्यूटी पर लौट आये हैं. इन कोरोना योद्धाओं को बधाई. मुझे मुंबई पुलिस पर गर्व है, जो अपने कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक निभाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं.’ कोविड-19 से 12 जून तक महाराष्ट्र के 35 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है जिनमें मुंबई के 21 पुलिसकर्मी शामिल हैं.

महाराष्ट्र में बीड जिले (Beed district ) के पुलिस अधीक्षक ने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे (Dhananjay Munde) के साथ काम करने वाले पुलिस कर्मियों के संपर्क में आने के बाद खुद को पृथक किया है. राकांपा (NCP) नेता मुंडे राज्य विधानसभा में बीड जिले के परली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने खुद पृथकवास में रहने का फैसला किया है. सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) ने शुक्रवार को बताया कि सामाजिक न्याय मंत्री मुंडे को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है. उन्होंने बताया कि मुंडे को संक्रमण के कोई लक्षण नहीं है और उन्हें मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

COVID-19 : स्वास्थ्य मंत्रालय ने इमरजेंसी पड़ने पर इस दवा के इस्तेमाल की दी इजाजत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड-19 (COVID-19) के इलाज के लिए आपातकाल में वायरस रोधी दवा रेमडेसिविर (Remdesivir)  प्रतिरोधक क्षमता के लिए इस्तेमाल होने वाली दवा टोसीलीजुमैब और प्लाज्मा उपचार की अनुशंसा की है. अपने कदम पीछे खींचते हुए मंत्रालय ने शनिवार को ‘कोविड-19 के लिए क्लीनिकल मैनेजमेंट प्रोटोकॉल’ की समीक्षा की है. इसने कहा कि बीमारी की शुरुआत में सार्थक प्रभाव के लिए मलेरिया रोधक दवा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन (एचसीक्यू) का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और गंभीर मामलों में इससे बचना चाहिए.

मंत्रालय ने नये प्रोटोकॉल के तहत गंभीर स्थिति और आईसीयू की जरूरत होने की स्थिति में एजिथ्रोमाइसीन के साथ हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का इस्तेमाल किए जाने की पहले की अनुशंसा को समाप्त कर दिया है. इसने कहा कि कई अध्ययनों में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के क्लीनिकल इस्तेमाल में काफी फायदा बताया गया है. संशोधित प्रोटोकॉल में कहा गया है, ‘‘कई बड़े अवलोकन अध्ययनों में इसका कोई प्रभाव या सार्थक क्लीनिकल परिणाम नहीं दिखा है.”
इसमें बताया गया है, ‘‘अन्य वायरसरोधी दवाओं की तरह इसका इस्तेमाल बीमारी की शुरुआत में किया जाना चाहिए ताकि सार्थक परिणाम हासिल किया जा सके और गंभीर रूप से बीमारी मरीजों के लिए इसका इस्तेमाल करने से बचा जाना चाहिए.”

Bihar में कोरोना मरीजों की संख्या 6,000 के पार, अब तक 35 मौतें, 55 फीसदी हुए ठीक

बिहार (Bihar)में कोरोना संक्रमितों की संख्या शुक्रवार को 6,000 का आंकड़ा पार करते हुए 6,096 तक पहुंच गई और कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 35 हो गई. स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अब तक कुल 1,16,671 नमूनों की जांच की गई है. राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 6,096 हो गई है.

उन्होंने बताया, “पिछले 24 घंटे में 230 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक कुल 3,316 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं, जो कुल संक्रमित व्यक्तियों का करीब 55 प्रतिशत है. बिहार में फिलहाल 2,691 सक्रिय कोरोना मरीज हैं.”

उन्होंने कहा कि तीन मई के बाद बाहर से बिहार आने वाले लोगों में से 4,250 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जो कुल संक्रमित व्यक्तियों का 70 प्रतिशत है. उन्होंने बताया, “पिछले 24 घंटे में 230 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक कुल 3,316 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं, जो कुल संक्रमित व्यक्तियों का करीब 55 प्रतिशत है. बिहार में फिलहाल 2,691 सक्रिय कोरोना मरीज हैं.”

उन्होंने कहा कि तीन मई के बाद बाहर से बिहार आने वाले लोगों में से 4,250 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जो कुल संक्रमित व्यक्तियों का 70 प्रतिशत है.

उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में जहानाबाद जिले के (मदनगंज प्रखंड) एक 27 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है जो नई दिल्ली से आए थे. आने के बाद उनकी तबीयत खराब थी, जिस कारण उन्हें हेल्थ क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था. जांच में कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद इन्हें एएनएमसीएच, गया भेजा गया था.

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि अब तक 41 कंटेनमेंट जोन को ‘डिनोटिफाई’ किया जा चुका है और शुक्रवार तक राज्य के विभिन्न जिलों में 334 ‘एक्टिव कन्टेनमेंट जोन’ है.

