Home Blog Page 227

Lockdown में नींद ना आने से परेशान हैं Nora fatehi, शेयर किया वीडियो

कोरोना वायरस (Coronavirus) के चलते नेशनल लॉकडाउन चल रहा है. पिछले कई दिनों से सेलेब्स अलग-अलग गतिविधियों के सहारे अपने आपको बिजी रखने की कोशिश कर रहे हैं. एक्टर और डांसर नोरा फतेही (Nora fatehi) ने टिकटॉक (Tiktok) वीडियो के सहारे फनी अंदाज में बताया है कि वे नींद ना आने की समस्या से जूझ रही हैं.

नोरा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया और इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, जब भी मैं सोने की कोशिश करती हूं तो अनिद्रा का रोग मुझे घेर लेता है. लेकिन ऐसा क्यों हो रहा है? क्या कोई और इंसान भी इस चीज से रिलेट कर सकता है? नोरा का ये वीडियो फैंस के बीच काफी वायरल हो रहा है.

इससे पहले नोरा ने लॉकडाउन में अपने डांस वीडियोज भी शेयर किए थे. वे इस समय का सदुपयोग करते हुए कई डिशेज भी तैयार कर रही हैं. नोरा इसके अलावा अपनी फिटनेस का भी काफी ध्यान रखती हैं और होम वर्कआउट्स के सहारे अपने आपको फिट रखने की कोशिश करती हैं.

बता दें कि नोरा फतेही बाटला हाउस के गाने ओ साकी साकी, सत्यमेव जयते के गाने दिलबर और बाहुबली के गाने मनोहरी में अपनी शानदार डांस परफॉर्मेंस की वजह से लोगों का दिल जीत चुकी हैं. स्ट्रीट डांसर 3डी में भी उनका परफॉर्मेंस देखने लायक था. इस फिल्म में उनके साथ वरुण धवन और श्रद्धा कपूर जैसे सितारे नजर आए थे. रेमो डिसूजा द्वारा निर्देशित इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर औसत रिस्पॉन्स मिला था. नोरा के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में अजय देवगन स्टारर भुज द प्राइड जैसी फिल्में शामिल हैं. हालांकि लॉकडाउन के चलते इस फिल्म की शूटिंग रुकी हुई है.

Delhi में आज से शराब महंगी, MRP पर 70% लगेगी ‘स्पेशल कोरोना फीस’

दिल्ली (Delhi) में मंगलवार से शराब महंगी हो जाएगी. केजरीवाल सरकार ने शराब पर स्पेशल कोरोना फीस लगाने का फैसला लिया है. ये फीस MRP पर 70 फीसदी लगेगी. दिल्ली सरकार का ये फैसला मंगलवार से लागू होगा. इससे पहले हरियाणा सरकार ने भी शराब पर कोविड-19 (COVID-19) सेस लगाकर लोगों को तगड़ा झटका दिया था.

बता दें कि सोमवार से देश में लॉकडाउन के तीसरे फेज की शुरुआत हो गई. कोरोना के कारण लॉकडाउन को दो हफ्तों के लिए बढ़ाकर 17 मई तक लागू कर दिया गया है. हालांकि, इस बार बढ़ाए गए लॉकडाउन में कई रियायतें भी दी गई हैं. इनमें शराब की बिक्री को भी मंजूरी दी गई है. सोमवार से देश के कई शहरों में शराब की दुकानें खुल भी गईं. दुकानों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली. दिल्ली के कई इलाके में तो भगदड़ भी मची. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गईं.

दिल्ली में शराब की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) का पालन नहीं होने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कहीं भी अगर इस तरीके की घटना हो रही है, तो वह मुझे विचलित करती है. केंद्रीय मंत्री ने कहा, मुझे दुख और आश्चर्य होता है कि किसी भी सरकार ने ऐसा निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि निर्णय लेने के बाद इंप्लीमेंट किया गया है तो इसका रिव्यू जरूर करना चाहिए.

सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि अगर हमें अब मालूम पड़ा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है तो हमें उस इलाके को सील करना होगा और जो भी छूट दी जा रही है उसे वापस लेना होगा. दिल्ली के लोगों के सेहत के लिए हमें कड़े कदम उठाने पड़ेंगे.

