Home Blog Page 96

कोरोना के चलते राजस्थान में 10 मई से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन, विवाह समारोह की भी इजाजत नहीं

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कोरोना वायरस संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए प्रदेश में 10 मई से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन लागू करने का निर्णय किया गया.

राज्य में 10 मई सुबह पांच बजे से 24 मई सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लगने के साथ ही विवाह समारोह 31 मई 2021 के बाद ही आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान सभी प्रकार के धार्मिक स्थल बंद रहेंगे. विवाह से संबंधित किसी भी प्रकार के समारोह, डीजे, बारात एवं निकासी तथा प्रीतिभोज आदि की अनुमति 31 मई तक नहीं होगी.

विवाह घर पर ही अथवा कोर्ट मैरिज के रूप में ही करने की अनुमति होगी, जिसमें केवल 11 व्यक्ति ही अनुमत होंगे। इसकी सूचना वेब पोर्टल पर देनी होगी.

निर्णय के अनुसार विवाह में बैण्ड-बाजे, हलवाई, तंबू या इस प्रकार के अन्य किसी भी व्यक्ति के सम्मिलित होने की अनुमति नहीं होगी. शादी के लिए टेन्ट हाउस एवं हलवाई से संबंधित किसी भी प्रकार के सामान की होम डिलीवरी भी नहीं की जा सकेगी.

मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल एवं होटल परिसर शादी-समारोह के लिए बंद रहेंगे. विवाह स्थल मालिकों, टेन्ट व्यवसायियों, कैटरिंग संचालकों और बैण्ड-बाजा वादकों आदि को अग्रिम बुकिंग राशि आयोजनकर्ता को लौटानी होगी या बाद में आयोजन करने पर समायोजित करनी होगी.

निर्णय के अनुसार किसी भी प्रकार के सामूहिक भोज की अनुमति नहीं होगी. ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों के संक्रमित होने के मामले सामने आए हैं, इसे देखते हुए मनरेगा के कार्य स्थगित रहेंगे.

चिकित्सा सेवाओं के अतिरिक्त सभी प्रकार के निजी एवं सरकारी परिवहन के साधन जैसे- बस, जीप आदि पूरी तरह बंद रहेंगे. बारात के आवागमन के लिए बस, ऑटो, टेम्पो, ट्रैक्टर, जीप आदि की अनुमति नहीं होगी.

मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुसार अन्तरराज्यीय एवं राज्य के भीतर माल का परिवहन करने वाले भारी वाहनों का आवागमन, माल उतारने-चढ़ाने तथा इस कार्य के लिए नियोजित व्यक्ति अनुमत होंगे.

राज्य में चिकित्सा, अन्य आपातकालीन एवं अनुमत श्रेणियों को छोड़कर एक जिले से दूसरे जिले, एक शहर से दूसरे शहर, शहर से गांव, गांव से शहर और एक गांव से दूसरे गांव में सभी प्रकार के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को 72 घंटे के भीतर करवाई गई आरटीपीसीआर नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. यदि कोई यात्री नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसे 15 दिन के लिए पृथक-वास में रखा जाएगा.

श्रमिकों के पलायन को रोकने के लिए उद्योगों एवं निर्माण से संबंधित सभी इकाइयों में कार्य करने की अनुमति होगी. श्रमिकों को आवागमन में असुविधा नहीं हो, इसके लिए इन इकाइयों द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाएगा.

बैठक में प्रदेश में ऑक्सीजन के ‘अपर्याप्त आवंटन’ पर गहरी चिंता व्यक्त की गई. मंत्रिमंडल ने कहा कि राजस्थान में कोरोना संक्रमितों की बड़ी संख्या के अनुपात में केन्द्र सरकार द्वारा किया गया आवंटन नाकाफी है.

इसने कहा कि जामनगर से अनावंटित 200 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की मात्रा में से राजस्थान को अधिकतम आवंटन किया जाए क्योंकि वर्तमान में कोविड रोगियों के लिए प्रदेश में ऑक्सीजन की आवश्यकता 600 मीट्रिक टन से अधिक पहुंच गई है और 15 मई तक इसके लगभग 795 मीट्रिक टन तक हो जाने का अनुमान है.

