Home Blog Page 189

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन का खुलासा, द्रविड़ की एक सलाह से बैटिंग में हुआ था बड़ा सुधार

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने अपनी बल्लेबाजी पर पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के प्रभाव को याद करते हुए कहा है कि स्पिन को कैसे खेला जाए इसे लेकर दिग्गज भारतीय बल्लेबाज की सलाह ने उनके लिए नए रास्ते खोल दिए. पीटरसन ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उनके अनुभव, द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग जैसे विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने से उन्हें अपने शॉट में इजाफा करने में मदद मिली.

पीटरसन पूर्ववर्ती डेक्कन चार्जर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी आईपीएल टीमों की ओर से खेले. इंग्लैंड के पूर्व स्टार बल्लेबाज ने कहा, ‘‘द्रविड़ ने मुझे सबसे खूबसूरत ईमेल लिखा, स्पिन खेलने की कला के बारे में बताया और तब से मेरे सामने नई दुनिया थी.’’ एकदिवसीय बल्लेबाजी में कई सालों में आए बदलाव पर चर्चा के दौरान पीटरसन ने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा, ‘‘सबसे अहम यह है कि गेंद को फेंके जाते ही हम उसकी लेंथ को देखें- स्पिन का इंतजार करें और अपना फैसला करें.’’

इंग्लैंड की ओर से 2004 से 2014 के बीच दस साल के अपने करियर के दौरान पीटरसन दुनिया के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में से एक रहे विशेषकर सीमित ओवरों के क्रिकेट में.
पीटरसन ने 104 टेस्ट में 47.28 की औसत से 8181 रन बनाए जबकि 136 वनडे में 40.73 की औसत से 4440 रन बटोरे. पीटरसन ने कहा कि उनके सुर्खियां बटोरने वाला ‘स्विच हिट’ शॉट में युवावस्था में घंटों स्क्वाश खेलने की भी भूमिका थी.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव, टविट्टर पर दी जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाए गए हैं. अमित शाह ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि अमित शाह को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है. अमित शाह ने कहा है कि जो लोग हाल के दिनों में उनके संपर्क में आएं हैं, वह भी अपनी जांच कराएं.

अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा है, ”कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं. मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट करके अमित शाह के जल्द स्वास्थ होने की कामना की है.जेपी नड्डा (JP Nadda) ने ट्वीट किया है, ”माननीय गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना संक्रमित होने का समाचार प्राप्त हुआ. मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं.”

गौरतलब है कि अयोध्या (Ayodhya) में पांच अगस्त को राम मंदिर भूमि पूजन (Ram Mandir Bhumi Poojan) का कार्यक्रम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के साथ गृह मंत्री अमित शाह को भी इस कार्यक्रम में शिरकत करनी थी, लेकिन आज उनके कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अब वह इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे.

आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस महामारी के नए मामले हर दिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहे हैं. देश में कुल संक्रमितों की संख्या 17 लाख के पार पहुंच गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 17 लाख 50 हजार 724 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 37,364 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लाख 45 हजार 629 लोग ठीक भी हुए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 54 हजार 736 नए मामले सामने आए और 853 मौतें हुईं.