COVID-19: देश में रिकवरी रेट 27.52 फीसदी, पिछले 24 घंटे में 1000 से ज्यादा लोग ठीक हुए- स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 42533 हो गए हैं. इसमें 29453 एक्टिव केस हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी. इसके साथ ही बताया गया कि अब तक इलाज के बाद 11000 से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं. कुल 11707 मरीज रिकवर हो चुके हैं और ये कुल मामलों का 27.52 फीसदी है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 1074 लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं और 2553 नए मामले सामने आए हैं. लव अग्रवाल ने कहा कि कोविड-19 जैसी महामारी में एतिहासिक रूप से ये पाया गया है कि प्रतिबंधों में ढील के बाद अगर सोशल डिस्टेंसिंग का सही से पालन नहीं किया तो संक्रमण के फैसने की संभावना तेजी से बढ़ जाती है.

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन जिलों में रिपोर्ट नहीं आए हैं औप अगर वहां केस आते हैं तो रियायतें वापस ले ली जाएंगी. ये बीमारी गुणात्मक तरीके से बढ़ती है लेकिन लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग की वजह से ऐसा नहीं हुआ है. इसलिए सबको नियमों का पालन करना है और सावधानी बरतनी है.

देश में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में हैं. यहां अब तक 12974 केस सामने आ चुके हैं और 548 लोगों की मौत हो चुकी है. आंध्र प्रदेश में 1583, अंडमान निकोबार में 33, अरुणाचल प्रदेश में एक, असम में 43, बिहार में 503, चंडीगढ़ में 94, छत्तीसगढ़ में 57, दिल्ली में 4549 और गोवा में सात मामले आए. हालांकि, अब गोवा के सभी मरीज ठीक हो गए हैं.

इसके अलावा गुजरात में 5428, हरियाणा में 442, हिमाचल प्रदेश में 40, जम्मू-कश्मीर में 701, झारखंड में 115, कर्नाटक में 614, केरल में 500, लद्दाख में 41, मध्य प्रदेश में 2846, मणिपुर में 2, मेघालय में 12, मिजोरम में एक, ओडिशा में 162, पुडुचेरी में 8, पंजाब में 1102, राजस्थान में 2886, तमिलनाडु में 3023, तेलंगाना में 1082, त्रिपुरा में 16, उत्तराखंड में 60, उत्तर प्रदेश में 2645 और पश्चमि बंगाल में 963 मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.

पवन सिंह और मोनालिसा का गाना यूट्यूब यूट्यूब पर हुआ वायरल, 2 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने देखा

लॉकडाउन के बीच भोजपुरी स्टार पवन सिंह और मोनालिसा का एक गाना ‘गोर करिया’ यूट्यूब पर काफी लोकप्रिय हो रहा है. गाने में मोनालिसा बेहद हॉट लग रही हैं. एक्ट्रेस गाने में जबरदस्त डांस करती नजर आ रही हैं. मोनालिसा और पवन सिंह की केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है. इस सॉन्ग को यूट्यूब पर अब तक 2 करोड़ से अधिक लोग देख चुके हैं. कमेंट कर फैन्स गाने की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

इस गाने को पवन सिंह और हनी बी ने गाया है. ‘गोर करिया’ के बोल मनोज मतालबी द्वारा लिखे गए हैं. इसका म्यूजिक छोटे बाबा ने दिया है. यह गाना भोजपुरी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सरकार राज’ का है. फिल्म में पवन सिंह, मोनालिसा, रानी चटर्जी, अक्षरा सिंह, काजल राघवानी मुख्य भूमिकाओं में हैं. बता दें कि मोनालिसा और पवन सिंह के गाने यूट्यूब पर काफी पसंद किए जाते हैं. दोनों कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं.

मोनालिसा भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे फेमस एक्ट्रेस में से एक है. मोनालिसा ‘सुहाग’, ‘दुल्हन चाही पाकिस्तान से 2’, ‘रंग दे प्यार के रंग में’, ‘हो गई और ‘दीवाना तोहरा प्यार में जैसी सुपहिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं. मोनालिसा हिंदी के अलावा बंगाली, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा की फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं.