बैठक में कहा गया कि केन्द्र सरकार राज्य की आवश्यकता के अनुरूप जल्द-से-जल्द ऑक्सीजन का आवंटन बढ़ाए.”

देश में लॉकडाउन और पाबंदियों से अप्रैल में 75 लाख से ज़्यादा लोगों ने गंवाई नौकरियां

देश में Covid -19 महामारी की दूसरी लहर और उसकी रोकथाम के लिए लगाए गए ‘लॉकडाउन’ और अन्य पाबंदियों से 75 लाख से अधिक लोगों को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा है. इससे बेरोजगारी दर चार महीने के उच्च स्तर 8 प्रतिशत पर पहुंच गई है. सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन एकोनॉमी ( Centre for Monitoring Indian Economy -CMIE)  ने यह जानकारी दी है.

सीएमआईई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) महेश व्यास (Managing Director and Chief Executive, Mahesh Vyas) ने कहा कि आने वाले समय में भी रोजगार के मोर्चे पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बने रहने की आशंका है. उन्होंने कहा, ‘मार्च की तुलना में अप्रैल महीने में हमने 75 लाख नौकरियां गंवाई. इसके कारण बेरोजगारी दर बढ़ी है.’

केंद्र सरकार के आंकड़े के अनुसार राष्ट्रीय बेरोजगारी दर (National Unemployment rate) 7.97 प्रतिशत पहुंच गई है. शहरी क्षेत्रों में 9.78 प्रतिशत, जबकि ग्रामीण स्तर पर बेरोजगारी दर 7.13 प्रतिशत है. इससे पहले, मार्च में राष्ट्रीय बेरोजगारी दर 6.50 प्रतिशत थी और ग्रामीण तथा शहरी दोनों जगह यह दर अपेक्षाकृत कम थी.

Covid-19 महामारी बढ़ने के साथ कई राज्यों ने ‘लॉकडाउन’ समेत अन्य पाबंदियां लगाई हैं. इससे आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा और फलस्वरूप नौकरियां प्रभावित हुई हैं. व्यास ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि कोविड-महामारी कब चरम पर पहुंचेगी, लेकिन रोजगार के मार्चे पर दबाव जरूर देखा जा सकता है.’ हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति उतनी बदतर नहीं है जितनी की पहले ‘लॉकडाउन’ में देखी गई थी. उस समय बेरोजगारी दर 24 प्रतिशत तक पहुंच गई थी.

आज तीसरी बार लेंगी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी ममता बनर्जी , सौरव गांगुली सहित इन चेहरों को किया गया आमंत्रित

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने के बाद टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी तीसरी बार आज सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी. हालाँकि कोविड प्रोटोकॉल  के चलते शपथ ग्रहण समारोह में कुछ ही लोग उपस्थित रहेंगे.

मिली जानकारी के मुताबिक़ शपथ ग्रहण समारोह के लिए बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली, टीएमसी के महासचिव पार्थ चटर्जी , वरिष्ठ नेता सुब्रत मुखर्जी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के अलावा लेफ्ट के चेयरमैन विमान बोस, बंगाल बिजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष , बीजेपी के नेता मनोज टिग्गा , कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान, प्रदीप भट्टाचार्य, अधीर रंजन चौधरी को भी आमंत्रित किया गया है.

ग़ौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी 292 में से 213 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में आई हैं. बीजेपी को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई है. दो सीटों पर अन्य ने जीत दर्ज की है.

वहीं दूसरी तरफ़ बंगाल में हिंसा के खिलाफ भाजपा आज पूरे देशभर में धरना देगी. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिलीप घोष खुद धरने पर बैठेंगे.