सुशांत मामले की जांच में मुंबई पुलिस की क्षमता पर सवाल न उठाएं : उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Maharashtra Chief Minister Uddhav Thackeray) ने कहा कि वह बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत के मामले की जांच करने में मुंबई पुलिस की दक्षता पर सवाल उठाने की कोशिशों की निंदा करते हैं. अभिनेता की मौत के मामले में सीबीआई जांच (CBI enquiry) की बढ़ती मांग के बीच उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस मामले की जांच करने में सक्षम है. ठाकरे ने शुक्रवार को विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा नेता मामले की जांच करने में मुंबई पुलिस (Mumbai Police) की विश्वसनीयता पर संदेह जता रहे हैं जबकि वह खुद पांच साल तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं ठाकरे ने एक मराठी समाचार चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘ देवेंद्र फडणवीस को समझना चाहिए कि यह वही पुलिस है जिसके साथ उन्होंने पांच वर्ष तक काम किया है.’’ इससे पहले फडणवीस ने कहा था कि राजपूत की मौत के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate-ED) को धनशोधन के पहलू से जांच के लिए प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईर) दर्ज करनी चाहिए.उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग चाहते हैं कि मामले की जांच को सीबीआई को सौंपा जाए, लेकिन राज्य की उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाडी (Maha Vikas Aghadi) सरकार ऐसा नहीं कर रही है. ठाकरे ने कहा कि मुंबई पुलिस ‘‘कोरोना योद्धा’’ (Covid Warrior) रही है और उसके कई कर्मियों की इस संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है. उन्होंने कहा कि उनकी क्षमता पर सवाल उठाना उनका अपमान करना है और ‘‘मैं इसकी निंदा करता हूं.’’ठाकरे ने कहा कि अगर किसी के पास इस मामले से संबंधित सबूत हैं तो वह मुंबई पुलिस को सौंप सकता है. उन्होंने कहा, ‘‘हम जांच करेंगे और दोषी को सजा देंगे. बहरहाल कृपया करके इस मामले को महाराष्ट्र बनाम बिहार का मुद्दा न बनाए. यह सबसे निंदनीय बात है.’’महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Maharashtra Home Minister Anil Deshmukh) ने हाल ही में कहा था कि मुंबई पुलिस मामले की जांच करने में सक्षम है और मामले में सीबीआई जांच की कोई जरूरत नहीं है. गौरतलब है कि राजपूत (34) 14 जून को उपनगर बांद्रा (Bandra) में अपने अपार्टमेंट में फांसी पर लटके पाए गए थे. बिहार पुलिस (Bihar Police) की एक टीम दिवंगत अभिनेता के पिता द्वारा पटना (Patna) में दर्ज कराए गए ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ के अलग मामले की जांच कर रही है. ठाकरे ने कार्यक्रम में यह भी कहा कि जब तक उनके पास राज्य के लोगों और शिवसैनिकों का समर्थन है तब तक उन्हें अपनी सरकार के टिके रहने की चिंता नहीं है. उन्होंने पूछा, ‘‘भाजपा कहती है हमारी सरकार जनादेश के खिलाफ बनी. तो फिर लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करना जनादेश है?’’शिवसेना अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी और भाजपा अब ‘‘अलग’’ हो चुके हैं तो राष्ट्रीय पार्टी को इसकी चिंता नहीं होनी चाहिए कि उनकी पार्टी क्या करती है. ठाकरे ने राकांपा (NCP) और कांग्रेस (Congress) का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम 30 वर्ष तक भाजपा के साथ रहे लेकिन उन्होंने हम पर भरोसा नहीं किया. लेकिन 30 वर्ष तक जिनके साथ हमारे राजनीतिक मतभेद रहे उन्होंने हम पर विश्वास किया.’’

देश में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 57,118 मामले, स्वस्थ होने वालों की संख्या 10,94,374 हुई

देश में एक दिन में कोविड-19 (COVID-19) के सर्वाधिक 57,118 मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 16,95,988 हो गए जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़कर 10,94,374 हो गई है.केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में 764 लोगों की मौत के बाद इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 36,511 हो गई है. देश में फिलहाल 5,65,103 संक्रमित मरीज उपचाररत हैं.आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 मरीजों के स्वस्थ होने की दर 64.53 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर और घटकर 2.15 प्रतिशत रह गई है. यह लगातार तीसरा दिन है जब कोविड-19 के मामले 50,000 से ज्यादा सामने आए है. संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.आईसीएमआर के मुताबिक, 31 जुलाई तक 1,93,58,659 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 5,25,689 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई. जिन 764 और लोगों की मौत हुई है उनमें 265 महाराष्ट्र से, 97 तमिलनाडु से, 84 कर्नाटक से, 68 आंध्र प्रदेश से, 45 पश्चिम बंगाल से, 43 उत्तर प्रदेश से, 27 दिल्ली से, 23 गुजरात से, 16 पंजाब से हैं. वहीं बिहार और तेलंगाना से 14-14, जम्मू-कश्मीर से 12 और राजस्थान में 11 लोगों की मौत हुई है. मध्य प्रदेश से 10, ओडिशा से आठ, असम, हरियाणा और उत्तराखंड से चार-चार, गोवा, झारखंड, केरल से तीन-तीन, छत्तीसगढ़ से दो जबकि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, चंडीगढ़, मणिपुर और पुडुचेरी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. अब तक कुल हुई 36,511 मौत में से सबसे अधिक 14,994 मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद दिल्ली में 3,963, तमिलनाडु में 3,935, गुजरात में 2,441, कर्नाटक में 2,314, उत्तर प्रदेश में 1,630, पश्चिम बंगाल में 1,581, आंध्र प्रदेश में 1,349 और मध्य प्रदेश में 867 लोगों की मौत हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक राजस्थान में अब तक कोविड-19 से 674 लोगों, तेलंगाना में 519, हरियाणा में 421, पंजाब में 386, जम्मू-कश्मीर में 377, बिहार में 296, ओडिशा में 177, झारखंड में 106, असम में 98, उत्तराखंड में 80, केरल में 73 लोगों की मौत हुई है. छत्तीसगढ़ में 53, पुडुचेरी में 49, गोवा में 45, त्रिपुरा में 21, चंडीगढ़ में 15, हिमाचल प्रदेश में 14, लद्दाख में सात, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में पांच-पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा और नगर हवेली और दमन एवं दीव में दो-दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक मौतें अन्य गंभीर बीमारियों के कारण हुई हैं. मंत्रालय ने कहा कि हमारे आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के साथ पुनर्मिलान किया जा रहा है.