मोनालिसा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. वह लेटेस्ट फोटो और मजेदार टिक टॉक वीडियो बनाकर फैन्स के साथ शेयर करती रहती हैं. एक्ट्रेस का ये खास अंदाज उनके फैन्स को बेहद पसंद आता है. मोनालिसा के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या 3 मिलियन से अधिक है.

कोरोना वॉरियर्स को सेना का सलाम, दिल्ली-महाराष्ट्र में उड़े सुखोई फाइटर जेट, कई राज्यों में अस्पतालों के ऊपर फूलों की बारिश

कोरोना वॉरियर्स को सम्मान देने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में फूलों की बारिश की गई. दिल्ली और मुंबई में आसमान में सुखोई फाइटर जेट उड़े और कोरोना वॉरियर्स का हौसला बढ़ाया. दिल्ली में सुपर हरक्यूलिस ने भी सलामी दी. लेह में चिनूक हेलिकॉप्टर ने फूल बरसाए.

सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को इस बाबत घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि सेना के तीनों सेवाएं कोरोना योद्धाओ का धन्यवाद करेगी. रावत ने आज कहा,” दिल्ली के अलावा, भारतीय वायुसेना मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, पटना, लखनऊ, श्रीनगर, चंडीगढ़, भोपाल, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोयंबटूर और तिरुवनंतपुरम समेत कई अन्य शहरों में भी फ्लाई पास्ट कर रही है. भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज कर रहे अस्पतालों के ऊपर भी उड़ान भर रहे हैं और कोरोना योद्धाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए फूलों की बरसात कर रहे हैं.”

 

कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे लाखों चिकित्सकों, पराचिकित्सकों, सफाईकर्मी और अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने के राष्ट्रव्यापी अभ्यास के तहत सैन्य विमानों के एक जत्थे ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के ऊपर भव्य फ्लाई पास्ट किया. सैन्य विमानों के इन जत्थों में शामिल सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29 और जैगुआर ने दिल्ली के केंद्र में स्थित मुख्य मार्ग, राजपथ के ऊपर उड़ान भरी और फिर सुबह करीब 11 बजे से अगले 30 मिनट तक शहर के ऊपर चक्कर लगाया. मुख्य परिवहन विमान सी-130 ने भी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अलग से फ्लाई पास्ट किया. हवाई सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विमान ने करीब 500 से 1,000 मीटर तक की ऊंचाई पर ही उड़ान भरी.

कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज करने और उनकी देखभाल के अग्रिम मोर्च पर खड़े स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य को भारतीय सशस्त्र बलों ने महाराष्ट्र और बेंगलुरु में पुष्पवर्षा कर सलाम किया. भारतीय वायुसेना के एक विमान ने सरकारी जेजे अस्पताल, केईएम अस्पताल और कस्तूरबा अस्पताल पर फूलों की बारिश की. इन अस्पतालों में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है.भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने भी अपने-अपने चेतक हेलीकॉप्टरों के जरिए जेजे अस्पताल और नौसेना मेडिकल अस्पताल अश्विनी पर फूल बरसाए. सुखोई-30 विमान मरीन ड्राइव पर से गुजरे और राजभवन के ऊपर से फ्लाई पास्ट किया.

बेंगलुरू में, वायुसेना के एमआई-17 होलीकॉप्टर ने कोविड-19 के लिए निर्धारित अस्पताल विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों पर पुष्प वर्षा की. अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे कर्मियों ने तालियां बजा कर इस सम्मान को स्वीकार किया. उनमें से कई ने तो तस्वीरें भी लीं.

सेना के एक हेलीकॉप्टर ने रविवार को ऋषिकेश और देहरादून में कोविड-19 का इलाज कर रहे दो बड़े अस्पतालों में मौजूद कोरोना योद्धाओं पर पुष्पवर्षा की. पहले करीब साढे दस बजे हेलीकॉप्टर ने ऋषिकेश एम्स में खड़े दर्जनों चिकित्सकों, पैरामेडिकल और अन्य स्टॉफ सदस्यों पर फूल बरसाकर देश की ओर से उनका आभार व्यक्त किया. उसके बाद यह हेलीकॉप्टर दून मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ऊपर पहुंचा और कोरोना योद्धाओं पर फूलों की बारिश की.