बुधवार को ऐसे करें भगवान गणेश को प्रसन्न, इन 3 मंत्रों के जाप से जीवन के हर दुख से मिलेगी मुक्ति

हिंदू मान्यताओं के अनुसार कोई भी शुभ कार्य करने से पहले भगवान गणेश की पूजा की जानी जरूरी है. भगवान गणेश सभी लोगों के दुखों को हरते हैं. कहा जाता है कि प्रथम पूजनीय गणेश जी का श्रद्धा भाव से पूजन करने से घर में सुख समृद्धि तो आती है और घर धन धान्य से पूर्ण हो जाता है. उनके बिना कोई भी पूजा पूर्ण नहीं होती है. कहा जाता है कि भगवान गणेश की सात्विक साधनाएं बेहद ही सरल और प्रभावशाली होती हैं. गणेश जी के 3 ऐसे मंत्र हैं जिनका बुधवार को जाप करने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है और सारे दुख दूर हो जाते हैं. आइए जानते हैं कौन से हैं वो मंत्र.

गणेश गायत्री मंत्र

ॐ एकदन्ताय विद्महे वक्रतुंडाय धीमहि तन्नो बुदि्ध प्रचोदयात।।

यह गणेश गायत्री मंत्र है. सच्चे मन से इस मंत्र का जाप बुधवार को 108 बार करें. इससे गणेश जी प्रसन्न हो जाते हैं. अगर लगातार 11 दिन तक गणेश गायत्री मंत्र का जाप किया जाए तो व्यक्ति के पूर्व कर्मों का बुरा फल खत्म हो जाता है.

तांत्रिक गणेश मंत्र

ॐ ग्लौम गौरी पुत्र, वक्रतुंड, गणपति गुरू गणेश।

ग्लौम गणपति, ऋदि्ध पति, सिदि्ध पति। मेरे कर दूर क्लेश।।

बुधवार को सुबह के समय भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा करने के बाद अगर इस मंत्र का जाप 108 बार किया जाए तो व्यक्ति के जीवन के सभी दुख खत्म हो जाते हैं लेकिन इस मंत्र का उच्चारण करते समय व्यक्ति को पूर्ण सात्विकता रखनी होती है. साथ ही क्रोध, मांस, मदिरा आदि से दूर भी रहना होता है.

गणेश कुबेर मंत्र

ॐ नमो गणपतये कुबेर येकद्रिको फट् स्वाहा।

अगर किसी व्यक्ति पर बहुत ज्यादा कर्जा हो गया है, साथ ही आर्थिक परेशानियां बहुत बढ़ गई हैं तो उसे गणेश कुबेर मंत्र का जाप करना चाहिए. इस मंत्र का जाप नियमित रूप से करने पर व्यक्ति का कर्जा चुकना शुरू हो जाता है. साथ ही धन के नए स्त्रोत भी बनते हैं.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं मान्यताओं पर आधारित हैं. हम इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Source : News18Hindi

Maharashtra : Ambulance नहीं मिली तो कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से श्मशान ले जाया गया कोरोना संक्रमित मृतक का शव

महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में इंसानियत को शर्मशार करने वाला मामला सामने आया है. जहां कोरोना संक्रमण से हुई एक शख़्स की मृत्यु के बाद कूड़ा उठाने वाले वाहन के जरिये उसके शव को श्मशान पहुंचाया गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि लाख कोशिशों के बावजूद भी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई और निजी वाहनों ने शव को श्मशान तक पहुंचाने से मना कर दिया था.

धोल्की पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार की है जब किसी गांव का एक व्यक्ति सात किलोमीटर दूर नजदीक के तेर गांव में डॉक्टर के पास गया और वहीं उसके क्लीनिक के बाहर गिर गया.

इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी जिसके बाद सरकारी अस्पताल की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. उस व्यक्ति की रैपिड एंटीजन जांच किए जाने पर वह कोरोना से संक्रमित पाया गया.