अमर सिंह का 64 वर्ष की उम्र में निधन, सिंगापुर के अस्पताल में ली आखिरी सांस

राज्यसभा सांसद और  सपा के पूर्व नेता अमर सिंह (Amar Singh) का 64 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.उन्होंने सिंगापुर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली जहां लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था. वे काफी दिनों से बीमार थे. उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था. वे पिछड़े डेढ़ महीने से आईसीयू (ICU) में थे.

आपको बता दें कि आज ही अमर सिंह ने बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया था. उन्होंने लिखा था, ‘ईद उल-अज़हा की बधाई. आइए इस दिन को प्रेम और खुशी फैलाकर मनाएं.’’

27 जनवरी 1956 को आजमगढ़ के राजपूत परिवार में जन्में अमर सिंह का उत्तर प्रदेश की सियासत में तकरीबन दो दशकों का सफर रहा. एक दौर था जब वे समाजवादी पार्टी के सबसे असरदार नेता थे. उन्हें मुलायम सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता था. लेकिन समाजवादी पार्टी की कमान अखिलेश यादव के हाथों में जाने के बाद 6 जनवरी 2010 को उन्होंने समाजवादी पार्टी  से किनारा कर लिया. सपा से अलग होने के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नज़दीक आ गए थे.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमर सिंह के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘’वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है. सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी. स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें. उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ.’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘’राज्य सभा सांसद अमर सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख पहुंचा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे. ॐ शांति.’’

वहीं बीजेपी के सीनियर नेता शाहनवाज हुसैन ने ट्वीट करते हुए अमर सिंह को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा, ‘’ अमर सिंह जी का जाना बहुत दुखद. दोस्तों के दोस्त, दोस्ती निभाने वाले व्यक्ति.’’

Bihar Flood : बाढ़ की स्थिति विकट, 14 जिलों के 45 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

बिहार में बाढ़ की स्थिति विकट बनी हुई है, जहां नदियों में बाढ़ आ जाने के कारण अब तक 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को जारी बुलेटिन में कहा कि पिछले 24 घंटे में बाढ़ के कारण किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए लोगों की संख्या में इस अवधि में पांच लाख से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.

बाढ़ के कारण राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. विभाग ने बताया कि 14 जिलों की 1,012 पंचायतों में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 45.63 लाख हो गई है, जबकि इससे एक दिन पहले यह संख्या 39.63 थी.

विधानसभा चुनाव के निकट होने के मद्देनजर, बाढ़ से निपटने संबंधी सरकारी प्रयासों को लेकर राज्य सरकार और विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. पूर्वी चंपारण के बाढ़ पीड़ित इलाके का दौरा करने वाले विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अब तक नीतीश कुमार सरकार द्वारा ‘‘केवल 19 राहत शिविर’’ बनाए जाने पर हैरानी जताई.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बिहार के जल संसाधन मंत्री बाढ़ नियंत्रण और जल संसाधन छोड़कर जेडीयू के लिए संसाधन उत्पन्न करते मिलेंगे. पिछले चार महीने के विपदा काल में आपदा प्रबंधन मंत्री को किसी ने देखा ही नहीं. मुख्यमंत्री 135 दिन से घर से बाहर नहीं निकले हैं.’’

इस बीच, जदयू-भाजपा सरकार ने राजद नेता पर आरोप लगाया कि वह बाढ़ से निपटने के सरकारी प्रयासों में सहयोग करने के बजाए प्रचार के लिए दौरे कर रहे है.