जवानों ने मथुरा के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचकर चिकित्सा अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ का स्वागत और अभिनंदन किया. इस मौके पर कर्नल भनोट ने कहा कि भारतीय सेना सभी स्वास्थ्यकर्मियों का अभिनंदन करती है. हम इस बात के लिए आभार जताते हैं कि स्वास्थ्यकर्मी लोगों की और उनके परिवार की सलामती के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात अथक प्रयास कर रहे हैं.

कोविड-19 महामारी के खिलाफ स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता के सम्मान में भारतीय नौसेना के एक हेलीकॉप्टर ने गोवा में रविवार को दो चिकित्सा संस्थानों पर फूल बरसाए. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि नौसेना के इस कदम से स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्द्धन होगा. हेलीकॉप्टर ने उत्तर गोवा में बाम्बोलिम में गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के भवन पर और दक्षिण गोवा के मारगांव में कोविड-19 अस्पताल पर फूल बरसाए.
कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में लगे स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य को धन्यवाद देने के लिए रविवार को भारतीय वायुसेना के विमान ने अहमदाबाद में अस्पतालों पर पुष्पवर्षा की और गांधीनगर स्थित गुजरात विधानसभा के ऊपर से उड़ान भरी.

भारतीय वायुसेना के एक हेलीकाप्टर ने अहमदाबाद स्थित सिविल अस्पताल और नगर निगम संचालित सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल पर पुष्पवर्षा की जहां कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है. वायुसेना के हेलीकाप्टर ने ऐसा इस गंभीर बीमारी से मुकाबले में लगे कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार जताने के लिए किया. एक रक्षा विज्ञप्ति में कहा गया कि वायुसेना बैंड के कर्मी दोनों अस्पतालों में पहुंचे और ‘‘सारे जहां से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा’’ की धुन बजायी.

वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने कोविड-19 योद्धाओँ के सम्मान में रविवार को कोलकाता के दो अस्पतालों पर फूल बरसाए. एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने बैरकपुर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी और न्यू टॉउन में चितरंजन राष्ट्रीय कैंसर संस्थान तथा अलीपुर में कमांड अस्पताल पर पुष्प बरसाए.

भारतीय वायु सेना के एक हेलीकॉप्टर ने रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ऊपर फूलों के पंखुड़ियों की वर्षा की और यहां कोरोना योद्धाओं का आभार जताया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र बलों ने देश भर में कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए लड़ रहे चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वच्छता कर्मचारियों और अन्य लोगों का सम्मान करने का फैसला किया था.

लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा-‘छोटे भाई टोटल कन्यूजिया गए हैं’

देश में कोरोना वायरस (Coronavirus ) महामारी के प्रवासी मज़दूरों को लेकर जमकर राजनीति हो रही है. दूसरे राज्यों में फंसे बिहार के लोगों को वापस लाने में नाकाम साबित हो रही नीतीश सरकार पर विपक्ष हमलवार है. लेकिन इन सब के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ( Lalu Prasad Yadav) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर अपने अंदाज में निशाना साधा है. लालू के मुताबिक, नीतीश असमंजस में हैं.

दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को ट्रेन से उनके गृहराज्य भेजने की अनुमति दिए जाने के बाद लालू प्रसाद के ट्विटर हैंडल पर शुक्रवार को लिखा गया, “तालाबंदी 2. 0 शुरू होने पर आज से 16 रोज पहले ही विपक्ष ने सरकार से ट्रेन चलाने की मांग थी, लेकिन छोटे भाई ‘टोटल कन्यूजिया’ गए हैं. ना वेंटिलेटर, ना बस, ना रेल, उनका बेमल जोड़तोड़ का रेलमपेल.”