अस्पताल के कर्मचारियों ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को गांव के लोगों के हवाले कर दिया. गांव के सरपंच विजय हजगुड़े ने बताया कि मृतक के शव को श्मशान घाट ले जाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की कोशिश की गयी, लेकिन तेर अस्पताल की एम्बुलेंस एक गर्भवती महिला को ले जाने के लिए बुक थी. दुगना किराया देने की पेशकश करने के बाद बावजूद निजी वाहनों ने भी श्मशान घाट जाने से इनकार कर दिया.

अंत में शव को श्मशान घाट तक ले जाने के लिए एक कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया.

दिल्ली सरकार राशन कार्डधारकों को मुफ्त राशन, ऑटो-टैक्सी चालकों को आर्थिक मदद देगी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal) ने कहा कि दिल्ली सरकार अगले दो माह के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 72 लाख राशन कार्डधारकों को मुफ्त राशन तथा ऑटो रिक्शा एवं टैक्सी चालकों को 5,000-5,000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी.

मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन प्रेस वार्ता में कहा कि इसका यह मतलब नहीं है कि संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन दो महीने तक लागू रहेगा. राष्ट्रीय राजधानी में Covid-19 के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने के लिए 10 मई तक लॉकडाउन लागू है.

दिल्ली के मुख्यमंत्रीने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दिल्ली में हालात सुधरेंगे और लॉकडाउन की जरूरत नहीं पड़ेगी.

उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली में 72 लाख राशन कार्डधारकों को अगले दो महीने तक निशुल्क राशन दिया जाएगा. दो महीने तक मुफ्त राशन देने के हमारे फैसले का का यह अर्थ नहीं है कि संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन दो महीने तक लगा रहेगा. हमने Covid-19 को काबू में लाने के लिए लॉकडाउन लगाया और मैं आशान्वित हूं कि हम यथाशीघ्र इसे समाप्त करेंगे.’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार ने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान 1.56 लाख ऑटो और टैक्सी चालकों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी थी और हम उनकी मदद इस बार भी ऐसा ही करेंगे.’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने Covid-19 पर काबू पाने के लिए लॉकडाउन लगाया, लेकिन इससे लोगों खासकर गरीबों एवं दिहाड़ी मजदूरों के लिए आर्थिक संकट पैदा हो गया.

पिछले सप्ताह दिल्ली सरकार ने निर्माण श्रमिकों के लिए 5000-5000 रूपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी.दिल्ली की वर्तमान स्थिति को ‘बहुत खराब दौर’ करार देते हुए केजरीवाल ने लोगों से अस्पतालों में बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाइयां ढूढने एवं आवश्यकता पड़ने पर भोजन उपलब्ध कराने में एक दूसरे की सहायता करने की अपील की.

उन्होंने राजनीतिक दलों से भी लोगों की सहायता करने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘ यह राजनीति करने का समय नहीं है. हर व्यक्ति, चाहे वह भाजपा से जुड़ा हो या कांग्रेस से या आप से, को उन सभी की सहायता करनी चाहिए, जिन पर महामारी की भयंकर मार पड़ी है.’’

भारत सरकार के पास रणनीति का अभाव, अब संपूर्ण लॉकडाउन की जरूरत: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोरोना महामारी की गंभीर स्थिति को लेकर एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार के पास रणनीति का पूरी तरह अभाव है, ऐसे में अब संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की जरूरत है.

उन्होंने यह भी कहा कि लॉकडाउन लगाने के साथ ही कमजोर तबकों को सीधी आर्थिक मदद दी जाए.

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘ कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए अब पूर्ण लॉकडाउन का ही विकल्प बचा है तथा इसके साथ ही कमजोर तबकों की सुरक्षा के लिए ‘न्याय’ (न्यूतम आय गारंटी) दिया जाए. भारत सरकार की निष्क्रियता से बहुत सारे निर्दोष लोगों की जान जा रही है.’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के पास रणनीति का पूर्ण अभाव है इसलिए लॉकडाउन एकमात्र विकल्प बचा है.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार ने वायरस को इस स्तर पर पहुंचने में मदद की और अब इसको रोकने का कोई दूसरा उपाय नहीं है. भारत के खिलाफ अपराध किया गया है.’’