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 230 नए मामले आए सामने, संक्रमितों की संख्या 9 हजार के पार

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को संक्रमण के 230 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 9,086 हो गई है. राज्य में शुक्रवार को दो मरीजों की मौत हो गई.

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 230 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है. इनमें रायपुर जिले से 132, कोंडागांव से 23, दुर्ग से 19, राजनांदगांव से 17, महासमुंद से नौ, कोरबा से छह, बलरामपुर, बस्तर और बलौदाबाजार से चार-चार, बिलासपुर से तीन, जांजगीर से दो तथा दंतेवाड़ा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा, गरियाबंद, कांकेर और अन्य राज्य से एक-एक मरीज शामिल हैं.

अधिकारियों ने बताया कि शु्क्रवार को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति तथा निजी अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हुई. रायपुर के ईदगाह भांठा निवासी 44 वर्षीय पुरूष को तेज सांस चलने की वजह से 22 जुलाई को एम्स में भर्ती कराया गया था. उसे निमोनिया था और बाद में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई. मरीज की शुक्रवार तड़के मौत हो गई.

वहीं, गरियाबंद जिले के निवासी 59 वर्षीय पुरूष को गंभीर हालत में 30 जुलाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई.

अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अब तक 3,16,127 नमूनों की जांच की गई है. इनमें से 9,086 मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है. राज्य में 6,230 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है. वहीं, 2,803 मरीजों का इलाज किया जा रहा है. राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 53 लोगों की मौत हो गई है. छत्तीसगढ़ के सभी 28 जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं.

गुमनामी के अंधेरे में वीरान खंडहर बना बांका का सिरमिक फ़ैक्ट्री

“बांका जिले में विकास की तस्वीर कुछ और होती अगर सिरेमिक फ़ैक्ट्री चल रही होती परंतु सरकारों ने पूरी फ़ैक्ट्री को खंडहरों में बदल दिया है क्योंकि नेताओं के पास न तो नीति है और नीयत” यह कहना था प्लुरल्स पार्टी की प्रेसिडेंट पुष्पम प्रिया चौधरी का, जो पहली जुलाई को बांका के सिरेमिक फ़ैक्ट्री देखने आई थी. पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि “बाँका की कभी न शुरू हुई सिरामिक फ़ैक्ट्री बिहार के पॉलिसी-मेकर्स की इंडस्ट्रियल और इकॉनॉमिक समझ का बेहतरीन उदाहरण है. 32 एकड़ क़ीमती ज़मीन, रूस से आयातित मशीनें, समुखिया की चूना और अबरख खदानों पर भरोसा और 10,000 रोज़गार का वादा परंतु 1984 से अभी तक भूत-बंगलों का मैदान में बदल चुका है. बांका में न तो खदानें खुदीं, न इंडस्ट्री खुली और न रोज़गार मिला! पर अब 2020-30 बाँका और बिहार के पुनर्निर्माण का अंतिम अवसर है”. 32 एकड़ में निर्मित इस परिसर में 51 फ्लैट भी बने थे जो अब खंडहरों में तब्दील होकर सरकारों की उपेक्षा पर विलाप कर रही है. साल 1984 में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सिंह ने इस फ़ैक्ट्री का निर्माण कराया था ताकि इस क्षेत्र के चूना पत्थर की खानों का उपयोग करके लोगों को रोजगार दिया जा सके. यंहा की फ़ैक्ट्री में चीनी मिट्टी के बिजली के सामान और खिलौने का निर्माण किया जाना था. परंतु, यह फ़ैक्ट्री सरकारों की उपेक्षा का स्वर्णिम उदाहरण है कि किस तरह सरकारें काम करती है. पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि “बाँका में चूना-अबरख की खदानें नहीं ही खुदीं. दूसरी तरफ जमुई के सोनो में सोने के भंडार की खुदाई का वादा भी नक़ली नेताओं के वादों की तरह 1990 से अधूरी हैं”.सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि “बस एक मिथक गढ़ दिया गया कि सब कुछ झारखंड चला गया” परंतु जो रह गया उस तक कभी सरकार ने अपनी सोच और पहुंच स्पष्ट नहीं किया क्योंकि उनके पास न तो नीयत है और न ही विज़न है. जमुई में ज़मीन के अंदर और ज़मीन के ऊपर अकूत एवं अद्भुत सम्पदा है जिसका 2020-30 में सदुपयोग वहाँ के लोगों के असली विकास में करना है, स्वर्ग जैसी वादियों की सुरक्षा करते हुए! 1984 के बाद कई सरकारें बदली, कई सांसद-विधायक बदले पर नहीं बदल सकी तो बांका के सिरेमिक फ़ैक्ट्री की नियति. “अब वक़्त आ गया है विकास का” प्लुरल्स की प्रेसिडेंट ने कहा