वैसे यह कोई पहला मौक़ा नहीं है लालू ने गुरुवार को भी कबीर के एक दोहे के जरिए नीतीश पर निशाना साध था. चारा घोटाले के कई मामले में सजा काट रहे लालू फिलहाल खराब स्वास्थ्य के कारण रांची के रिम्स में भर्ती हैं. लालू के साथ-साथ  तेजस्वी यादव भी देश एक अन्य हिस्सों में  फंसे मजदूरों को वापस लाने को लेकर नीतीश सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं.

Lockdown 3: 4 मई से खुलेंगी शराब की दुकानें, नियमों का पालन होगा ज़रूरी

कोरोना वायरस (Coronavirus) के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने लॉकडाउन (Lockdown) की अवधि 17 मई तक बढ़ा दी है. हालांकि इस बार बढ़ाए गए लॉकडाउन में कई रियायतें भी दी गई है. इनमें शराब की बिक्री को भी मंजूरी दी गई है.

लॉकडाउन के दौरान  (ग्रीन-ऑरेंज-जोन) में शराब की बिक्री की अनुमति दी गई है. इसके साथ ही पान मसाला, गुटखा और तम्बाकू को बेचने की इजाजत भी दी गई है. हालांकि सिर्फ कंटेनमेंट जोन में ही शराब की बिक्री पर पाबंदी रहेगी. वहीं शराब की बिक्री सिर्फ एकल दुकानों पर ही की जा सकेगी. साथ ही दुकानें और प्रतिष्ठान अधिनियम के तहत ऐसी दुकानें पंजीकृत होनी चाहिए. शराब की बिक्री मॉल्स में नहीं की जा सकेगी.

ऐसे में शराब-पान मसाले की बिक्री करने वाले दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराना होगा. साथ ही यह भी ध्यान रखना होगा कि एक वक्त में दुकान पर पांच से ज्यादा लोग न हों. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 25 मार्च से 14 अप्रैल तक  21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. हालाँकि बाद में इसे 19 दिन बढ़ाकर 15 अप्रैल से 3 मई कर दिया गया.

 

Lockdown 3 : प्रवासियों के लिए चलेंगी Special Train, रेलवे ने की अपील- आम लोग स्टेशन न आएं

कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन (Lockdown) को   बढ़ाकर 17 मई तक के लिए कर दिया गया है. कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने ये फैसला लिया है. इस बीच लॉकडाउन में कई राज्यों के प्रवासी मजदूर दूसरे राज्यों में फंसे हैं, जिन्हें उनके गृह राज्य पहुंचाने के लिए मोदी सरकार ने स्पेशल ट्रेनों को चलाने की इजाजत भी दे दी है.

लॉकडाउन के बीच स्पेशल ट्रेन (Special) चलाए जाने की अनुमति के बाद रेलवे ने लोगों से अपील की है. रेलवे ने कहा, मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि कृपया जनता को स्पष्ट करें कि ये स्पेशल ट्रेनें राज्य सरकार द्वारा पहचान किए गए और पंजीकृत लोगों के लिए चलाई जा रही हैं. इन लोगों के अलावा किसी भी परिस्थिति में अन्य लोगों को ट्रेन की तलाश में रेलवे स्टेशन नहीं आना चाहिए.

रेलवे ने आगे कहा, ऐसे में हम किसी शख्स को टिकट जारी नहीं करेंगे. किसी व्यक्ति या समूह के अनुरोध पर भी हम ऐसा नहीं करेंगे. हम केवल उन्हीं यात्रियों को ट्रेन पकड़ने की अनुमति देंगे, जिन्हें राज्य सरकार के अधिकारी रेलवे स्टेशनों पर लाएंगे. राज्य सरकार अंतिम प्राधिकार है जो यह फैसला करेगी कि हमारी ट्रेनों में कौन यात्रा करेगा.

वहीं, लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के बाद रेलवे ने सभी पैसेजर ट्रेनों को रद्द कर सेवाओं को 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया है. रेलवे ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई के तहत ये तय किया गया है कि सभी यात्री रेलगाड़ियां 17 मई तक रद्द रहेंगी. हालांकि, इस बीच लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूर, तीर्थयात्री, पर्यटक और छात्रों के आने जाने के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. वहीं, माल ढुलाई और पार्सल ट्रेन का परिचालन  जारी रहेगा.