गौरतलब है कि भारत में Covid-19 के एक दिन 3,57,229 नए मामले आए और 3,449 लोगों ने जान गंवायी. इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले 2,02,82,833 हो गए और मृतकों की संख्या 2,22,408 पर पहुंच गई.

America में 12 साल से अधिक के बच्चों को Covid-19 Vaccine लगाने की तैयारी, अगले हफ्ते मिल सकती है मंजूरी

अमेरिका के खाद्य एवं दवा प्रशासन (US Food and Drug Administration) द्वारा 12 साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए फाइजर (Pfizer) के Covid-19 टीके को अगले सप्ताह मंजूरी दिये जाने की संभावना है. एक संघीय अधिकारी और इस प्रक्रिया से अवगत तथा अगले स्कूली वर्ष के शुरू होने से पहले कई खुराकों की व्यवस्था करने वाले व्यक्ति ने इस बारे में बताया.

कंपनी का टीका 16 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए पहले ही मंजूर किया जा चुका है. हालांकि कंपनी ने पाया कि उसका टीका छोटे बच्चों पर भी कारगर है, जिसके महज एक महीने बाद यह घोषणा हुई है.

संघीय अधिकारी ने बताया कि एजेंसी के फाइजर की दो खुराक वाले टीके पर इस सप्ताह के शुरू में आपात इस्तेमाल की मंजूरी देने की संभावना है.

12 से 15 साल के बच्चों को टीका देने के संबंध में संघीय टीका परामर्श समिति के साथ बैठक के बाद ही एफडीए कोई कार्रवाई करेगा.

वहीं, अमेरिका में जोर पकड़ते टीकाकरण अभियान और कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी के मद्देनजर यूरोपीय संघ (ईयू) के अधिकारियों ने Covid-19 महामारी के कारण पिछले 13 महीने से अधिक समय से अमेरिका में बाधित हवाई यात्रा में ढील देने का प्रस्ताव दिया है क्योंकि टीकाकरण से कई देशों में संक्रमण एवं उससे होने वाले मौत के मामलों में कमी देखी गयी है. भारत में संक्रमण की स्थिति बिगड़ने के बीच कई देशों में हालात सुधरे हैं.

अमेरिका में अक्टूबर के बाद से पहली बार रोजाना के मामले कम होकर औसतन 50,000 से नीचे पहुंच गये हैं. परिवहन सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, अमेरिकी हवाईअड्डा जांच केंद्र में करीब 16.7 लाख लोगों की जांच हुई जो पिछले साल मध्य-मार्च से सर्वाधिक है.

फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसांतिस ने एक विधेयक पर हस्ताक्षर किया था जो महामारी के दौरान स्थानीय आपात उपायों को लागू करने का अधिकार देता है.

हालांकि यह कानून जुलाई तक प्रभावी नहीं होगा लेकिन रिपब्लिकन गवर्नर ने कहा वह स्थानीय स्तर पर अनिवार्य रूप से मास्क पहनने के नियम में ढील से संबंधी एक शासकीय आदेश जारी करेंगे.

लास वेगास में भी कसीनो में आने वालों की क्षमता बढ़ाकर 80 प्रतिशत कर दी गयी और दो व्यक्ति के बीच दूरी को घटाकर तीन फुट कर दिया गया है.

न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने घोषणा की न्यूयॉर्क सिटी में मेट्रो ट्रेन सेवाएं जल्द पूरी रात के लिए भी बहाल कर दी जाएंगी और मध्य मई में राज्य भर में अधिकतर कारोबारों पर प्रतिबंध घटा दिया जायेगा.

लॉस एंजिलिस में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई. ईयू के अधिकारियों ने सोमवार को 27 देशों के लिए यात्रा प्रतिबंध में ढील संबंधी प्रस्ताव की भी घोषणा की. इस पर अंतिम फैसला इसके सदस्य देश करेंगे.

यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन देर लेयेन ने कहा, ‘‘सुरक्षित तरीके से ईयू पर्यटन उद्योग की समीक्षा करने और सीमा पार मित्रता को फिर से शुरू करने का समय है.”,

Delhi में कोरोना का कहर : बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 18043 नए मामले आए सामने, 448 मरीजों की हुई मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना का कहर जारी है. रात के करीब साढ़े 11 बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18043 नए मामलों की पुष्टि हुई है और सर्वाधिक 448 मरीजों की मौत हुई है. दिल्ली में अब तक 1212989 लोग संक्रमित हुए हैं और 17414 मरीजों की जान चली गई.

शहर में रविवार को 20,394 नए मामले आए थे और 407 मरीजों की मौत हुई थी. शनिवार को 25219 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी और 412 मरीजों की जान चली गई थी. वहीं शुक्रवार को 27,047 नए मामले आए थे और 375 मरीजों की मौत हुई थी. दिल्ली में एक दिन में 20 अप्रैल को सबसे अधिक 28395 लोग संक्रमित हुए थे. 

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार सेना, निजी क्षेत्र सहित कई प्रतिष्ठानों और संस्थानों से बिस्तरों और ऑक्सीजन के लिए मदद मांग रही है

उन्होंने कहा कि रविवार तक राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘440 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिला है जो आवंटित कोटा 590 मीट्रिक टन और दिल्ली के लिए आवश्यक 976 मीट्रिक टन से बहुत कम है.’’

केन्द्र सरकार ने ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए शनिवार को दिल्ली के लिए ऑक्सीजन का कोटा 490 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 590 मीट्रिक टन कर दिया.

मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार विभिन्न लोगों से ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए मदद मांग रही है, जिसमें सेना से ट्रक मांगना और डीआरडीओ से 500 बिस्तरों की मांग शामिल है.’’

अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बैठक की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शहर में होम क्वॉरंटीन सिस्टम को और मजबूत बनाएं. उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोविड-19 के मरीजों को संक्रमण की पुष्टि होने के 24 घंटे के भीतर सरकार द्वारा नियुक्त डॉक्टरों की टीम से कॉल किया जाए.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आज कहा कि दिल्ली, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और पंजाब में कोविड-19 के दैनिक मामलों में स्थिरता के संकेत मिल रहे हैं जबकि बिहार, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में दैनिक मामलों में वृद्धि के रूझान दिखाई दे रहे हैं.

West Bengal : कोरोना वायरस संक्रमण के 17,501 नए मामले आए सामने 98 मरीजों की मौत

पश्चिम बंगाल में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 17,501 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,80,894 हो गई. वहीं, कोलकाता में एक ही दिन में संक्रमण के सर्वाधिक 3,990 नए मामले दर्ज किए गए.

स्वास्थ्य विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 15,937 मरीजों के संक्रमण से उबरने के बाद राज्य में अब तक कुल 7,49,296 लोग ठीक हो चुके हैं.

इसके मुताबिक, बंगाल में इसी अवधि में कोविड-19 के 98 मरीजों की मौत के साथ ही मृतक संख्या बढ़कर 11,637 तक पहुंच गई. बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में फिलहाल 1,19,961 मरीज उपचाराधीन हैं. बंगाल में पिछले 24 घंटे में 55,287 नमूनों की जांच की गई, जिसके साथ ही अब तक कुल 1,06,00,346 नमूनों की जांच की जा चुकी है.

आपको बता दें कि, देश में कोरोना संक्रमण से हाहाकर मचा हुआ है. वहीं, इस बीच पश्चिम बंगाल में हाल ही विधानसभा चुनाव हुये हैं. यहां चुनावी रैलियां आयोजित की गई थी. आशंका ये जताई जा रही है कि राज्य में अब चुनाव के बाद संक्रमण तेजी से फैल सकता है. आंकड़ें जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, वह स्थिति चिंताजनक है.