Bihar Floods: 14 जिलों की 39.63 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित, खतरे के निशान से उपर बह रही हैं कई नदियां

बिहार के 14 जिलों की 3963728 आबादी बाढ़ से प्रभावित है और इसमें से 316661 लोगों को अबतक सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है. आपदा प्रबंधन विभाग से गुरुवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 14 जिलों- सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान और मधुबनी- के 108 प्रखंडों के 972 पंचायतों की 3963728 आबादी बाढ़ से प्रभावित है जहां से निष्क्रमित कराए गए 316661 लोगों में से 25116 व्यक्ति 19 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं.

बाढ़ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 1001 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है जहां अबतक 578272 लोगों ने भोजन किया है. दरभंगा जिला में सबसे अधिक 14 प्रखंडों के 173 पंचायतों की 1351200 आबादी बाढ से प्रभावित हुई है. बिहार के बाढ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 28 टीमों की तैनाती की गयी है.

बिहार के इन जिलों में बाढ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह और धौंस नदी के जलस्तर का बढना है. जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बागमती नदी सीतामढी, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में, बूढी गंडक नदी मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और खगडिया में, कमला बलान नदी मधुबनी में, गंगा नदी भागलपुर में, अधवारा नदी सीतामढी में, खिरोई दरभंगा में और महानंदा नदी पूर्णिया में गुरुवार को खतरे के निशान से उपर बह रही हैं.

विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण जिला के चकिया प्रखंड अंतर्गत बैरिया—करोल गांव के समीप बूढी गंडक के दायं तटबंध कि.मी. 16 से कि.मी. 18 के पीछे निर्मित रिटार्यड बांध के कि.मी. 0.9 पर अज्ञात ग्रामीणों द्वारा बांध को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. विभाग के अंतर्गत बाकी सभी बाढ सुरक्षात्मक बांध सुरक्षित हैं. उल्लेखनीय है कि बिहार में अबतक बाढ से दरभंगा जिले में सबसे अधिक सात लोगों और पश्चिम चंपारण में चार व्यक्ति की मौत हो चुकी है.

Coronavirus : महाराष्ट्र में एक दिन में आए रिकॉर्ड 11147 नए मामले, कुल मरीज़ों की संख्या पहुंची चार लाख के पार

महाराष्ट्र (Maharashtra) में गुरुवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 11,147 नए मामले सामने आने से प्रदेश में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 4,11,798 हो गई. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिन में 266 मरीजों की संक्रमण की वजह से मौत हो गई. इससे प्रदेश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14,729 हो गई है. विभाग ने कहा कि गुरुवार को संक्रमण मुक्त हुए 8,860 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिन्हें मिलाकर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 2,48,615 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 1,48,454 मरीज उपचाराधीन हैं. वहीं अबतक महाराष्ट्र में 20,70,128 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई है.राज्य में संक्रमण से ठीक होने की दर 60.37 फीसदी है जबकि मृत्यु दर 3.58 प्रतिशत है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, मुंबई में कोविड-19 के एक दिन में 1,223 नये मामले सामने आने से मुंबई महानगर में इसके कुल मामले बढ़कर 1,13,187 हो गए.  बीएमसी ने बताया कि 53 और मरीजों की दिन में संक्रमण से मौत होने से शहर में मृतक संख्या बढ़कर 6,297 हो गई. बीएमसी ने कहा कि गुरुवार को 1,058 मरीजों को ठीक होने के बाद असपतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे शहर में ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 86,385 हो गई. मुंबई में ठीक होने की दर अब 96 प्रतिशत है. बीएमसी ने कहा कि मुंबई में वर्तमान में 20,211 उपचाराधीन मरीज हैं, हालांकि कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 1.13 लाख से अधिक हो गए हैं. बीएमसी ने अभी तक 5.16 लाख कोविड-19 जांच की हैं. 28 जुलाई को 11 हजार से अधिक जांच की.