Coronavirus Outbreak : Mumbai से अपने गांव जाना चाहते हैं तो ये ख़बर आपके लिए है

1 मई को महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government)  द्वारा जारी हुई अधिसूचना के बाद मुंबई पुलिस (Mumbai Police ) के जोनल डीसीपी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जो मुंबई शहर में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों , श्रद्धालुओं, टूरिस्ट, छात्रों को उनके राज्यों में जाने के लिए मदद करेंगे. मुंबई शहर में मुंबई पुलिस के रिहायसी इलाको के 12 जोन है. हर ज़ोन का डीसीपी एक नोडल अधिकारी है जो मुंबई से दूसरे राज्यो में जाने के लिए जरूरी मददगार होगा.

मुंबई पुलिस के हर पुलिस स्टेशन में एक अप्लीकेशन फॉर्म उपलब्ध है जिसे भरकर यह आवेदन पत्र जोन के डीसीपी के पास जाएगा. इस आवेदन पत्र में

1) नाम, आधार नंबर जानकारी , मोबाइल नंबर और पता.

2) अपने ट्रांसपोर्ट की जानकारी (जिस वाहन से जाना हो.)

3) रजिस्टर्ड डॉक्टर से प्राप्त किया गया मेडिकल सर्टिफिकेट जिसमें इस बात का जिक्र हो कि यात्री को इन्फ्लूएंजा जैसा कोई लक्षण नहीं है .

यह आवेदन पत्र यात्री को उसके इलाके के पुलिस स्टेशन में ही मिलेगा और आवेदन पत्र भरकर उसी पुलिस स्टेशन में जमा कर सकते हैं आवेदन पत्र जमा करने के लिए जोनल डीसीपी के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है . जोन के डीसीपी आवेदन पत्र की जांच करने के बाद उचित इजाजत देने का निर्णय लेंगे .

नियम और शर्त

1. कोई भी वह व्यक्ति यात्रा नहीं कर सकता यदि उसने रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर (डॉक्टर) द्वारा प्री मेडिकल स्क्रीनिंग नहीं कराया है.

2. कोई भी वाहन स्वीकृत क्षमता से अधिक यात्री नहीं ले जाएगा .

3. सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन हर समय और हर जगह किया जाएगा .

4. कोई भी वाहन बिना वाहन को सेनेटाइज कराए यात्रा प्रारंभ नही करेगा.

5. कोई भी व्यक्ति एक से अधिक समूह के लिए आवेदन नहीं भरेगा, ऐसा करने पर उसका आवेदन खारिज किया जाएगा.

6. दिए गए नियमों व शर्तों का उल्लंघन होने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी .

COVID 19: Maharashtra में एक दिन में आए सबसे अधिक मामले, Delhi में 3738 हुई संक्रमितों की संख्या

महाराष्ट्र (Maharashtra) में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के सबसे अधिक 1,008 मामले सामने आए हैं. वहीं दिल्ली (Delhi) में आज 223 नए मामले आए. इसी के साथ राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3738 हो गई है. इनमें से 61 लोगों की मौत हुई है और 1167 मरीज ठीक हो चुके हैं.

महाराष्ट्र में 1,008 नए मामले आने के साथ ही राज्य में COVID-19 से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,506 हो गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग (Health Department) ने कहा कि शुक्रवार को 26 लोगों की मौत हुई और 106 लोगों को छुट्टी दे दी गई. राज्य में मृतकों की संख्या 485 हो गई है. छुट्टी पा चुके लोगों की तादाद 1,879 है.

राज्य में कुल 153125 टेस्ट किये गए हैं. 163026 लोगों को होम क्वॉरंटाइन किया गया है और 11506 लोगों को इंस्टिट्यूशनल क्वॉरंटाइन किया गया है.

केवल मुंबई (Mumbai) की बात करें तो बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के मुताबिक, 751 नए लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है. रोजाना सामने आने वाले मामलों में यह सर्वाधिक है. शहर में अब तक संक्रमण के कुल 7,625 मामले सामने आ चुके हैं.

देश में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र ही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 35365 है. इनमें से 1152 लोगों की मौत हुई है और 9065 लोग ठीक हुए हैं.