 

BCCI ने लिया बड़ा फैसला, फिलहाल इन 2 देशों का दौरा नहीं करेगी टीम इंडिया (Team India)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कहा है कि अगस्त में 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम (Team india) जिम्बाब्वे (Zimbabwe) का दौरा नहीं करेगी. वहीं, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने गुरुवार को कहा था कि भारत के साथ जून में प्रस्तावित सीमित ओवरों की सीरीज कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण स्थगित कर दी गई है.

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘कोरोना वायरस के खतरों को देखते हुए भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका और जिम्बाब्वे का दौरा नहीं करेगी. भारतीय टीम को 24 जून से श्रीलंका में 3 वनडे और इतने ही मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी थी. वहीं, 22 अगस्त से जिम्बाब्वे में उसे 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी थी.’ बीसीसीआई ने इससे पहले, 17 मई को एक बयान जारी कहा था कि बाहर प्रशिक्षण करने को लेकर पूरी तरह से सुरक्षित होने के बाद ही बोर्ड अपने अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण के लिए कैम्प का आयोजन करेगी.

एसएलसी ने एक बयान में कहा था, ‘भारत का जून में श्रीलंका का प्रस्तावित दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो पाएगा. बीसीसीआई ने श्रीलंका क्रिकेट को बताया है कि कोविड 19 (COVID-19) महामारी की वजह से मौजूदा हालात में ये क्रिकेट सीरीज करना संभव नहीं है, जिसमें तीन मैचों की वनडे और इतने ही मैचों की टी 20 सीरीज खेली जानी थी.’ एसएलसी ने बीबीसीसीआई से अनुरोध किया था कि दौरे को तय कार्यक्रम पर किया जाए. बीसीसीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से 17 मई को कहा था कि जून में श्रीलंका का दौरा असंभव होगा.

पिछले चुनाव से BJP ने लिया सबक, आरक्षण के मुद्दे पर साफ किया अपना स्टैंड – बोले नड्डा

सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की ओर से आरक्षण को मौलिक अधिकार न बताए जाने के बाद इस मसले पर बहस छिड़ गई है. आगामी बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election)को देखते हुए सतर्क हुई बीजेपी (BJP) ने अपना रुख आरक्षण के मसले पर साफ कर दिया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP President J.P. Nadda) ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण का समर्थन करती है.

मोदी सरकार वंचित तबके को आरक्षण की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आरक्षण के मसले पर किसी भी तरह के भ्रम से लोगों को बचने की सलाह दी. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा, “समाज में कुछ लोग आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं.

मोदी सरकार और बीजेपी आरक्षण के प्रति पूरी तरह कटिबद्ध है. सामाजिक न्याय के प्रति हमारी वचनबद्धता अटूट है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार बार इस संकल्प को दोहराया है. सामाजिक समरसता और सभी को समान अवसर हमारी प्राथमिकता है. मैं स्पष्ट करता हूं, बीजेपी आरक्षण व्यवस्था के साथ है.”

माना जा रहा है कि 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी सतर्क है. पिछले विधानसभा चुनाव से सबक लेते हुए पार्टी ने आरक्षण पर बहस छिड़ते ही तुरंत स्टैंड साफ करते हुए समर्थन किया है. बिहार के पिछले चुनाव के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने एक बयान में आरक्षण की समीक्षा किए जाने की बात कही थी, जिसे तब आरजेडी मुखिया लालू यादव (Lalu Yadav) ने चुनाव के दौरान खूब भुनाया था.

लालू प्रसाद यादव ने समीक्षा की बात को आरक्षण खत्म करने की चाल बताते हुए इसे चुनाव में बड़ा मुद्दा बनाया था. हालांकि, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रैलियों में साफ कर दिया था कि उनकी सरकार आरक्षण से कोई छेड़छाड़ नहीं करने वाली है. बावजूद, इसके पार्टी को चुनाव में आरक्षण का मुद्दा उछलने पर नुकसान उठाना पड़ा था.

अब एक बार फिर से आरक्षण पर बहस, सुप्रीम कोर्ट के गुरुवार को दिए गए एक फैसले से उठी. जब सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु (Tamil Nadu) के मेडिकल कॉलेजों (Medical Colleges) में ओबीसी कोटा (OBC Quota) को लेकर दाखिल याचिकाओं की सुनवाई करते हुए कहा था कि आरक्षण मौलिक अधिकार नहीं है.

यह याचिका तमिलनाडु की कई पार्टियों ने दाखिल की थी. याचिका में मेडिकल कॉलेजों में 50 फीसदी सीटें ओबीसी के लिए रिजर्व करने की मांग की गई थी.